Showing posts with label shiv temple. Show all posts
Showing posts with label shiv temple. Show all posts

Monday, 12 February 2018

Kotilingeshwar Temple,Kolar

                        कोटिलिंगेश्वर जहाँ महाकाल विराजते हैं अपने महा विशाल रूप में   
              कोटिलिंगेश्वर, एक ऐसी जगह जहां भोले भंडारी एक सौ आठ फ़ीट के विशाल अवतार में विराजमान हैं। वैसे तो भारत मे महादेव के अनेक मंदिर हैं और हर मंदिर में वो एक अलग रूप में धूनी रमाते हैं पर कर्नाटक के कोलार जिले में एक ऐसा मंदिर है जहाँ कदम रखते ही अपार शिव शक्ति का आभास दूर से ही हो जाता है।
            बंगलोर से सत्तर किलोमीटर दूर कोलार, वो ही कोलार जिसे सब सोने की खानों के लिए जानते हैं अपने आप मे एक बहुत बड़ा आश्चर्य समेटे हुये है। यहाँ पर एक ऐसा मंदिर है जिसमे दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग जिसकी ऊंचाई एक सौ आठ फ़ीट है। इसके अतिरिक्त यहाँ पर छोटे बड़े सब शिवलिंगों की अगर गिनती कर ले तो वो करीबन एक करोड़ निकलेंगे। एक करोड़ शिवलिंग होने के कारण ही इसे कोटिलिंगेश्वर के नाम से जाना जाता है।

