Showing posts with label North India. Show all posts
Showing posts with label North India. Show all posts

Saturday, 25 February 2017

Gananath,Almora

            जागेश्वर दर्शन के बाद अब चलते हैं भोले भंडारी के दूसरे धाम। जी हाँ अब चल रहे हैं गणनाथ मंदिर में दर्शन के लिये। अल्मोड़ा से पचास किलोमीटर दूर कोतवाल गाँव का ये मंदिर एक गुफा के अंदर बना हुआ है। यहाँ तक जाने के लिये उतनी अधिक सुविधा नहीं होने के कारण ये जगह बहुत हद तक अनछुई है मतलब सामान्य भाषा में बोला जाये तो हिडन है अभी तक। हम लोगों का परिचय भी इस जगह से इसलिये है क्योंकि ये हमारे गाँव का मंदिर है और  कभी कभार पूजा पाठ के लिये हम यहाँ जाया करते हैं। वैसे ये कभी कभार बहुत नगण्य ही है क्योंकि अपनी याद में, मैं यहाँ सिर्फ दो बार गयी हूँ।

Friday, 24 February 2017

Jageshwar Temple, Almora

               शिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ के मंदिरों का ध्यान आना स्वाभाविक है और यही मेरे साथ भी हो रहा है। रह रह कर अपने द्वारा देखे गये कुछ मंदिरो की बरबस याद आ रही है, तो कुछ देर पुराने फोटो देखने में व्यस्त हो गयी। अब जब लैपटॉप खुल ही गया है तो सोच रही हूँ अपने साथ साथ आप सभी को भी इस पावन अवसर पर जागेश्वर के दर्शन करा दूँ। तो चल पड़ते हैं इस छोटी सी पोस्ट के माध्यम से शिव जी के पास। अभी पिछले बरस घर मई में घर जाना हुआ तो जोगेश्वर भी गये। दस मई २०१६ को घर पहुंचे,उसी दिन भाई भी रानीखेत से आ गया। हमारी इस  ट्रिप का मुख्य उद्देश्य जागेश्वर जाना ही था क्योंकि किसी पंडित ने वहाँ पर कालसर्प योग के निवारण की पूजा करवाने को कहा था। इस तरह से ११ मई २०१६ की सुबह हम तैयार हो कर जागेश्वर चल पड़े।
         अल्मोड़ा से चौतीस किलोमीटर दूर इस धाम को भगवान् शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि देवदार के घने जंगलों में भोलेनाथ नागेश्वर के रूप में विराजमान है। जागेश्वर जाने के लिये हम अपने घर से लक्ष्मेश्वर की तरफ आगे बढे। यहाँ पर बाई पास में डाइवर्जन मिलता है। नीचे को जाने वाली रोड रानीखेत पहुंचाती है और दूसरी रोड जिसे अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ रोड कहा जाता है हम उस रोड पर आगे बढ़ गये। करीब तीस किलोमीटर तक जाने के बाद हम आरतोला नाम की जगह पहुँच गये। अब बस महादेव हमसे ज्यादा दूर नहीं थे। यहाँ पर फिर से एक डाइवर्जन मिला और हम अपनी मंजिल की और नीचे जाने वाली सड़क पर आगे बढ़ गये। अगर सीधे सीधे आगे बढ़ जाते तो हम पनुवनौला पहुँच जाते। खैर हम तो जागेश्वर जा रहे थे ओर वहीँ जाने वाली सड़क में आगे बढ़ रहे थे। ये रोड पहले जितनी अच्छी तो नहीं थी लेकिन किसी भी एंगल से बुरी भी नहीं थी मतलब सड़क के दोनों तरफ देवदार के जंगल नजर आ रहे थे। सच में बहुत आनन्ददायक द्रश्य था। रुकने का बहुत मन था लेकिन अभी हमारा उद्देश्य पहले कालसर्प योग का निवारण करवाना था तो हम आगे बढ़ गये। अब तक मौसम में ठंडक आ गयी थी, इसका कारण आस पास में देवदार के जंगल का होना था।
               वैसे मई के महीने के महीने में ठंडक कहना उचित नहीं लग रहा, मौसम सुहावना हो रहा था कहूँ तो ज्यादा अच्छा लगेगा। तो इस सुहावने मौसम के मजे लेते हुये हम मंदिर परिसर के पास पहुँच गये। इससे पहले जब भी हम जागेश्वर आये थे तो यहाँ पंडितों की थोड़ा मनमानी सी चलती थी लेकिन अब थोड़ा व्यवस्था में सुधार हो गया है। अब मंदिर के गेट के समीप जिसे जिस प्रकार की पूजा करानी हो उसकी पर्ची कटवा देते हैं और पूजा अर्चना के बाद पंडितों को कुछ देना आवश्यक नहीं है। यदि आप देना चाहें तो कोई हर्ज नहीं हुआ,अपनी अपनी श्रद्धा के हिसाब से दे सकते हैं कोई मना नहीं करेगा। अपनी पर्ची कटवा के हम सर्वप्रथम दर्शन के लिये पंक्ति में लग गये और उसके बाद पूजा अर्चना के लिये मंदिर चल पड़े। मंदिर जाने के कर्म में सबसे पहले महामृत्युंजय के दर्शन करे, वहीँ पर पंडित जी ने पाठ कराया, इसके बाद चाँदी का नाग नागिन का जोड़ा दे कर कहा इसे गंगा में प्रवाहित कर देना। अब मैं सोच में पद गयी कि इतनी जल्दी हम हरिद्वार कैसे जा पायेंगे पर उसी समय उन्होंने शंका का निवारण कर दिया नीचे जटा गंगा में जा कर प्रवाहित कर आओ, जल्दी से पंडित जी ने वहाँ  जा के आने को बोला और इसीके साथ हिदायत दे डाली कि प्रवाहित करने के बाद ना वहाँ रुकना और ना ही पीछे पलट कर देखना। इतने को पूजा पाठ के मामले में हम भी थोड़ा डरपोक ही हुये  झट गये और पट वापस आ गये। महाम्रत्युन्जय मंदिर के बारे में ये माना जाता है कि इसे आजादी गुरु शंकराचार्य ने कीलित कर रखा है, इस वजह से यहाँ यदि कोई किसी के बुरे के लिये कामना करे तो वो फलीफूत नहीं होती। इसके बाद पंडित जी ने कर्म से नागेश्वर के दर्शन कराये फिर मंदिर समूह का चक्कर लगा कर हम चल पड़े वापस घर।
जागेश्वर मन्दिर दर्शन के समय के कुछ  द्रश्य-

