Showing posts with label Port Blair. Show all posts
Showing posts with label Port Blair. Show all posts

Friday, 13 November 2015

Around Port Blair ...पोर्ट ब्लेयर के आसपास के नज़ारे

                  आज  के दिन  तय  प्रोग्राम के अनुसार रॉस आइलैंड एवं माउंट हैरियट जाना था। पर आज जो घटना हुयी वो इस इस बात का पुख्ता उदाहरण है कि नर सोचे और नारायण करे और।अचानक ही परिवार में किसी की तबियत खराब होने से मेरे हसबैंड को अपनी फ्लाइट मोडिफाई कर के कोलकाता  से होते  दिल्ली जाना पड़ा यात्रा में थोड़ा व्यवधान तो पड़ा,फिर भी भगवान को धन्यवाद देना बनता था कि ये घटना ट्रिप के अंतिम दिनों में ही हुई। इसलिए हम अभी तक लगभग अपने मुख्य इंटरेस्ट की जगहें देख चुके थे।  बस साथ में ले जाया हुआ बीस रूपये का नोट जो धरा का धरा रह गया उसका थोड़ा अफ़सोस था। अब यहाँ हम चार  लोग ही रह गए जिनमे दो बुजुर्ग और एक छोटा बच्चा शामिल थे। अब ये लोग किसी भी हालत में  छोटे बच्चे के  साथ ज्यादा दूर और पानी वाली जगह में जाने को तैयार नहीं थे।इसलिए प्लान में आमूलचूल परिवर्तन करते  हुए लोकल पोर्ट ब्लेयर देखने का मन बनाया गया। वैसे अब तक यहाँ के मुख्य आकर्षण जॉली बॉय आइलैंड,कोर्बिन्स  कोव बीच ,सेलुलर जेल एवं म्यूज़ियम इत्यादि हम पहले ही देख चुके थे। अब यहाँ के दर्शनीय स्थलों में से हमारी देखने वाली जगहों में जॉगर्स पार्क ,गांधी पार्क और राजीव गांधी वाटर पार्क और चाथम सौ(आरा मिल) मिल बचे थे ,जिसमे राजीव गांधी पार्क में वाटर स्पोर्ट्स का आयोजन होता है, तो हमारा वहां जाने का कोई खास मन नहीं था।इसलिए आज के दिन की शुरुआत भले मॉर्निंग वाक के साथ नहीं हुई पर फिर भी  जॉगर्स पार्क से ही हुई। 
जॉगर्स पार्क का एक दृश्य 
 अब देखते हैं क्या खास है जॉगर्स पार्क में

                       जैसा कि नाम से ही  पता लग रहा है वीआईपी रोड पर स्थित जॉगर्स पार्क सुबह और शाम वाक और जोगिंग करने वालों की भीड़ से भरा हुआ रहता है। जब काफी देर समुद्र  की लहरों  के साथ  मस्ती करने  के बाद जब कदम थकान से डगमगाने लगें तो चार पल शांतिपूर्ण वातावरण में बैठने के लिए इससे पार्क से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती है। ये जगह पोर्ट ब्लेयर की ऊँची जगहों में से एक है,जहाँ से शहर के नयनाभिराम दृश्य देखे जा सकते हैं। इस स्थान की सबसे बड़ी विशिष्टता इसका वीर सावरकर हवाई अड्डे से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर होना है। यहाँ आराम से शांतिपूर्ण वातावरण में  बैठकर वायुयानों को उड़ते और लैंड होते हुए देख सकते हैं। ये  पार्क सुबह साढ़े पांच बजे से रात्रि के आठ बजे तक खुला रहता है। सबसे मजेदार बात ये है क़ि यहाँ जाने की कोई फीस नहीं पड़ती। यहाँ पर खड़े हो के रनवे तो रनवे,आने जाने वाले वायुयानों की  हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकती है,हालाँकि हम इतने खुशकिस्मत नहीं थे कि  उड़ता या लैंड होता जहाज देख पायें, क्यूंकि यहाँ गिनी चुनी फ्लाइट्स आती हैं। सुबह आने वाली वाली आ के चली गयी और दूसरी के आने में अभी काफी वक्त था। कड़ी धूप में ज्यादा देर रुका नहीं जा रहा था। इसलिए सामने  दिखने वाले रनवे का ही फोटो लेने का सोचा। इतने में जेब से कैमरा निकला तो पता लगा उसका मेमोरी कार्ड गायब है और एक बार फिर कई  साल पुराने मोबाइल के  कैमरा ने साथ दिया। उसका रिजल्ट आपके सामने है।
                               