Friday, 4 August 2017

Lingaraj temple-Landmark of Bhubaneswar

 Travel Date- 19th January 2017
           विशाखटपटनम से जो ट्रैन में बैठे तो सीधे भुबनेश्वर के पास ही नींद खुली। अभी चाय वाला चाय गरम,चाय गरम करने लगा तो हम भी चाय की चुस्कियों का स्वाद लेने को आतुर हो गए। वैसे हम दोनों से ज्यादा सान्वी का मन हुआ क्यूंकि ट्रैन के सफर में जो कुछ खाने पीने को आता है उसे वो सब मंगाना होता है ☕, बाल हठ हुआ उसके आगे आजतक किसका जोर चला है। अब चाय आ ही गयी है तो चुस्की लगा ही लेते हैं। अब तक सहयात्रियों से हलकी फुलकी बात से उन लोगों को अंदाजा आ गया कि हम बैंगलोर से उड़ीसा घूमने के लिये आये हैं तो उन्होंने हमे जगन्नाथ पूरी का एक वीडियो दिखाया जिसमे वहाँ की विशेषताएं, भोजन बनाने के तरीके और झंडा बदलने का विधान शामिल था।  अब इसे देख कर पूरी जाने की उत्कण्ठा में चार गुना वृद्धि हो गयी। अलग अलग जगह के लोगों की बोली में कितना अंतर आ जाता है बताती हूँ!! हमारे पास वाली बर्थ  में दो लोग बैठकर बात कर रहे थे " आज खेला है ,तुम देखेगा  " दूसरा बोलता है "हम खेला नहीं देखते बस न्यूज़ में पता कर लेते हैं। " यहाँ इन लोगों का खेला से मतलब क्रिकेट मैच से है। यूँही लोगों की बातें सुनते हुए भुबनेश्वर का रेलवे स्टेशन आ गया और सहयात्रियों से विदा ले कर हम उतर गये।
           इस तरह से आज हम धार्मिक पर्यटन के लिए विख्यात उड़ीसा की राजधानी भुबनेश्वर की पावन धरती पर पहुँच गये। हमने पहले से देख कर ही रेलवे स्टेशन के नजदीक का होटल बुक करा रखा था तो पैदल ही वहां पहुँच गए। होटल में जा कर पता लगा कि आज यहाँ IPL का मैच है जिस वजह से सभी होटल बैक टू बैक भरे हुये हैं। पहले से बुकिंग के कारण हमको तो कोई दिक्क्त नहीं होनी थी पर थोड़ा थके होने के कारण अर्ली चेक इन का मन था पर इस मैच ने हमारे मंसूबों पर पानी फेर दिया।  अब समझ में आया ट्रैन वाले लोग इसी मैच को देखने की बात कर रहे थे। होटल देखने से खूब बढ़िया था, रिसेप्शन में बैठकर भी इसकी भव्यता स्पष्ट नजर आ रही थी। अब अपना नंबर भी आ ही गया , अरे ये क्या !! ये तो होटल में कमरा देने से पहले वेब केम ( web cam) में फोटो भी ले रहे हैं शायद सुरक्षा के हिसाब से लेते होंगे। इस तरह का ये अपना पहला अनुभव है तो आश्चर्यजनक लगा।  फोटो खींचते खिंचवाते हम अपने कमरे में दाखिल हो ही गये और कमरे में पहुँचते ही दो चाय, दो पराठे एवं  हैंडविच मतलब सैंडविच का आर्डर दे डाला। ये सब आने तक थोड़ा फ्रेश हो लेते हैं और पेट पूजा के बाद भुबनेश्वर के दर्शन को निकलेंगे।  तब तक आप लोगों को भुबनेश्वर का एक सूक्ष्म परिचय दे देते हैं।
भुबनेश्वर - भारत के पूरब और बंगाल की खाड़ी के मुहाने पर बसा ये शहर भुबनेश्वर  शिवजी को समर्पित है और उन्ही के नाम पर इसका नाम भुबनेश्वर पड़ा है। इतिहास में जायें तो समझ आता है कि  ये शहर मात्र शहर नहीं अपने में की रहस्य समेटे हुए बैठा है। अरे हाँ इसने तो कलिंग का युद्ध भी देखा है।  ऐसा भयंकर रक्तपात, खून की नदियों और शोक सन्तप्त लोगों का विलाप देख के इसका दिल कितना द्रवित हुआ होगा !! बहुत दर्द छुपा रखा है इसने अपने अंदर अंदर। इस बात की जितनी गहराई में उतरेंगे मन उतना ही द्रवित हो जायेगा इसलिये जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी बाहर निकल जाते हैं। अभी अभी मुझे याद आया पुराने समय में इसे "उत्कल" भी कहा कहा जाता था , जी हाँ वो ही  " पंजाब सिंध गुजरात मराठा द्रविड़ उत्कल बंगा " वाला उत्कल। इसका मतलब पुराने समय से ही बहुत प्रसिद्ध ह है ये जगह। कालांतर  में उड़ीसा के राजधानी बनने के बाद इस शहर का स्वरूप दोहरा हो गया , जहाँ एक तरफ इसके कण कण में ऐतिहासिकता बसी है वहीँ दूसरी तरफ इसकी हवाओं में आधुनिकता भी बहती है। इसके आधुनिक स्वरूप का निर्माण जर्मन वास्तुकार ओटो एच कोनिंग्सबर्गेस (Otto. H. Koeingsberges) ने करवाया था। 
              ऐसा माना जाता है कि पुराने समय में यहाँ पर सात हजार मंदिर थे जिसके कारण इसे मंदिरों का शहर के नाम से भी पहचाना जाता है। आज भी छोटे बड़े सात सौ मंदिर यहाँ पर हैं। इस शर को धार्मिक सद्भावना का शहर भी कह सकते हैं क्यूंकि यहाँ पर ना केवल हिन्दू धर्म अपितु बौद्ध और जैन धर्मावलम्बियों के मंदिर और अवशेष पाये जाते हैं। मुझे तो समझ ही नहीं आ रहा यहाँ क्या देखा जायेगा इतने कम समय में और कितना  कुछ रह जायेगा। एक बार यहाँ के दर्शनीय स्थलों पर भी एक नजर डाल लेते हैं। मंदिरो की भूमि होने से यहाँ हर दो कदम पर मंदिर दर्शन हो जाते हैं। लिंगराज का मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, राजा रानी का मंदिर यहाँ के प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। इन सबके अतिरिक्त उदयगिरि-खण्डगिरि की गुफाएँ, धौली स्तूप और नन्दन कानन यहाँ की प्रसिद्धि में चार गुना बढोत्तरी कर देते हैं। यहाँ का मौसम सालभर गर्म ही बना रहता है तो घूमने के लिए दिसम्बर-जनवरी के महीने उम्दा रहते हैं। लो जी परिचय देते देते अपना नाश्ता निपट गया और अपना टेक्सी वाला भी होटल के बाहर प्रतीक्षा में है तो अब आगे आंखों देखा हाल सुनिये।
         सुबह के ग्यारह बजे हैं 😀, सुबह क्या भरी दोपहरी ही हो गयी है और अब हम निकल पड़े भुबनेश्वर दर्शन के लिये। हमारा पहला पड़ाव लिंगराज मंदिर है जो कि हमारे होटल से पांच किलोमीटर की दूरी पर है इसलिए यहाँ पहुँचने में ज्यादा समय नहीं लगा। मन्दिर में फ़ोन, कैमरा और चमड़े का सामान ले जाने की अनुमति नहीं है तो ड्राइवर के कहे हिसाब से हमने ये सामान गाड़ी में ही छोड़ दिया और नंगे पैर ही चल पड़े। गर्मी ज्यादा होने से पैर जल भी रहे थे पर लोग तो कहाँ कहाँ से नंगे पैर चल कर दर्शन के लिये जाते हैं हमें तो बस पांच कदम ही चलना है।  अभी मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचे ही थे कि एक पंडा जी मिल गये और बोलने लगे पचास रूपये में दर्शन करवा देंगे , उनसे ज्यादा किचकिच ना कर के हम उनके पीछे हो लिये। पंडा जी हमको समझाते हुये ले गए की अंदर किसी से ज्यादा बात ना करना सीधे सीधे जाना और वापस आ जाना और सबसे पहले वो हमको ले गये यहाँ की रसोई में  और वहां के खाना बनाने के तोर तरीके बताने लगे। यहाँ भी एक एक ऊपर एक सात मिटटी के बर्तन चूल्हे पर चढ़ाये जाते हैं और सबसे पहले सबसे ऊपर वाले में खाना बनता है। कैमरा तो ले जा नहीं सकते थे तो फोटो नहीं हैं दिखाने को।  इसके बाद अब हम मंदिर दर्शन की बारी आयी और पंडा जी ने हमको लाइन में लगवा दिया। धीरे धीरे कर के हम ठीक प्रतिमा के पास पहुँच गये। अब वहां खड़े एक पंडे ने  एक फूल हाथ में पकड़ा  दिया और अब वो महाराज संकल्प कराने लगे हमारे बिना कुछ कहे !! हम दोनों को इस तरह का कोई खास अनुभव पहले नहीं था तो मूक दर्शक बने खड़े रहे।  लास्ट में बोला अन्नदान की रसीद कटवा लो और पूछने पर जवाब आया कि पांच हजार से शुरू होता है तो हमने इंकार कर दिया कि हम एक पैसा नहीं देंगे और अब वो लगा अनाप सनाप बोलने !! तो हम वहां से वापस हो लिये तो बोला  मेरा फूल भी बर्बाद हो गया तो एक बार फिर पीछे प्लाट कर उसका फूल उसको वापस कर के हमने जान छुड़ाई। ये बात यहाँ बताने का मेरा आशय ये है कि जहाँ भी जाएँ अपनी श्रद्धा के हिसाब से दान पुण्य करें न कि पंडो के डर से ।  भगवान ने कभी ये नहीं कहा कि तुम पैसा नहीं चढ़ाओगे तो मैं ऐसा कर दूंगा या वैसा कर दूंगा!! ये इन पंडों  की अपने पेट पालन हेतु  बनाई हुयी परम्पराएं है जिनका पालन करने की बाध्यता किसी के लिये भी नहीं है। 