देवदार के पेड़ों के मध्य मंदिर समूह। 

ॐ नागेश्वराय नमः। 

महामर्त्युन्ज्य, ये ही सबके तारणहार हैं। 
यही है जटा गँगा। 
पतित पावनी गँगा और पार्श्व में धन के देवता कुबेर का मंदिर। 

देवदार के जंगल। 
पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित दंडेश्वर मंदिर। 

मंदिर के बाहर लगी दुकाने। 

Tuesday, 26 April 2016

Crank Ridge,Almora

             क्रैंक रिज, जी हाँ सही सुना ना ना, सही पढ़ा आपने। आज आपको ले चलते हैं यहाँ की सैर पर। चल तो पड़े लेकिन ये तो पता होना जरुरी है कि ये जगह है कहाँ। इस मुश्किल को हल किये देते हैं ये बता के कि उत्तराखंड में ही है ये क्रैंक रिज। अब आप सोच रहे होंगे कहाँ हो सकती हैं ये जगह, उत्तराखंड जैसे राज्य जिसे देवभूमि कहा जाता है उसके किसी दर्शनीय स्थल के लिए ये नाम कुछ अजीब सा लग रहा है ना। अब सबसे पहले दिमाग में जो नाम आ रहा होगा वो नैनीताल का होगा। थोड़ा अंग्रेजो के समय से बसा हुआ शहर है और वहां इस तरफ के काफी नाम भी है जैसे स्टोन ले, कैन्टन लॉज। पर ये क्रैंक रिज नैनीताल में ना हो कर अल्मोड़ा में हैं। सुन के आश्चर्य हो रहा होगा उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी और मंदिरों के गढ़ के रूप में विख्यात अल्मोड़ा में कोई इस तरह के नाम वाली जगह भी हो सकती है। ये अल्मोड़ा की एक छुपी हुए डेस्टिनेशन है जिसे कम लोग ही जानते हैं और अगर जानते भी हो तो दूसरे रूप में जानते हैं। इस जगह को एक और नाम से भी जाना जाता है और वो नाम है हिप्पी हिल।

Sunday, 24 April 2016

Kasar Devi,Almora

       अल्मोड़ा को मंदिरों के साथ-साथ उसकी संकरी सी मालरोड और उनमे फर्राटेदार गति से चलते वाहनों से भी जाना जाता है। कोई बाहर से आने वाला मुसाफिर इस बात का अनुमान भी नहीं लगा सकता कि इतने छोटे से स्टेशन और भीड़ भाग वाली सड़कों के शहर अल्मोड़ा में प्रकृति के कई खजाने भी छुपे हुए हैं। इस श्रृंखला में मैं आपको अल्मोड़ा के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करा रही हूँ। पिछली पोस्ट में आपने गोलू देवता के दर्शन करे  और अब इस पोस्ट में हम लोग अपना रुख करते हैं कसार देवी मंदिर की तरफ। ये जगह धार्मिक महत्व की होने के साथ साथ अल्मोड़ा निवासियों के लिए एक बहुत बड़े पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विख्यात है। यहाँ पर आपको हर तरह के लोग दिख जायेंगे। कोई भगवान की आस्था में लीन होंगे तो कोई प्राकृतिक नजारों को देखने में। प्रेमी युगलों के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं, यहाँ के शांत वातारण में बैठकर वो एक दूसरे के साथ समय व्यतीत कर सकते हैं और शहर से दूर होने के कारण उन्हें पहचाने जाने का खतरा भी नही रहता है। इसके अतिरिक्त  एक बहुत ही महत्वपूर्ण कारण है इस जगह की प्रसिद्धि का। अब रास्ते पर निकल ही पड़े हैं तो धीरे धीरे कारण भी पता लग ही जायेगा। 
कसार देवी 

Monday, 18 April 2016

घंटियों और चिट्ठियों के लिए प्रसिद्ध मंदिर की झलकियाँ

             अल्मोड़ा में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो गोलू देवता  के दरबार चितई ना गया हो। गर्मियों की छुट्टी में दूर दराज से आने वाले लोग भी किसी तरह समय निकाल कर यहाँ अवश्य ही जाते हैं। ऐसे में अगर किसी लोकल बन्दे से पूछा जाये कि यहाँ देखने जैसा क्या है तो उसका जवाब चितई मंदिर ही होगा,बहुत मान्यता है इस मन्दिर की। यहाँ आस पास में चीड़ के घने जंगल भी मिल जाते हैं और मौसम अगर खुशनुमा हो तो हिमालय के दर्शन भी हो जाते हैं।
मंदिर के पास  दिखता हिमालय 