जॉगर्स पार्क से दिखता वीर सावरकर एयरपोर्ट का एक मात्र रनवे 
                             कुछ देर यहाँ बिताने के बाद हम अब गांधी पार्क की और जा रहे थे तभी रास्ते  में भारत के नक़्शे की तरफ नजर पड गयी। जो जगह देश प्रेम के  मतवालों की हो वहां भारत के नक़्शे का होना तो  आवश्यक ही है।
मेरा भारत महान 
                               इसके बाद हम गांधी पार्क के मुख्य द्वार पर पहुँच ही गए।अंडमान के लिहाज से गांधी पार्क एक अच्छी जगह है ,पर भारत के अन्य हिस्सों से आने वालों को उतनी खास नहीं लगेगी। अब जैसे कोई बैंगलोर से जाये जो कि खुद ही गार्डन सिटी के नाम से फेमस है ,तो उसके मन में ये पार्क रच बस नहीं पायेगा। परन्तु  बच्चों के साथ आने वाले पर्यटकों के  लिए ये एक ठीकठाक जगह है ,बच्चों के लिए काफी कुछ है यहाँ पर।नाम के अनुरूप यहाँ गांधी जी की एक प्रतिमा लगी हुयी है।उसके अतिरिक्त एक बच्चों की खिलौना ट्रैन है। खिलौना ट्रैन वाले और मेरे बीच के वार्तालाप की एक झलक -"कितने पैसे लगेंगे भईया ,जी अस्सी रूपये ,अब पता नहीं बच्चा बैठेगा या नहीं ,मैडम बच्चा आपका है आपको पता होगा कि बच्चा बैठेगा या नहीं। "  वैसे मेरा मन ये  था एक बार बैठा के देख लेते ,अगर ठीक लगता तो पैसे दे देते। पर जब उसके गरम अंदाज देखे तो हम वहां से ट्रैन का मोह छोड़ के निकल लिए। यहाँ पर एक छोटी सी क्रतिम झील भी है जो शायद बच्चों को बोटिंग करने के लिए इस्तेमाल होती हो। इसके अलावा एक बड़ी झील है जिसके चारों और ये पार्क बना हुआ है। पहले हमारा विचार पूरे पार्क का एक चक्कर लगाने का था ,पर जब थोड़ा दूर जा के ऐसा लगा कि सब जगह से लगभग एक ही तरह के दृश्य दिखाई दे रहे हैं ,तो हम वहीँ से वापस हो लिए।इस लेक में पैडल बोट की सुविधा भी उपलब्ध है। हमने कई जगह बोटिंग करी है तो इस छोटी सी झील में बोटिंग का कोई इरादा नहीं था। इस पार्क के कुछ दृश्य -
     
खिलौना ट्रैन गूगल द्वारा 
लेक में खड़ी पैडल बोट 
लेक के किनारे किनारे चलने के लिए बना पैदल पथ 
                      अंडमान आइलैंड का बाजार मोती और कोरल के लिए काफी प्रसिद्ध माना जाता है। कहते हैं कि यहाँ पर सच्चा मोती कम दामों  में मिल जाता है। इसलिए हम भी चले गए सच्चा मोती खरीदने ,अब हम तो ठहरे ग्राहक ,क्या जाने कौन सा मोती सच्चा है और कौन सा झूठा। फिर भी इससे पहले मैंने नवाबी नगरी हैदराबाद से मोती खरीदे थे। वहां का अनुभव थोड़ा काम आया,वहां किसी ने कहा था मोती को रगड़ के देखना चाहिए और खरोच आने के बाद पानी लगा के देखो फिर पहले जैसा दिखने लगे तो सच्चा माना जाता है ,सो यही फार्मूला आजमा के कर ली थोड़ा खरीददारी। यहाँ से बाहर निकलने तक रात ही हो गयी थी ,तो सोचा एक बार फिर से भारत के नक़्शे के दर्शन करते हुए ही होटल वापस जाएँ। 

जगमगाता हुआ भारत का नक्शा 
                            यहाँ से होटल वापस जा के एक बार फिर चौखट के भोजन का जमकर आनंद उठाया ,और अपना सारा सामान कर जल्दी ही सो गए। अगला दिन अंडमान को अलविदा कह कर वाया चेन्नई शताब्दी एक्सप्रेस से  बैंगलोर पहुँचने के लिए निर्धारित था। इसी के साथ सफेद रेत अंडमान आइलैंड की अविस्मरणीय यात्रा का सुखद समापन हो गया।