           अंत में ही सही लिंगराज मंदिर का इतिहास भी बता ही  देती हूँ। ये मंदिर भगवान शिव और विष्णु दोनों को समर्पित है।  यहाँ प्रतिमा का आधा हिस्सा शिवजी का तो ऊपर वाला भाग विष्णु भगवान के रूप में शालिग्राम जी का है।  इस कारण से इस मंदिर को हरीहर का मंदिर भी कहा जाता है।  यहाँ बेलपत्र के साथ साथ तुलसी के पत्ते भी चढ़ाये जाते हैं। विष्णु भगवान् एवं शिव जी दोनों का मंदिर होने के कारण इसके गुम्बद त्रिशूल और सुदर्शन चक्र की जगह में शिव धनुष बना हुआ है। मंदिर परिसर को चार हिस्सों में बांटा गया है - श्री मंदिर, जगमोहन, नाट मंडप एवम भोग मंडप। पहले यहाँ पर छोटे बड़े एक सौ आठ मंदिर थे जिनमे से अब पचास ही बचे  हैं। स्थपत्य की दृष्टि से ये मंदिर काफी समृद्ध है मंदिर के निचले भाग में एक मंच सा बना हुआ है जिसमें बहुत बारीकी से उस समय के समाज की दिनचर्चा को उकेरा गया है। 
        लिंगराज के बाद हम क्रम  से मुक्तेश्वर, सिद्धेस्वर और केदारगौरी इन तीन मदिरों में गये।  मुक्तेश्वर मन्दिर दो मन्दिरों का समूह है: परमेश्‍वर मन्दिर तथा मुक्‍तेश्‍वर मन्दिर। जैसा कि नाम से ही समझ आ रहा ये मंदिर भी शिवजी को समर्पित है। शिव जी के साथ साथ अन्य देवी देवताओं के मंदिर यहाँ पर हैं। मंदिर ना कह के इसे मंदिर समूह कह सकते हैं। इसकी संरचना भी कुछ कुछ लिंगराज मंदिर जैसी ही है। इस मंदिर में फोटो ले सकते हैं। सिद्धेश्वर मंदिर सफ़ेद रंग का बना हुआ है और पास के ही केदार गौरी मंदिर में  पहाड़ी मंदिरों की जैसी झलक नजर आई।  
अब एक नजर कुछ तस्वीरों पर-