Tuesday, 12 April 2016

Almora:An Introduction

            उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में रचा बसा अल्मोड़ा शहर उन गिनी चुनी जगहों में से एक है जो कि अंग्रेज शासकों के द्वारा नहीं बल्कि उनके आगमन के बहुत पहले से बसाया गया है। जितना पुराना इस जगह का इतिहास है, उतनी ही समृद्ध यहाँ की संस्कृति है। इस कारण इस शहर की प्रसिद्धि सांस्कृतिक नगरी के रूप में भी है। यहाँ की संस्कृति यहाँ के त्योहारों, उत्सवों और यहाँ के मंदिरों के स्थापत्य में खूब झलकती है। यहाँ पर स्थित मंदिरों की संख्या को देखते हुए अगर इसे मंदिरों का गढ़ नाम दिया जाये तो कुछ गलत ना होगा।
अल्मोड़ा की एक सुबह 
         मंदिरों के आधिपत्य के साथ साथ यहाँ प्राकृतिक दृश्यों की भी बहुतायत है। अल्मोड़ा आते समय जहाँ से कोसी नदी साथ निभाना प्रारम्भ करती है, वहां से बाहर देखते हुए अल्मोड़ा कब पहुंचे पता ही नहीं लगता। लंबे लंबे सर्पिलाकार मोड़ों को पार करते हुए पता ही नहीं लगता कि अगले पल आपके सामने क्या आने वाला है। थोडी देर पहले तक जहाँ आपका साथ चीड़ के घने पेड़ निभा रहे होते हैं,वहीँ पलक झपकते ही देवदार के जंगल सामने आ जाते हैं।  अल्मोड़ा में ऐसा कहा जाता है कि अंग्रेज चीड़ के पेड़ों को पहाड़ों की बर्बादी के लिए लगा गए। कुछ हद ये बात सही भी लगती है क्योंकि चीड़ के पेड़ जहाँ पर हो वहां पर दूर दूर तक कोई दूसरा पेड़ या घास नहीं उपजती है। ऐसा इस कारण होता है कि चीड़ जमीन का सारा पानी सोख लेता है और जमीन बंजर होने लगती है, वहीँ दूसरी और देवदार के जंगल बहुत हरे भरे रहते हैं । विभिन्न प्रकार के छोटे पेड़ देवदार की छाया तले पलते हैं।  खैर इस बात की मुझे बहुत पुख्ता जानकारी नहीं है। रास्ते में हरे भरे नज़ारे दिखते रहे तो अच्छा ही लगता अब चाहें चीड़ हो या देवदार। 
कोसी नदी का साथ 
पहुँच गए अल्मोड़ा 
           समुद्र तल से सौलह सौ बयालीस मीटर की ऊंचाई पर होने के कारण यहाँ का मौसम साल भर मनभावन बना रहता है,यानिकी यहाँ साल भर आया जा सकता है। यहाँ के आने के लिए गर्मियों में अप्रैल से जून तक का और अक्टूबर में दशहरा महोत्सव का समय उपयुक्त रहता है। स्नोफॉल के दिवानों के लिए दिसंबर और जनवरी भी बढ़िया रहते हैं किन्तु उस समय पर्याप्त गर्म कपड़ो की आवश्यकता रहती है। मुख्य शहर में अगर बर्फवारी ना भी हो तो ऊंचाई वाली जगहें जैसे कसार देवी या फिर बिनसर पर्यटकों को निराश नहीं करते हैं।
            अल्मोड़ा सड़क मार्ग के द्वारा सभी जगहों से भलीभांति जुड़ा हुआ है। यहाँ का निकटवर्ती रेलवे स्टेशन काठगोदाम और और एअरपोर्ट पंतनगर है। काठगोदाम स्टेशन में दिल्ली, लखनऊ ,बरेली सभी जगहों से ट्रेन आती रहती हैं। दिल्ली से आने वाली ट्रेन संपर्क क्रांति,शताब्दी एक्सप्रेस और रानीखेत एक्सप्रेस हैं । संपर्क क्रांति और शताब्दी में तो टिकट मिल जाता है पर रानीखेत एक्सप्रेस के लिए काफी पहले से तैनाती रखनी होती हैं । अगर ट्रेन विकल्प ना हो तो दिल्ली से अल्मोड़ा, हल्द्वानी के लिए लगातार बस चलती रहती हैं। हल्द्वानी /काठगोदाम पहुँचने के बाद अल्मोड़ा जाने के लिए सरकारी बस या शेयर टेक्सी कर सकते हैं जो कि करीब तीन से चार घंटे का समय लेती हैं। एक बार शेयर टेक्सी में बैठ गए तो भवाली के पास से जो ठंडी हवा के झोंके आते हैं वो सफर की थकान गायब कर देते हैं। इसके बाद रास्ते में पड़ता है कैंची धाम,वहां पर अगर गाडी रुके तो मंदिर जाने के साथ साथ मूंग के पकोड़े और ब्रेड  पकोड़े खाना ना भूले। यहाँ से तो अल्मोड़ा थोडा ही रह जाता है और पलक झपकते ही आप पहुँच जाते हो। पहुँचने से थोडा पहले आपका स्वागत करता है एक बोर्ड जिस पर अंकित रहता है सांस्कृतिक नागरी अल्मोड़ा आपका स्वागत करती है।
             पहुँच तो गए, अब बड़ी समस्या ये है कि क्या देखा जाये,चलिए ये भी हल कर देते हैं। अब आपको ले चलते हैं अल्मोड़ा के प्रमुख दर्शनीय स्थलों की जानकारी के लिए-
चितई गोलू देवता- अल्मोड़ा का जिक्र हो और यहाँ के न्याय के देवता का जिक्र ना हो ये तो असम्भव ही है। शहर से चौदह किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस मंदिर की प्रसिद्धि दूर दूर तक फैली हुयी है ।यहाँ लोग चिट्ठियों के रूप में अर्जी लगाते हैं और मनोकामना पूर्ण होने पर घंटियां लगवाते हैं। अगर मौसम साथ दे तो यहाँ से हिमालय के मनोहारी दृश्य देखने को मिलते हैं। यहाँ पर पास से वन विहार भी स्थित है।