अंडमान का सफर एक नजर में -



Tuesday, 15 September 2015

Sunset at Chidiya Tapu,Port Blair

                      किसी भी समुद्री छोर पे खड़े हो के सूर्यास्त देखने का महत्व ही अलग होता है,ये अंडमान में हमारा दूसरा दिन था और अभी तक हमें सूर्यास्त देखने का सुअवसर नहीं मिल पाया था, इसलिए अगला पड़ाव चिड़िया टापू पर सूर्यास्त देखना तो जरूरी ही हो गया था। चिड़िया टापू नाम से ऐसा लग रहा था जैसे समुद्र के बीचों बीच कोई टापू हो और उसपे चिड़ियाँओं का चहचहाना सुनाई देता हो हालांकि ये ग़लतफ़हमी कछ एक ब्लॉग्स को पढ़ने के बाद दूर हो गयी थी क्यूंकि ये भी एक समुद्री किनारा ही है,यहाँ पर बैठकर सूर्यास्त के समय पल पल रंग बदलते आसमान और समुद्र दर्शन के मजे ले सकते हैं। मार्च,२०१५ जिन दिनों हम अंडमान में सूर्यास्त का समय लगभग साढ़े पांच बजे का था,और वानडूर से निकलने में ही लगभग चार बज गया था। यहाँ से चिड़िया टापू की दूरी तीस किलोमीटर की थी जिसमे करीब आधे घंटे का समय तो लगना ही था,और रास्ते में कहीं रूक गए तो देर होना सम्भव ही था,मतलब बॉर्डर लाइन पर ही थे और इसके बाद भी हम एक दो जगह रूकने से खुद को रोक नहीं पाए,रूकने का कारण धीरे-धीरे खुदबखुद पता लग ही जायेगा। शुरुआत करते हैं सूर्यास्त-सन सेट के दृश्य के साथ -
चिड़िया टापू के सूर्यास्त की एक झलक 
                       वानडूर से चिड़िया टापू तक के सफर के प्रारम्भ में तो शहर पार कर के जाना था तो कुछ खास नहीं लगा,पर अंडमान की साफ़ सुथरी सड़कें मन मोह रही थी। आगे बढ़ने पर रास्ते में कहीं कहीं इकट्ठे पानी को दिखा के ड्राइवर बोलता था देख लो ये सुनामी का पानी है, कई घर तो ऐसे खड़े थे कि उनमे जाने का रास्ता ही नही था और वो वीरान से पड़े थे।इन जगहों को देखकर समझ आ रहा था कि मनुष्य चाहें कितनी भी प्रगति कर ले हर हाल में वो प्रकृति के आगे बौना ही साबित होता है।
सुनामी का पानी
सुनामी का पानी
सुनामी का पानी
                          इस तरह की कई जगहों को देखके हम आगे बढ़ ही रहे थे कि चिड़िया टापू से कुछ किलोमीटर पहले से एक जंगल वाला इलाका शुरू हो गया और उसके बाद हम समुद्री रेखा के समानान्तर ही आगे बढे तो कई सारे नयनाभिराम दृश्य देखने को मिले और एक तो जगह तो गाड़ी से उतरने के बाद ही मन को शांति मिली। ऐसे ही कुछ दृश्य -
अंडमान की साफ़ सुथरी सड़क ,और साथ में इकट्ठे पानी में होती बोटिंग 


एक अन्य दृश्य 
सड़क के समानान्तर शांत सा समुद्र 
बाइक रोक के मजे लेते  सवार
सूर्य देव अभी नारियल के पेड़ों के बीच लुका छिपी खेल रहे हैं। 
                       इन नजारों को देखते-देखते हम समय से चिड़िया टापू पहुँच गए,यहाँ पहुंच के एक अलग ही दृश्य देखने को मिला जिसकी मैंने कल्पना नहीं की थी,समुद्र से लगी हुई रेतीली जमीन पर बड़े बड़े पेड़ों के तने गिरे पड़े थे,जिन पर कलाकारी दिखा के  बैठने के लिए कुर्सी मेजों का स्वरूप दिया गया था,आधुनिक तकनीक को दर्शाने के लिए बड़े से ठूंठ को खोखला कर के एक तरफ से लोग-इन एवं दूसरी तरफ से लोग-आउट का नाम प्रदान किया गया था। झूलने के लिए कई सारे झूले थे जिन में बच्चे तो बच्चे बड़े भी झूल रहे थे। हम इस पार्क को देखने में ही इतने व्यस्त हो गए कि थोड़ी देर के लिए ये भूल ही गए कि हम एक समुद्री छोर पर खड़े हैं और सूर्यास्त देखने आये है,जितनी चीजें थी यहाँ उतनी तस्वीरें नहीं ले पाये फिर भी एक दो -

पेड़ के तनो से बनी बेंच 
एक और सीट आउट, पीछे कुछ लोग झूला भी झूल रहे हैं। 
पेड़ का वो तना जिस पर लोग आउट और लोग इन अंकित है 
लोग इन 
लोग आउट 
यहाँ तक कि  डस्टबिन भी लकड़ी का बना हुआ था।  
                         वुडन सीट आउट से आगे बढे तो शांत सा समुद्र दिखाई दिया,जिसमे लहरें है के बराबर थी,और समुद्र में जब थोड़ा पानी आगे को आ रहा था छोटे छोटे पेड़ों को अपने आगोश में ले रहा था ,जिन्हे देख के ऐसा लग रहा था जैसे इनका उद्गम ही पानी से हुआ हो,बहुत अच्छे दृश्य यहाँ पर देखने को मिले। अंडमान का हर बीच अपने में अलग दृश्यों को समेटे हुए हैं। किसी भी हालत में एक बीच की तुलना दूसरे से नहीं कर सकते। हर एक की अलग खासियत है। कुछ इस तरह के दृश्य देखने को मिले-
शायद ये पेड़ पानी में ही उगे हों ऐसा लगता है मुंडा पहाड़/चिड़िया टापू  बीच 
पानी के आगोश में ये पेड़ मुंडा पहाड़/चिड़िया टापू  बीच 
             इतना देखते देखते कब सूर्यास्त का समय हो गया पता ही नहीं चला,और देखते ही देखते पहले आसमान और समुद्र दोनों ने हल्का नारंगी रंग ले लिया पता ही नहीं चला। हर पल ये लाल नारंगी रंग अपने अलग अलग रूप दिखा रहा था। एक पल को तो आसमान और समुद्र दोनों सिन्दूरी हो गए, ये पल यहाँ बिताये समय में सर्वश्रेष्ठ था। हालाँकि हम लाल गोले के समान सूर्य का दृश्य तो नहीं देख पाये पर जो दिखा उसे भी किसी हालत में काम नहीं आँका जा सकते थे।देखिये कुछ सूर्यास्त के नज़ारे हमारे साथ -
सन सेट @ चिड़िया टापू 
सन सेट @ चिड़िया टापू  देखने वाले पर्यटक 
सन सेट @ चिड़िया टापू
अंडमान का सफर एक नजर में -