मुक्तेश्वर मंदिर। 

मुक्तेश्वर मंदिर 
मुक्तेश्वर मंदिर 



मुक्तेश्वर मंदिर प्रवेश द्वार। 

मंदिर का अलंकरण 
सिद्धेस्वर मंदिर। 



केदार गौरी 

केदार गौरी , लग रहा है न पहाड़ी मंदिर। 

केदार गौरी 

केदार गौरी 

केदार गौरी -प्रवेश द्वार। 

Saturday, 25 February 2017

Gananath,Almora

            जागेश्वर दर्शन के बाद अब चलते हैं भोले भंडारी के दूसरे धाम। जी हाँ अब चल रहे हैं गणनाथ मंदिर में दर्शन के लिये। अल्मोड़ा से पचास किलोमीटर दूर कोतवाल गाँव का ये मंदिर एक गुफा के अंदर बना हुआ है। यहाँ तक जाने के लिये उतनी अधिक सुविधा नहीं होने के कारण ये जगह बहुत हद तक अनछुई है मतलब सामान्य भाषा में बोला जाये तो हिडन है अभी तक। हम लोगों का परिचय भी इस जगह से इसलिये है क्योंकि ये हमारे गाँव का मंदिर है और  कभी कभार पूजा पाठ के लिये हम यहाँ जाया करते हैं। वैसे ये कभी कभार बहुत नगण्य ही है क्योंकि अपनी याद में, मैं यहाँ सिर्फ दो बार गयी हूँ।