कसार देवी- दूसरी शताब्दी में बना यह मंदिर कसार नाम के गांव में स्थित है। यहाँ से अल्मोड़ा शहर के विहंगम दृश्य दिखाई देने के कारण ये आस्था का प्रतीक होने के साथ साथ एक पिकनिक स्पॉट के रूप में भी जाना जाता है।  
कसार  देवी का पैदल रास्ता। 
डोली डाना मंदिर-  इस मंदिर तक ब्राइट एन्ड कार्नर से जाया जा सकता है। 
स्याही देवी-अल्मोड़ा की पश्चिमी दिशा में शीतलाखेत  गाँव की चोटी पर बसा ये  श्यामा देवी का ये मंदिर  अति पौराणिक है। घने जंगल में होने के कारण यहाँ से शाम होने से पहले वापस आना उचित रहता है। 
बानडी देवी-गहन वनों के बीच बना ये मंदिर लमगड़ा गांव को जाने के रस्ते में पड़ता है। यहाँ जाने के लिए भी पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। 
          ऐसा माना जाता है कि अल्मोड़ा शहर इस इस प्रकार से बसा की  इसके चारो कौने की चार पहाड़ियों पर चार देवियों का वास है। उत्तर दिशा में कसार देवी ,दक्षिण में बानडी देवी, पश्चिम में स्याही देवी और पूर्व दिशा में डोली डाना विराजती हैं। 
कटारमल सूर्य मंदिर-कोसी के पास में कटारमल नाम के गांव में प्रसिद्ध सूर्य मंदिर है, कहने वाले ऐसा कहते हैं कि यहाँ पर कोणार्क के सूर्य मंदिर की झलक दिखती है। 
कटारमल सूर्य मंदिर 
गणनाथ मंदिर -ताकुला नामक जगह पर स्थित ये शिव मंदिर एक गुफानुमा जगह पर है। यहाँ प्राकृतिक रूप से शिवलिंग पर पानी गिरता है।
गणनाथ मंदिर 
ब्राइट एन्ड कार्नर-  माल रोड पर स्थित  जगह इस जगह से सूर्यास्त के  दृश्य  दिखाई पड़ते हैं। यहाँ पर पास में ही कैंट कैफेटेरिया है जहाँ पर बैठकर हलके फुल्के नाश्ते की साथ मनोहारी दृश्यों का आनंद लिया जा सकता है। 
ब्राइट एन्ड 
कैफेटेरिया 
जागेश्वर मंदिर समूह-जागेश्वर मंदिर या यूँ कहा जाये एक सौ आठ छोटे बड़े मंदिरों का समूह जिसे द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है अल्मोड़ा से करीबन चालीस किलोमीटर की दूरी पर है।  यहाँ से एक और मंदिर झाकर सेन भी जाया सा सकता है। 
ऑन दी वे तो जागेश्वर 
बिनसर वाइल्ड लाइफ- अल्मोड़ा से तीस किलोमीटर की दूरी इस जगह से तो लगभग सभी लोग परिचित ही होंगे। गजब की हिमालय श्रृंखला दिखती है यहाँ से। 
बिनसर के जंगल 
खूंट गांव- गोविंद बल्लभ पंत जी की जन्मस्थली है ये सुन्दर का गांव। इस जगह की अल्मोड़ा से दूरी तीस किलोमीटर की है। इस जगह पर स्याही देवी जाते समय जाया जा सकता है।  
             अंग्रेजो द्वारा बसाया गया पर्वतीय शहर रानीखेत भी अल्मोड़ा जिले के अंतर्गत ही आता है। ये अल्मोड़ा से करीब चालीस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहाँ भी सुबह जा कर शाम तक वापस आया जा सकता है। थोडा और भ्रमण की इच्छा हो तो अट्ठावन किलोमीटर दूर कौसानी या फिर बासठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित झीलों की नगरी नैनीताल का रुख किया जा सकता है। अरे हाँ अगर मन में इच्छा भारत नेपाल के बॉर्डर तक जाने की हो तो करीब एक सौ पचास किलोमीटर दूर पिथौरागढ़ भी जाया जा सकता है और रास्ते में प्रसिद्ध गुफा महादेव यानिकी पाताल भुवनेश्वर और गंगोलीहाट में हाट कालिका के दर्शन भी करे जा सकते हैं। ये तो था अल्मोड़ा की भव्यता का एक सूक्ष्म परिचय, अगली पोस्ट से चलते हैं यहाँ के दर्शनीय स्थलों की सैर पर ।
अल्मोड़ा की अन्य पोस्ट-
Almora:An Introduction
घंटियों और चिट्ठियों के लिए प्रसिद्ध मंदिर की झलकियाँ
Kasar Devi,Almora
Crank Ridge,Almora
Jageshwar Temple, Almora
Gananath,Almora

Thursday, 17 March 2016

Solang Valley,Manali

            समय कितना गतिमान है इस बात का अनुभव गुलाबा में बहुत अच्छे से हुआ। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि अभी अभी तो पहुंचे ही थे और इतनी जल्दी  वापस जाने का समय भी हो गया। मन ये कह रहा था  कि अभी तो इन नजारों को नजर भर के देखा तक नहीं, इतनी जल्दी कैसे वापस हो जाएँ। लेकिन वक्त के आगे आजतक बड़े बड़ों की ना चली और विद्वानो का कथन है कि दिल और दिमाग के मुकाबले में हमेशा दिमाग की सुननी चाहिए, इसलिए भारी मन के साथ इन दृश्यों को अपनी यादों में बसाकर हम सड़क की तरफ उतरने लगे। चढ़ने के मुकाबले उतरने में ज्यादा समय लग रहा था, शायद जाते समय पहुँचने की जल्दी रही हो। मजे की बात ये थी कि अभी भी जहाँ भी देखो हर तरफ कुछ नयापन सा लग रहा था। 
एक झलक गुलाबा से। 