Tuesday, 8 September 2015

Jolly Bouy Island, Andman

                      गूगल में जहाँ कहीं भी खोजबीन करी  पोर्ट ब्लेयर के प्रमुख आकर्षण के बारे में,तो यही देखने को मिला कि वहां जॉली बॉय आइलैंड ने धूम मचा रखी थी,मतलब पहले स्थान में था। ठीक है मान लिया पहले स्थान में है और चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ भी है,पर आखिर ये है क्या ? इस सवाल का जवाब ये है कि ये आइलैंड पोर्ट ब्लेयर से उन्तीस किलोमीटर दूर वानडूर नामक  जगह में दो सौ एकासी दशमलव पांच वर्ग किलोमीटर में फैले हुए महात्मा गांधी मरीन नेशनल पार्क जो कि खुले समुद्र एवं पंद्रह छोटे बड़े द्वीपों से मिलकर बना है ,का एक छोटा सा द्वीप है।ये पार्क को विश्व के श्रेष्ट मरीन पार्कों में से एक माना जाता है। ये जगह ग्लास बोट एवं स्नोर्कलिंग के द्वारा समुद्री धरोहर को देखने के उत्कष्ट मानी जाती है। इन पंद्रह में से सिर्फ दो आइलैंड जॉली बॉय एवं रेड स्किन ही छः-छः महीने के अंतराल में पर्यटकों के लिए खोले जाते हैं। हालाँकि मैंने ये सुना है कि रेड स्किन के मुकाबले जोली बॉय ज्यादा प्राकृतिक धरोहर को अपने में समेटे हुवे हैं और किस्मत से जिस समय पर हमलोग गए थे ये जगह पर्यटकों के लिए खुली हुई थी। यहाँ जाने के लिए वन विभाग से परमिट लेने की आवश्यकता होती है जो कि संडे को छोड़कर बाकि सभी दिन सुबह साढ़े आठ बजे से मिलता है और परमिट सिर्फ जाने के दिन ही मिल सकता है जिसके लिए आपके पास वैलिड पहचान पत्र होना अति आवश्यक है,वरना नहीं मिलेगा। इसकी कीमत पचास रुपया प्रति व्यक्ति है।प्रातः नौ बजे वानडूर जेटी से बोट जाती है और तीन बजे वापस आती हैं, सभी बोट एक साथ प्रस्थान करती है ,इसलिए यहाँ साढ़े आठ बजे पहुंचना अनिवार्य है,एक मुख्य बात और कि यहाँ  किसी भी प्रकार का प्लास्टिक ले जाना निषेध है,अगर कुछ ले जाना आवश्यक ही हो जाये तो प्रति सामान सौ रूपये की सुरक्षा राशि जमा करनी होती है और पीने के पानी के लिए कुछ पैसा ले कर वन विभाग के लोग मिल्टन की बोतल देते हैं जिनमे अपने द्वारा लिया हुआ पानी भरना होता है और वापस आ कर बोतल लौटाने पर पैसे वापस हो जाते हैं,हालाँकि इस सुविधा के कुछ मामूली पैसे कटते है,परन्तु किसी अच्छी जगह को अच्छा बनाये रखने के लिए ये आवशक भी है,वर्ना ये प्राकृतिक धरोहर भी प्रदूषण का शिकार हो जाएगी,और पानी में प्लास्टिक जाने से जलीय जीव जंतुओं के लिए भी हानिकारक साबित होगा।अब ये सब सावधानियां देखकर मन में ये सवाल तो उठता ही है,कि जिस जगह की इतनी सुरक्षा की जा रही है आखिर वो देखने में कैसी होगी। साफ़ स्वच्छ नीला पानी और सफ़ेद रेत एवं उसके साथ साथ हरियाली,कुल मिलाकर बहुत ही आकर्षक जगह है-
             
क्रिस्टल क्लियर नीला रंग लिया हुआ समुद्री पानी 
                  जॉली बॉय जाने के लिए हम होटल से तगड़ा ब्रेकफास्ट कर के प्रातः आठ बीस में वानडूर में स्थित जेटी पर पहुँच गए थे,परमिट और टिकट के लिए एक लम्बी लाइन लगी हुई थी पर हमारा काम टेक्सी ड्राइवर ने आसान कर दिया था। प्रति व्यक्ति आठ सौ रूपये के टिकट में एक ग्लास बोट ट्रिप फ्री मिलनी थी,और इसके अतिरिक्त जो कुछ देखना हो उसके लिए वहीँ जा कर के पेमेंट करना था। इतना करते कराते बोर्डिंग का समय भी आ गया और हमें एक बोट में बैठा दिया गया। बैठने के बाद बोट में घोषणा हुई कि सब लोग अपनी अपनी सुरक्षा  बेल्ट बांध ले,और उसमे बोट वालों का नाम एम. एल. रशमीत भी लिखा हुआ था और जिसे हमें याद रखना था क्यूंकि हम वापस भी सिर्फ उसी बोट में आ सकते थे और आइलैंड में जो भी कोई एक्टिविटी करनी थी वो भी इन्ही लोगों से करवानी थी और बाकि कोई भी बोट वाला दूसरी बोट के यात्रियों को अटेण्ड नहीं कर सकता था। करीब एक घंटे तक नीले हरे रंग का आनन्द लेते हुए हम जॉली बॉय आइलैंड पहुँच गए,और सामने से  हमें सफ़ेद सी रेत, हरे भरे पेड़ और सुन्दर साफ़ सुथरा नीला सफ़ेद आकर्षक समुद्र दिखा पर अभी भी हम वहां जा नहीं सकते थे,क्यूंकि इस बोट के बाद हमें लेने एक नयी बोट आ रही थी जो कि ग्लास बॉटम थी,मतलब उसके निचले सिरे पर ग्लास लगा हुआ था और उसके निचे एक मैग्नीफाइड लेन्स लगा होता है जिससे बोट में बैठ कर लोग आराम से मछलियों, सीपियों और जलीय सम्पदा के दर्शन कर सकें। कुछ इस तरह के दृश्य देखने को मिले वानडूर  से जॉली बॉय तक के सफर में-
शायद पानी का रंग आसमान से ज्यादा नीला था।  
रास्ते में एक बोट दिखा तो उसका फोटो ले लिया,ऐसी ही बोट में हम  आये थे। 
जॉली बॉय आइलैंड की रेतीली जमीन दिखने लगी।