Friday, 24 February 2017

Jageshwar Temple, Almora

               शिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ के मंदिरों का ध्यान आना स्वाभाविक है और यही मेरे साथ भी हो रहा है। रह रह कर अपने द्वारा देखे गये कुछ मंदिरो की बरबस याद आ रही है, तो कुछ देर पुराने फोटो देखने में व्यस्त हो गयी। अब जब लैपटॉप खुल ही गया है तो सोच रही हूँ अपने साथ साथ आप सभी को भी इस पावन अवसर पर जागेश्वर के दर्शन करा दूँ। तो चल पड़ते हैं इस छोटी सी पोस्ट के माध्यम से शिव जी के पास। अभी पिछले बरस घर मई में घर जाना हुआ तो जोगेश्वर भी गये। दस मई २०१६ को घर पहुंचे,उसी दिन भाई भी रानीखेत से आ गया। हमारी इस  ट्रिप का मुख्य उद्देश्य जागेश्वर जाना ही था क्योंकि किसी पंडित ने वहाँ पर कालसर्प योग के निवारण की पूजा करवाने को कहा था। इस तरह से ११ मई २०१६ की सुबह हम तैयार हो कर जागेश्वर चल पड़े।
         अल्मोड़ा से चौतीस किलोमीटर दूर इस धाम को भगवान् शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि देवदार के घने जंगलों में भोलेनाथ नागेश्वर के रूप में विराजमान है। जागेश्वर जाने के लिये हम अपने घर से लक्ष्मेश्वर की तरफ आगे बढे। यहाँ पर बाई पास में डाइवर्जन मिलता है। नीचे को जाने वाली रोड रानीखेत पहुंचाती है और दूसरी रोड जिसे अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ रोड कहा जाता है हम उस रोड पर आगे बढ़ गये। करीब तीस किलोमीटर तक जाने के बाद हम आरतोला नाम की जगह पहुँच गये। अब बस महादेव हमसे ज्यादा दूर नहीं थे। यहाँ पर फिर से एक डाइवर्जन मिला और हम अपनी मंजिल की और नीचे जाने वाली सड़क पर आगे बढ़ गये। अगर सीधे सीधे आगे बढ़ जाते तो हम पनुवनौला पहुँच जाते। खैर हम तो जागेश्वर जा रहे थे ओर वहीँ जाने वाली सड़क में आगे बढ़ रहे थे। ये रोड पहले जितनी अच्छी तो नहीं थी लेकिन किसी भी एंगल से बुरी भी नहीं थी मतलब सड़क के दोनों तरफ देवदार के जंगल नजर आ रहे थे। सच में बहुत आनन्ददायक द्रश्य था। रुकने का बहुत मन था लेकिन अभी हमारा उद्देश्य पहले कालसर्प योग का निवारण करवाना था तो हम आगे बढ़ गये। अब तक मौसम में ठंडक आ गयी थी, इसका कारण आस पास में देवदार के जंगल का होना था।
               वैसे मई के महीने के महीने में ठंडक कहना उचित नहीं लग रहा, मौसम सुहावना हो रहा था कहूँ तो ज्यादा अच्छा लगेगा। तो इस सुहावने मौसम के मजे लेते हुये हम मंदिर परिसर के पास पहुँच गये। इससे पहले जब भी हम जागेश्वर आये थे तो यहाँ पंडितों की थोड़ा मनमानी सी चलती थी लेकिन अब थोड़ा व्यवस्था में सुधार हो गया है। अब मंदिर के गेट के समीप जिसे जिस प्रकार की पूजा करानी हो उसकी पर्ची कटवा देते हैं और पूजा अर्चना के बाद पंडितों को कुछ देना आवश्यक नहीं है। यदि आप देना चाहें तो कोई हर्ज नहीं हुआ,अपनी अपनी श्रद्धा के हिसाब से दे सकते हैं कोई मना नहीं करेगा। अपनी पर्ची कटवा के हम सर्वप्रथम दर्शन के लिये पंक्ति में लग गये और उसके बाद पूजा अर्चना के लिये मंदिर चल पड़े। मंदिर जाने के कर्म में सबसे पहले महामृत्युंजय के दर्शन करे, वहीँ पर पंडित जी ने पाठ कराया, इसके बाद चाँदी का नाग नागिन का जोड़ा दे कर कहा इसे गंगा में प्रवाहित कर देना। अब मैं सोच में पद गयी कि इतनी जल्दी हम हरिद्वार कैसे जा पायेंगे पर उसी समय उन्होंने शंका का निवारण कर दिया नीचे जटा गंगा में जा कर प्रवाहित कर आओ, जल्दी से पंडित जी ने वहाँ  जा के आने को बोला और इसीके साथ हिदायत दे डाली कि प्रवाहित करने के बाद ना वहाँ रुकना और ना ही पीछे पलट कर देखना। इतने को पूजा पाठ के मामले में हम भी थोड़ा डरपोक ही हुये  झट गये और पट वापस आ गये। महाम्रत्युन्जय मंदिर के बारे में ये माना जाता है कि इसे आजादी गुरु शंकराचार्य ने कीलित कर रखा है, इस वजह से यहाँ यदि कोई किसी के बुरे के लिये कामना करे तो वो फलीफूत नहीं होती। इसके बाद पंडित जी ने कर्म से नागेश्वर के दर्शन कराये फिर मंदिर समूह का चक्कर लगा कर हम चल पड़े वापस घर।
जागेश्वर मन्दिर दर्शन के समय के कुछ  द्रश्य-

देवदार के पेड़ों के मध्य मंदिर समूह। 

ॐ नागेश्वराय नमः। 

महामर्त्युन्ज्य, ये ही सबके तारणहार हैं। 
यही है जटा गँगा। 
पतित पावनी गँगा और पार्श्व में धन के देवता कुबेर का मंदिर। 

देवदार के जंगल। 
पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित दंडेश्वर मंदिर। 

मंदिर के बाहर लगी दुकाने। 

Saturday, 4 February 2017

Rishikonda Beach and Kailshgiri Hill,Visakhapatnam

         चलिये हमारे साथ एक देश जिसके कण कण में श्रद्धा और भक्ति रची बसी हुयी है। शायद अब तक सब समझ ही गये होंगे कि मैं कहाँ की बात कर रही हूँ। जी हाँ इस यात्रा में आप हमारे साथ चल रहे हैं पुराने उत्कल मतलब आज का उड़ीसा। ये यात्रा हमारे लिये थोड़ा आश्चर्यजनक रही क्योंकि हम अभी तक उत्तराखंड के बाहर किसी मंदिर या तीर्थ स्थल के दर्शन के लिये नहीं पहुंचे हैं,और ना ही कभी जाने का कार्यक्रम बनाया।  हमारे यात्रा भ्रमण में प्राकृतिक स्थलों और समुद्री किनारों की अधिकता रही है। इसलिये  शायद भगवान जग्गनाथ ने ही हमें स्वयं दर्शन देने के लिये बुलाने की इच्छा रखी होगी और हम भी हो आतुर हो गये उनके धाम जाने को।