Thursday, 10 March 2016

Gulaba Snow Point,Manali

               वैसे तो मनाली शहर हिमनगरी ही है पर यहाँ का प्रसिद्ध रोहतांग पास साल भर हिमाच्छादित रहने कारण सैलानियों के आकर्षण का मुख्य केन्द्र रहता है। इस बर्फीली घाटी में पूरे साल बर्फ रहने के कारण सिर्फ गर्मियों के मौसम में मई माह के दूसरे हफ्ते से नवम्बर तक जाना ही संभव हो पाता है। बाकि के दिनों के लिए रोहतांग पास के विकल्प के रूप में गुलाबा घाटी को रखा जाता है। ऊंचाई कम होने के कारण इस जगह पर हमेशा जाया जा सकता है और साथ में  बर्फ का लुफ्त भी उठाया जा सकता है। मई के शुरुवाती दिनों में जाने के कारण से आशा के अनुरूप रोहतांग पास बंद मिल, इसलिए स्वतः गुलाबा हमारी डेस्टिनेशन में सम्मिलित हो गया था। अब रोहतांग तो जा ही नहीं पाये तो उसके बारे में क्या कह सकते हैं ,परन्तु गुलाबा  ने भी निराश नहीं किया। मुझे तो गुलाबा जा कर ऐसी अनुभूति हुयी कि अगर कहीं धरती पर स्वर्ग है तो यहीं है। वास्तव में बर्फ से ढके पहाड़ इतने नजदीक से देखने का अनुभव निराला ही होता है। 
बर्फ से ढकी ये वादियां  बार बार बुलाती हैं। 
           एक परिचय गुलाबा का- जम्मू  कश्मीर के राजा गुलाब सिंह के नाम पर इस जगह को गुलाबा कहा जाता है। जब रोहतांग पास बर्फवारी के कारण बंद होता है ,तो मनाली से बीस किलोमीटर की दूरी पर स्थित गुलाबा पर्यटकों को यूँही वापस नहीं जाने देता, बल्कि ढेर सारी बेशकीमती यादों के साथ भेजता है, जो उनके रोहतांग नहीं जा पाने के अफ़सोस को काफी हद तक कम कर देती हैं। 

Friday, 26 February 2016

Magnificent Manali

                       गजब का आकर्षण है हिमालय की गोद में बसे शहर मनाली में, सोचने मात्र से ही नीला आसमान, हिमआच्छादित पहाड़ों की चोटियों पर उमड़ घुमड़ कर आने वाले बादलों और इन्ही पर्वतों की तलहटी में लहराती बलखाती हुयी व्यास नदी के दृश्य आँखों के सामने आ जाते हैं। यहाँ कदम रखने से पहले मन में जो आतुरता थी वो पहुँचने के बाद  कम होने के बजाय बढ़कर अपनी चरम सीमा पर पहुँच गयी। इस सुन्दर से पर्वतीय शहर से प्रवेश करते  ही ये  आभास  हो गया था कि यहाँ के बारे  में जितना सुन रखा है, वास्तव में ये जगह उससे भी कई गुना बढ़कर है। होटल पहुँच कर  चेक इन  की औपचारिकता करने के साथ साथ बाद चाय नाश्ते का आर्डर भी साथ में ही दे दिया ,क्यूंकि अब तक पेट में चूहों ने हाहाकार मचा दिया था। होटल  स्टाफ ने हमें कमरे तक छोड़ा और हम सामान कमरे में डालकर सीधा बालकनी में चले गए, क्यूंकि चाय के इंतजार में कमरे में बैठने से ज्यादा अच्छा बालकनी में खड़े हो कर यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य से साक्षात्कार करना था। यकीन मानिये यहाँ पर कुदरत इस कदर मेहरबान है कि एक बार बालकनी में कदम रखा तो फिर जब तक चाय नहीं आई अंदर नहीं आ पाये। 
बर्फ से ढकी पहाड़ियां 

Thursday, 25 February 2016

Amazing Landscape of Hills

               उत्तराखंड में पले बढे होने के कारण बरफ से ढके हुये पहाड़, आँखों के सामने चमचमाती हिमालय श्रृंखला, उनसे निकल कर कल कल बहती नदियों और मीठे पानी के झरनों का साथ बचपन से ही हमारे साथ बना रहा है।  ये प्राकृतिक सौंदर्य हमारे रोज मर्रा के जीवन में इस तरह से सम्मिलित था कि कभी ये विचार मन में आया ही नहीं कि जिंदगी इससे इतर भी हो सकती है। पहाड़ों की इस अनूठी विशेषता का अहसास तब हुआ जब यहाँ से बाहर निकलने के बाद  इन अप्रतिम नज़रों के दर्शन होंने बंद हो गए। अब याद आने लगे केन्ट एरिया में होने के कारण हरी भरी वादियों वाले रानीखेत के चक्कर जो ना जाने कितनी बार लगाये होंगे। कई बार नैनीताल जाने के बाद भी वहां की नैनी झील का आकर्षण आज भी कम होने की जगह और बढ़ता गया। पर दिन हमेशा एक से तो नहीं होते अब इनकी जगह जहाँ तक नजर डालो वहां कृतिम तरीक़ों से उगाई गयी घास दिखती है या फिर इनकी जगह करीने से लगे हुए नारियल के पेड़। इस पड़ाव पर आने के बाद अब जब घर जाने का अवसर मिलता है तो भीमताल के पास से जो प्राकृतिक दृश्य दिखाई देने शुरू होते हैं उनका महत्व  एवं आकर्षण अचानक से कुछ ज्यादा ही बढ़ सा गया ।
अल्मोड़ा से दिखती हिमालय श्रंखला  