आइलैंड की तरफ ले जाती हुई ग्लास बॉटम बोट

जॉली बॉय आइलैंड की सुंदरता
पहुँच गए आइलैंड में,एक दृश्य जॉली बॉय से समुद्र का
                    कुछ देर मन भर कर के सुन्दर दृश्यों को देखने के बाद हमारा साथ के दो लोग एक बार फिर से ग्लास बॉटम बोट के मजे लेने चल दिए,क्यूंकि वो लोग स्नोर्कलिंग करने के मूड में नहीं थे। इसलिए उन लोगों को बोट में बैठकर हम एक बार फिर से समुद्री लहरों के मजे लेने के लिए बैठ गए। यहाँ कई सरे आइलैंड होने के कारण समुद्र में तेज लहरें नहीं उठतीहैं , इसलिए ये जगह तैरने के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षित मानी जाती है। यहाँ  पर कपडे वगेरह चेंज करने की पूर्ण सुविधा उपलब्ध है तो किसी प्रकार की कोई दिक्क्त नहीं होती है। एक बार पानी में उतरने को तैयार हो जाओ और फिर समुद्री लहरों के साथ खेलते रहो। लगभग एक घंटे में ग्लास बोट वापस आ गयी और हमारा स्नोर्कलिंग के लिए जाने का नंबर आ गया। स्नोर्कलिंग के अनुभव के बारे में स्कूबा डाइविंग के साथ ही चर्चा करेंगे। एक घंटा लगभग स्नोर्कलिंग में भी लगा ,फिर वापस आने के बाद फिर से हम यहाँ के अदभुत दृश्यों को अपनी आँखों के कैमरे से दखने लगे,क्यूंकि सामने जो दृश्य थे नजरें उनसे हट ही नहीं पा रही थी। करते कराते फिर से घोषणा होने लगी कि तीन बज गया है और बोट वापस लेने आ गयी है।मरता क्या ना करता वाली ही बात थी, भरी मन से अपने कपडे समेटते हुए हमने वापसी की तयारी की और पानी बोट में जा बैठे। अब तक यहाँ की सुंदरता देखने में इतने तल्लीन थे की भूख प्यास कुछ नहीं लगी,पर वापस जाते समय पेट में चूहे कूदने लगे। पर पेट-पूजा के लिए कछ भी  वानडूर पहुँच के ही मिलना संभव था तो बैठे रहे चुपचाप। वापस पहुँचने के बाद यहाँ की पानी की बोतल वापस कर के अपने पैसे लिए और ड्राइवर से तुरंत किसी खाने वाली जगह चलने को कहा,तो वो बोला कि  अब तो कुछ भी  वानडूर बीच पर ही मिलेगा तो वहीँ चल पड़े सोचा खाने के साथ-साथ दर्शन भी हो जायेंगे,हालाँकि ये सब हमें बहुत जल्दी में करना था क्यूंकि हम आज का सूर्यास्त चिड़ियाटापू से देखने वाली थे।  वानडूर बीच पहुँच कर एक खोखेनुमा दकान पर चाय समोसे का आर्डर देकर हम थोड़ा बीच के नजदीक चले गए,ये जगह भी देखने अब तक देखी हुई जगहों से थोड़ा अलग थी -
वानडूर बीच
 वानडूर बीच का एक और दृश्य
                              इसके बाद चाय-पानी कर के हम चिड़ियाटापू की तरफ चल पड़े,यहाँ के बारे अगले भाग में बात करते हैं। तब तक के लिए आज्ञा दीजिये। 
अंडमान का सफर एक नजर में -