सुबह के समय कोहरे से ढकी पहाड़ियां 
नैनी झील 
रानीखेत गोल्फ ग्राउंड 
               उत्तराखंड की इन मनोरम वादियों से तो हम परिचित ही थे पर देव भूमि में अपने पडोसी राज्य हिमाचल से सुखद साक्षात्कार के अवसर नहीं मिल पाये थे, पढ़ने के दिनों में दिल्ली प्रवास के समय  एक दो बार शिमला जाने का प्लान बनाया, पर वो भी सम्भव नहीं हो सका। हिमाचल के सुरम्य स्थलों में से एक मनाली के नाम से तो पर्यटन या घुमक्कडी में रूचि रखने वालों में से शायद ही कोई अनजान हो, तो इस जगह का आकर्षण हम भी कैसे छोड़ सकते थे। वैसे पुरानी उक्तियों के अनुसार मनाली का नाम मनु के नाम पर रखा गया, पर इस विषय में मेरी एक अलग सोच भी है पहाड़ी भाषा में  एक वाक्य 'मन-आली नी आल' है, जिसका तात्पर्य ये होता है मन आएगी या नहीं, इसलिये  मेरे अपने विचारों में जो मन आ जाये वो मनाली। अब सोचना ये था जब जगह का नाम ही इतना सुन्दर तो जगह कितनी निराली होगी। जितना इस बारे में सोचा उतना मनाली के प्रति आकर्षण बढ़ता गया, गूगल में बैठ बैठकर कई सारे फोटो देखे और इसके साथ साथ उन जगहों को अपनी आँखों से देखने की चाहत भी बढ़ती ही चली गयी। इस तरह से जुलाई,2011 के शुरुवाती दिनों में मनाली जाने का प्लान बनाया गया, पर कहते हैं जिस चीज के पीछे जितना भागो वो अपने पीछे उतना और भगाती है, ये ही हमारे साथ भी हुआ जिस दिन जाना था उसके पहले दिनों में मूसलाधार बारिश के कारण जाना मुश्किल ही हो गया, उसी दौरान लेह में बादल फटने वाली ह्रदय विदारक घटना भी हुयी। इस तरह से ये प्रयास असफल रहा, पर मनाली जाने की चाहत ने कभी पीछा नहीं छोड़ा, या कहा जाये कि वो और जोर पकड़ गयी । 
                 अब जब इच्छा मन में बस ही गयी थी तो एक बार फिर से 2013 जून लास्ट के दिनों का प्लान बनाया गया, इस समय अंतर ये रहा कि चंडीगढ़ से होते हुए जाने का विचार था और साथ में छोटा  छोटा बच्चा भी था। पर हमारा भाग्य एक बार फिर उत्तराखंड और हिमाचल पर प्राकृतिक आपदा आ गयी, हमारा विचार भी लगभग उन्ही दिनों में जाने का था , अब एक बार फिर से सारा मामला ठन्डे बस्ते में चला गया। पहली बार के असफल प्रयास ने जेब में ज्यादा फर्क नहीं डाला था, पर अबकि बार तगड़ी जेब कटी। इस बार तो सोच ही लिया था कि मनाली जाना हमारे बस का नहीं प्रतीत होता है। इसके बाद कहीं भी जाने का प्लान बनायेंगे पर मनाली नहीं जायेंगे। 
                इसके बाद कुछ समय तो हम शांति से बैठे रहे पर अगर एक बार किसी जगह जाने को मन मचल ही गया हो, तो फिर इतनी आसानी से पीछा कहाँ छोड़ता है। 2014 के अंतिम दिनों में मन ने एक बार फिर मनाली जाने के लिए उछालें मारना शुरू कर दिया और उसका साथ दिया एयरलाइन कंपनी द्वारा समय समय पर आने वाले रोचक ऑफर ने। यूँही एक दिन फिर से मनाली जाने के लिए मई,2015 में बंगलौर से चंडीगढ़ की फ्लाइट बुक करवा डाली। हालाकिं पिछले दो बार की असफलता के कारण इस बार भी यात्रा को ले कर जाने जाने तक मन में संदेह तो था ही, पर आशा और निराशा के बीच घर से निकलने का समय आ ही गया और हम निकल पड़े । बैंगलोर से चंडीगढ़ का सफर तो आप लोग पढ़ ही चुके हैं, चंडीगढ़ से आगे मनाली के लिए हिमाचल परिवहन के हिम गौरवी में पहले से टिकट आरक्षित करा रखे थे। चंडीगढ़ से नियत समय पर बस चल पड़ी, पर थोड़ी सी दूरी तय करते ही  ड्राईवर साहब ने भोजन करने के लिये विश्राम ले लिया।