Thursday, 3 September 2015

Corbyn's Cove Beach, Port Blair

                         दिन में ऐतिहासिक सेलुलर जेल  के दर्शन के बाद हमारा प्लान पास में ही स्थित सागरिका और समुद्रिका म्यूज़ियम होते हुए कोर्बिन्स कोव बीच जाने का था, समुद्री तटों के लिए विख्यात जगह में पहले समुद्री छोर को देखने का उत्साह  बहुत ज्यादा था। इन दोनों संग्रहालयों ने हमें बहुत ज्यादा आकर्षित नहीं किया,पर जब गए ही थे तो एक दो फोटो लेना तो आवश्यक हो ही जाता है,इसलिए कछ फोटो ले तो लिए पर आनन्द नहीं आया,हालाँकि संग्रहालयों के बाहर कुछ अच्छे दृश्य जररू थे जैसे आदिवासी जारवा जनजाति वगेरह के। अब जब इतने सुन्दर द्वीप में आये ही हैं तो सजा कर रखे गए मोती,कोरल को देखने में वो मजा कहाँ होगा जो अपनी आँखों से देखने में रहता है। जल्दी जल्दी यहाँ देखने की खानापूर्ति कर के हम निकल पड़े आकर्षक कोर्बिन्स कोव बीच की तरफ,देखिये कैसा है यहाँ के पानी और रेत का रंग -
कोर्बिन्स कोव का एक नजारा 

                             कोर्बिन्स कोव से पहले देखते हैं सागरिका और समुद्रिका में आखिर क्या था? अंदर तो कोरल मछलियाँ और मोती थे,और बाहर ये सब था जारवा जनजाति के सदस्यों के प्रतीक।इनके साक्षात दर्शन का मन नहीं था हमारा क्यूंकि मेरा विचार ये है क़ि आखिर वो भी तो हमारी तरह इंसान ही हैं इस तरह से देखने जा कर क्यों किसी को परेशान करना ,और कुछ ही दिन पहले ये भी पढ़ा था कि कैसे लोग इन्हे खाने का लालच देकर नृत्य वगैरह करवाते हैं। इस कारण यहाँ पर इनके कुछ प्रतिक चिन्ह दिखे तो उनके फोटो ले कर सन्तोष कर लिया। 
जारवा जनजाति 

जारवा धनुष बाण के साथ 
कुछ इस तरह की झोपड़ियां भी थी वहां आराम फरमाने को। 
सीमा प्रहरियों की मूक दास्तान 
                    कोर्बिन्स कोव पोर्ट ब्लेयर के सबसे नजदीकी समुद्र तटों में से एक माना जाता है, इसलिए ये जगह हमेशा ही काफी भीड़भाड़ से भरी रहती है। सागरिका से यहाँ की दूरी सात किलोमीटर की है, यहाँ से अबरदीन बाजार से गुजरते हुए समुद्र के समानान्तर हम लोग कोर्बिन्स कोव की तरफ बढ़ रहे थे ,अचानक हमारे ड्राइवर साहब ने गाड़ी रोक दी और कहा यहाँ पर एक व्यू पॉइंट बना हुआ है सुनामी के बाद से, ऊपर चढ़ कर देख लो और एक दो फोटो ले लो, तो हम चल पड़े। वहां जा कर के देखा तो बैठने के लिए अच्छी सी बैंच का निर्माण किया गया था और हमारे जैसे कुछ पर्यटक खड़े हो कर नीचे देख रहे थे। स्थिति कुछ ऐसी थी कि शायद हम एक चट्टान के ऊपर खड़े थे और नीचे समुद्र की लहरें उस चट्टान से टकरा कर  वापस जा रही थी जैसे मानिये चट्टान को नीचे नीचे खोखला कर रही हों और ऊपर खड़े नारियल के पेड़ भी समुद्र की तरफ झुके जा रहे थे। ड्राइवर के कथनानुसार तो ये जगह सुनामी के बाद ही बनी है, पर जिसने सुनामी के पहले का अंडमान देखा हो वो इस बात को बेहतर जान सकता है। काफी अच्छे दृश्य यहाँ से देखने को मिले थे। समुद्र के नजदीकी जगहों के लिए लगता है  कि वहां सड़के एक दम सीधी होती होंगी ये हमारा गोवा का अनुभव कह रहा था ,पर यहां आने के  बाद ये धारणा बदल गयी क्यूंकि जो ऊँची नीची सड़कें और हरियाली के दर्शन हो रहे थे वो किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लग रहे थे। 
व्यू पॉइंट से दिखता विशालकाय समुद्र 
कोर्बिन्स कोव के  रास्ते में सुनामी के बाद बने व्यू पॉइंट से  हुए दृश्य। 
कुछ इस  तरह की बैंच बनी है यहाँ बैठने के लिए, साथ में अंडमान की  साफ़-सुथरी सड़क भी दिख भी नजर आ रही है। 
                              करीबन आधा घंटा यहाँ बिता कर मन नहीं होने के बावजूद भी हम कोर्बिन्स कोव की तरफ बढ़ लिए क्यूंकि बहुत ज्यादा समय नहीं बचा था हमारे पास। अंडमान की एक और बात है जो कि इसे भारत से जुदा करती है वो है यहाँ का सूर्योदय और सूर्यास्त का समय। सुबह छह बजे ऐसा लगता है कि जैसे दिन निकल आया हो और शाम होते ही अंधकार छा जाता है। इसलिए यहाँ के वातावरण के अनुसार अपने कार्यक्रम प्रातःकाल से ही प्रारम्भ कर देने चाहिए। इस तरह से घूमते घामते हम कोर्बिन्स कोव बीच पहुंच ही गए। हालाँकि इस जगह ने मुझे उतना आकर्षित नहीं करा,क्यूंकि यहाँ के पानी में वो नीलीमा नहीं दिखी जिसकी कल्पना करी थी,शायद इससे बेहतर दृश्य उस व्यू पॉइंट ने दिखा दिए थे। पर कुछ भी कहो समुद्री तट तो समुद्री तट ही होता है देख कर के अच्छा ही लगता है। पानी की लहरों भले अपनी और को आकर्षित कर रही थी पर ड्राइवर की दी हुयी चेतावनी याद थी कि पानी में मत उतरना यहाँ पोर्ट ब्लेयर का गन्दा पानी डाला जाता है तो कदम बार-बार अपने आप पीछे हो गए।वैसे पता नहीं उसकी इस बात मे कितनी सच्चाई हो,यह भी संभव है कि वो जाने की जल्दी में हो।
कोर्बिन्स कोव
समुद्री तट पर लगी हुयी बैंच,जिन्हे पैसा देकर ही इस्तेमाल किया जा सकता था 
                       यहाँ से भी हमें समय पर निकलना था क्यूंकि सेलुलर जेल के साउंड एंड लाइट शो  को किसी भी हालत में नहीं छोड़ सकते थे। जिसका विवरण पिछली पोस्ट में आप लोग पढ़ चुके हैं।अगले सफर में चलेंगे अंडमान के किसी सुन्दर से आइलैंड की तरफ। 
अंडमान का सफर एक नजर में -



Thursday, 6 August 2015

Cellular Jail :Kala Pani Andaman

            किसी भी भारतीय के लिये अंडमान के नाम पर काला पानी की याद आना स्वाभाविक है!! स्वाधीनता का इतिहास पढने वाला बच्चा बच्चा भी अंडमान की सेलुलर जेल को जरूर जानता है इसलिए यहाँ जाने के बाद मन में देशभक्ति का सैलाब नहीं चाहते हुए भी उमड़ ही आता है। जब हम विमान में बैठकर के प्राकृतिक दृश्यों के मजे ले रहे थे तो मन में एक एहसास रह-रह कर आ रहा था कि मुख्य भूमि से इतनी दूर जहाँ हम घूमने के उद्देश्य से आ रहे हैं,जब वहां हमारे स्वतन्त्रता संग्राम के सेनानियो को पानी के जहाजों में भरकर यहां पटक दिया जाता होगा तो इस एकाकी जगह में उन्हें कैसे अनुभव होते होंगे। उनमे से कई सारे  तो इतनी लम्बी समुद्री में होने वाली बैचैनी  के कारण रास्ते में ही दम तोड़ देते होंगे और जो किसी तरह वहाँ पहुँच जाते होंगे तो वहां के एकाकीपन, मौसम की मार एवं अंग्रेज सरकार के अत्याचारों से इस कदर टूट जाते होंगे कि उन्हे जीवन मृत्यु से ज्यादा कष्टकारी लगता होगा।      अंडमान या कहिये पोर्ट ब्लेयर में अपने सफर का प्रारम्भ सेलुलर जेल से करना हमारी तरफ से देश के सपूतों के लिए भावपूर्ण नमन था। थोड़ी देर सफर की थकान मिटाने के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज के दिन का प्रारम्भ सेलुलर जेल से करने के साथ-साथ समापन भी यहाँ रात को होने वाले साउंड एंड लाइट शो के साथ किया एवं बचे हुए समय में समुद्रिका और सागरिका म्यूजियम के दर्शन के साथ पोर्ट ब्लेयर के सबसे निकटवर्ती समुद्री तट कोर्बिन्स कोव की समुद्री लहरों के मजे भी लिए।आइये यात्रा की शुरुआत करते हैं सेलुलर जेल में प्रतीकात्मक रूप से सजा पते एक सेनानी के चित्र के साथ -
सेलुलर जेल के प्रांगढ़ में सजा पता एक कैदी 
                       किस तरह से अंडमान जैसी जगह को अंग्रेजों ने काल पानी के नाम में परिवर्तित किया इसके पीछे एक लम्बी कहानी है।उन लोगों ने हमारे देश के सपूतों को यहाँ भेजने का मन ये सोच के  बनाया कि एक तो वो यहाँ के अकेलेपन और मौसम की मार को नहीं झेल पाएंगे और इसके अतिरिक्त सबसे मुख्य कारण ये भी था कि हिन्दू धर्म में समन्दर पार जाने का मतलब आपकी जाति(Caste) का हनन मन जाता था, इसलिए इन लोगों को यहाँ भेजना उन्हें सबसे बेहतर सजा लगी। ये सन अट्ठारह सौ सत्तावन की क्रांति के बाद की बात थी हालांकि तब यहाँ कोई जेल नहीं थी परन्तु यहाँ का एकाकीपन ही अपनेआप में बहुत बड़ी सजा था। पर जब अंग्रेजों को लगा कि ये क्रान्तिकारी तो यहाँ भी अपना जीवन निर्वाह कर ले रहे हैं और इधर उनकी संख्या भी बढ़ने लगी तो काला पानी की इस सजा को कड़ा बनवाने के लिए एक जेल का निर्माण कराया गया। ये विशालकाय पिंजरा सन उन्नीस सौ छह में पूरे दस साल के बाद बना!! इसके निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री म्यांमार से लायी गयी। स्टार फिश मछली के आकार की इस जेल के बीचों बीच में एक लम्बी सी मीनार थी जिससे क़ैदियों की समस्त गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी और उससे सात दिशाओं की तरफ सात किनारे निकले हुए थे। इसका हर किनारा तीन मंजिला था और एक विंग में तेतीस कोठरियां थी मतलब कुल मिलाकर पूरी जेल में छह सौ तिरानब्बे कमरे थे। हर कोठरी में हवा का आवागमन के लिए एक छोटा सा रोशनदान बनाया गया था। इसे सेलुलर जेल का नाम इसके आकार की वजह से ही दिया गया क्यूंकि इसका निर्माण इस तरह से किया गया था जिससे एक कोठरी से दूसरी कोठरी में बात नहीं हो पाये और हर विंग को इस तरह बनाया गया था कि एक विंग की कोठरी का रोशनदान उस ओर खुले जिस ओर दूसरी विंग की कोठरी का मुख्य द्वार हो!! ओह तो हमारे सपूत बात करना  तो दूर  अपनी मर्जी से एक दूसरे को देख भी नहीं सकते थे। इस बात का अन्दाजा इससे भी लगा सकते हैं कि यहाँ के प्रमुख क्रांतिकारियों में से एक वीर दामोदर सावरकर के बड़े भाई को कई वर्षों के बाद पता चला कि उनका छोटा भाई भी यहीं आ गया है। यहाँ की हर एक कोठरी से देश भक्ति की महक आती है ।