                करीब आधे घण्टे बाद बस फिर चालू हुयी पर ये क्या एक घण्टा भी नहीं हुआ था कि बस से आवाज आनी शुरु हो गयी, काफी देर तक छानबीन करने के बाद पता लगा बस का एसी ख़राब है उसी वजह से आवाज आ रही है पर रह रह कर स्पार्किंग के कारण जो धुंआ आ रहा था उसे देखकर सभी यात्री थोडा घबरा ही रहे थे, क्योंकि एक तो बस देखने में भी थोडा खटारा किस्म की थी उस पर जगह जगह खड़ी हो जा रही थी। सबके मन में इस बात का संशय ही था कि ये मनाली तक पहुंचा भी पायेगी या नहीं। खैर बस कछुवे की चाल से रुकते रुकाते आगे बढ़ने लगी तो सभी यात्री भी सो गए, लेकिन सुबह छह बजे के समय पर मंडी से थोड़ा आगे  औट(Aut) नामक जगह पर फिर से खड़ी हो गयी। थोड़ी देर के बाद ये बता दिया गया कि ये बस आगे जाने लायक नहीं है और फिर क्या था सभी यात्री ड्राईवर के ऊपर झल्लाने लगे कि ये क्या है। उसने कहा कि किसी दुसरी बस में बैठा देगा लेकिन थोड़ी देर इंतजार करना पड़ेगा। एक घंटे से ज्यादा समय निकल गया पर किसी भी बस वाले ने बैठाने से मना कर दिया क्योंकि वैसे ही सभी बस भरी हुयी आ रही थी और चालीस से ज्यादा यात्री सड़क पर खड़े थे। अब कोई ले भी जाये तो किस किस को, सभी जल्दी में थे।  आधे घंटे से अधिक इंतजार करने पर भी कोई बस नहीं आई तो हमने ये सोच लिया कि अब जो भी टेक्सी आएगी खाली उस में ही बैठ जायेंगे क्योंकि इस तरह कब तक सड़क में खड़े रह सकते हैं । गरमी का मौसम होने के बाद भी सुबह के समय तापमान 2* सेल्सियस था।
              इस समय ठण्ड जरूर लग रही थी पर  पूरी रात का सफ़र करने के बाद एक घंटे से सड़क पर खड़े होने के बाद भी थोड़ी देर की भी बुरा नहीं लगा शायद इसके पीछे यहाँ पर से दिखाई देने वाले प्राकृतिक दृश्यों का योगदान रहा होगा। लोग बस देखना छोड़ के फ़ोटो लेने में व्यस्त हो गए थे। इतनी देर में एक टेक्सी वाला जो कुल्लू का था उससे बात करी तो वो कुछ वाजिब रेट में मनाली तक छोड़ने को तैयार हो गया। यहाँ से लगभग पुरे रास्ते व्यास नदी ने हमारा साथ निभाया, इसके तीव्र उफान को देखकर कभी अच्छा लग रहा था तो कभी डर भी लग रहा था। व्यास नदी का तीव्र वेग देखकर रह रह कर उत्तराखंड की पिंडर नदी की याद आ रही थी, और टेक्सी वाला व्यास नदी के उफान के किस्से सुना कर डरा रहा था। ओट के बाद पहाड़ियों पर दिखने वाले हरे रंग में एक अलग आकर्षण सा लग रहा था, शायद ये हरा रंग थोडा ग्रे कलर लिया हुआ था। वैसे बस खराब होने का एक फायदा भी हुआ, ठण्ड लगने के कारण हम लोग उठ गए थे, अगर बस में होते तो सोये ही रह जाते और रास्ते के इन नयनाभिराम दृश्यों के दर्शन नहीं कर पाते। थोडा आगे बढे ही थे कि औट से मनाली को ले जाने वाली 2.7 किलोमीटर लंबी टनल आ गयी, ये वो ही सुरंग है जिससे 3 इडियट मूवी "यार हमारा था वो" गाने के बाद फ़्लैश बेक में चली गयी थी। उत्तराखंड और हिमाचल की पहाड़ियों में शायद इस रंग का ही अन्तर होगा। दो घंटे में हमने मनाली में अपने पहले से बुक करे हुए होटल में चेक इन कर लिया। होटल में चाय नाश्ते के बाद थोड़ी देर विश्राम करने का विचार था, पर बालकनी से दिखने वाली पहाड़ियों ने मन प्रफुल्लित का दिया। इस यात्रा के कुछ शुरुवाती दृश्य -


हवेली 
खटारा  बस ,और हाँ ये बाहर से फिर भी अच्छी लग रही है,अंदर इसकी हालात भयंकर ही थी।
औट टनल
औट से मनाली का रास्ता 
लहराती बलखाती व्यास नदी 
व्यू फ्रॉम होटल 
व्यू फ्रॉम होटल 
इस श्रंखला की अन्य पोस्ट -

Tuesday, 23 February 2016

Dream of Nek Chand -Rock Garden

                          नेक चंद द्वारा निर्मित रॉक गार्डन चंडीगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में से एक माना जाता है,ये गैर क़ानूनी निर्माण किस प्रकार पर्यटक स्थल के रूप में अपनी जगह बना पाया इसके पीछे एक रोचक कहानी है। बात उस समय की है जब कार्बूजियर के दिशा निर्देशों के हिसाब से जवाहर लाल नेहरू के सपनो के शहर चंडीगढ़ का निर्माण हो रहा था,पर आश्चर्जनक बात ये थी कि रॉक गार्डन उस योजना का हिस्सा नहीं था। अब सवाल ये उठता है अगर चंडीगढ़ के निर्माता ने इस गार्डन को नहीं बनाया तो आखिर किसने बनाया इस किले को, इस गार्डन को या फिर कहें कबाड़ से बने इस महल को।समझ नहीं आता क्या कहूँ इस जगह के बारे में जिसका हर कौन अपनी जीवंतता और अपने निर्माणकर्ता की कारीगरी का मूक गवाह है। क्या नहीं है यहाँ झरने,पुलिया,पहाड़ और अन्य कलाकृतियां  और कैसे हुआ होगा इनका निर्माण -
रॉक  गार्डन की कंदराएँ। 
              ये बात सौलह आने खरी है कि जब -जब किसी जगह का विकास होता है तो उसके पुराने समय की सम्पदाओं को विलुप्त होना ही पड़ता है।ठीक यही चंडीगढ़ के साथ भी हुआ था,जहाँ एक तरफ तो एक नये आधुनिक शहर का जन्म हो रहा था,वहीँ इसके विपरीत कई गावों को अकारण खाली कराया गया,कई भवन और कई पुरानी इमारतों को तोडा  गया। इस तरह से  पुराने भवनों और इमारतों का बहुत सारा कचरा भी जमा होने लगा। फिर समस्या ये आने लगी कि अचानक से इतना कचरा कहाँ डाला जाये। अब ये कचरा को कैपीटोल काम्प्लेक्स में स्थित स्टोर में जमा किया जाने लगा। PWD  विभाग में  कार्यरत  नेक चन्द्र जी के कन्धों पर इस स्टोर की देख रेख का दारोमदार था।जैसे-जैसे कचरे का साम्राज्य बढ़ता गया ये स्टोर की देखभाल करने वाला अपनी कल्पना के लोक में खोने लगा। दिन भर कभी वो टूटी टाइल्स को देखते तो कभी वाशबेसिन के टुकड़ों को तो और कभी अन्य अवशेषों को।इस बात का अन्दाजा किसी को भी नहीं था कि वो किन विचारों में मशगूल रहते थे। धीरे धीरे जब वो अपने कल्पनालोक में बहुत आगे बढ़ गए तो वो दिन में स्टोर की देखभाल करने लगे और रात के अंधकार में  गायब रहने लगे। धीरे धीरे दिन ,महीने और साल दर साल गुजरने लगे और नेक चन्द्र की  कल्पना की दुनिया  इस धरती में अवतरित होने लगी।  दस साल के लम्बे अंतराल तक  जब वो इस प्रकार रातों को गायब रहने लगे  तो  लोगों को शक हुआ  कि ये कहाँ रहते हैं और क्या करते हैं । तब एक   सरकारी अफसर ने आख़िरकार खोजबीन कर के पता लगा ही लिया नेक चंद के इस अदभुत कारनामे का और उसने अवैध निर्माण की शिकायत लगा डाली। पर चंडीगढ़ की जनता ने इस महान व्यक्ति के कार्य को ना केवल सराहा और इसे चंडीगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सूची में भी ला दिया। इस तरह से रॉक गार्डन दुनिया की  नजरों के सामने आया। चोरी छुपे तो यहाँ जीवंत सी लगती काल्पनिक मूर्तियां बनाई गयी थी उसके बाद तो ये निर्माण बढ़ता ही चला गया। गर्मियों के दिनों में सुबह सात बजे से शाम के साथ बजे तक और सर्दियों में शाम के छह  बजे तक ये गार्डन प्रयटकों के लिए हफ्ते के सातों दिन पर्यटकों के लिए खुला रहता है बीस रुपया मात्र की एंट्री फीस के साथ।
                  हम म्यूजियम काम्प्लेक्स से निकल कर एक बार फिर अपनी डबल डेकर में सवार हो गए और इसने हमें करीब आधे घंटे में रॉक गार्डन छोड़ दिया। सरदार जी का कहना था कि डेढ़ घंटे में आ जाओ तो वो रुकेंगे हमारे लिए, इसलिए  रॉक गार्डन को इत्मीनान से देखने का सोच कर हमने सरदार जी को बाय बाय बोल दिया। बाहर निकले तो सामने से तीन  पत्थरों का एक ढेर दिखाई पड़ा,पास जा के देखा इन पर तो गार्डन का नाम अंकित है। इसे देखने के बाद टिकटघर पर लगी विशालकाय पंक्ति में हम भी शामिल हो गए। आगे जा के एक बहुत ही कलात्मक सा गेट दिखा तो हम उसे रॉक गार्डन का गेट समझने की भूल कर बैठे,अंदर जा के ज्ञात हुआ कि ये तो कैफ़ेटेरिया था। फिर अपनी भूल सुधार कर रॉक गार्डन के मुख्य गेट पर गए।क्या करें बनाया ही ऐसा गया है तो कोई भी भूल कर बैठेगा। अंदर गए तो कई संकरे रास्तों,मिट्टी के घड़ों से,पुरानी चुडियों, पुराने टाइल्स आदि से बनई विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों ने हमारा दिलखोल कर स्वागत किया। कई बार यहाँ घूमते हुए ये लग रहा था शायद हम किसी किले में घूम रहें पर दूसरे ही पल किसी और वस्तु को देखकर ये भ्रम टूट जा रहा था।कल कल बहते पानी के झरने कुछ अलग ही अहसास दिला रहे थे। कुल मिलाकर कबाड़ के ढेर से बने नेक चन्द्र के सपनो के इस गार्डन में आधुनिकता के साथ पुरानेपन दोनों का ही समवेश लग रहा था। घूमते घूमते काफी तेज गर्मी लग गयी तो एक गुफा के आकर की जगह में कुछ देर सुस्त लिए। उसके बाद थोड़ा और आकृतियों को देखने के बाद हम यहाँ से बहार निकालकर पुनः उस कैफ़ेटेरिया में चले गए। गजब के आलू के पराठे मिले थे वहां पर वो भी ठीकठाक रेट पर। खाने पीने के बाद अब वापसी का सोचना था तो सरदार जी के बताये मार्ग का अनुसरण कर के हम बस द्वारा सेक्टर सत्रह के बस अड्डे पहुंचे और क्लॉक रूम जा कर अपना सामान निकलवाया। अब इधर से अगली मंजिल थी एयरपोर्ट की तो एक बस और पकडी जिसने एयरपोर्ट के पास में उत्तर दिया। यहाँ से दस मिनट का पैदल रास्ता तय कर के एयरपोर्ट और उसके बाद वापस बैंगलोर। फिर मिलेंगे जल्द ही किसी नयी जगह पर,तब तक आप रॉक गार्डन के दर्शन करिये-
प्रवेश द्वार के समीप के पत्थर जिन पर रॉक गार्डन का नाम लिखा है। 
इतिहास एक नजर में 
एक छोटी सी नहर के ऊपर पुलिया। 
झरना 
ये संकरे से रास्ते 
तुरंत बाद चौड़ा रास्ता आ गया। 

कुछ दुमंजिले से भवनों की आकृति। 
एक झरोखा सा। 
ये कल कल बहता पानी जाने कितने लोगों ने यहाँ फोटो खिंचवायी होंगी। 

नेक चंद की सेना। 

सेना का अन्य रूप 
सेना का अन्य रूप 
सेना का अन्य रूप