सावरकर जी की कोठरी को तो बहुत सहेज कर रखा गया है !! वहां पर उनकी एक तस्वीर लगी हुयी है। इस कोठरी में जा कर ऐसा  लगा जैसे किसी मंदिर में गए हों, अचानक अंतर्मन से आवाज आई  यहाँ पर प्रणाम करो इन्ही लोगों की बदौलत आज हम खुली हवा में साँस ले रहे हैं। सिर्फ अकेलापन ही इन लोगों की सजा नहीं थी!! इनसे दलदली भूमि में पेड़ कटवाए जाते थे औरतो और बैलों की जगह तेल निकलने के लिए  जोता जाता था!! साउंड एंड लाइट शो में बताया था कि एक आदमी को एक दिन में जितना तेल निकलवाना होता था जितना कि हमारे देश में बैलों से भी नहीं निकलवाते। काम समय से पूरा नहीं होने कोड़े लगाये जाते थे। खाना खाना भी एक मजबूरी थी अगर कोई भूख हड़ताल पे बैठे उसे नली डाल कर खाना खिलाया जाता था। एक क्रांतिकारी को तो जबरदस्ती खाना खिलाने की वजह से खाना फेफड़ों में चला गया था और वो उसी समय शहीद हो गया। क्या कुछ नहीं सहा इन लोगों ने हमारे लिए!! वहां पर लिखे नारे और मिलने वाली सजा के बारे में पढ़-पढ़ कर बरबस आंखे भीग रही थी!! अगर किसी को फांसी की सजा मिलनी होती थी तो उसे फांसीघर के नजदीक की कोठरी में रख दिया जाता था!! जिससे वहां से आने वाली दर्दनाक आवाजों को सुन-सुन कर उसका मन व्यथित होता रहे। ये भी पता लगा एक बार सावरकर जी ने अत्याचारों से परेशान हो कर समुद्र में छलांग लगा दी थी पर अफ़सोस उन्हें वहां से भी पकड़ लाया गया। इस जगह को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा भी दिया गया है। इस ऐतिहासिक ईमारत की सात विंग में से अब सिर्फ तीन विग ही सुरक्षित है। 
             करीब  दो घंटा घूमने के बाद हमें बाहर निकलना था और बाकि जगह देखनी थी इस दौरान टेक्सी चालक ने हमारे लिए साढ़े पांच बजे से हिंदी में होने वाले लाइट एंड साउंड शो की टिकट ले रखी थी।जिसकी कीमत प्रति व्यक्ति पचास रुपया पड़ती है।यहाँ पर प्रति दिन  पांच बजे से साढ़े छह बजे तक हिंदी में एवं छह पैतालीस से सात पैतालीस तक अंग्रेजी में ध्वनि एवं प्रकाश शो का आजोयन किया जाता है,जिसमे स्वाधीनता संग्राम के सेनानियों की अमर गाथा  सुनाई जाती है और सेलुलर  का समय सुबह नौ  बजे से शाम पांच बजे  तक।  इस कारण यहाँ दो बार आना जरुरी हो जाता है!! जब इन लोगों ने हमारे लिए इतना कुछ किया है तो यहाँ दो बार तो क्या दस बार भी आना पड़े तो वो कम ही होगा। इस शो की  शुरुआत बरसों से संरक्षित रखे गए पीपल के पेड़ से आने वाली आवाज के साथ किया जाता है। ये आवाज कुछ ऐसी थी "मैं वही पीपल का पेड़ हूँ ,मैंने देखा उन आजादी धुन में मतवालों को आते हुए जो इंकलाब जिंदाबाद, वन्दे मातरम की आवाज के साथ कभी वापस नहीं जाने के लिए आते थे।"इसके बाद तो जो जुल्मो सितम की दास्ताँ सुनाई उससे अच्छे अच्छों का मन पिघल जाये। बार-बार ये लग रहा था कि किस तरह से हमलोगों को आजादी दिलाई गयी और इतने कम समय में ही देश के महान नेताओं ने देश को किस हालत में ला दिया है!! पर अपने बस में सोचने के अतिरिक्त तो कुछ भी नहीं!! देश के इन शहीदों को नमन करते हुए केवल ये उम्मीद कर सकते हैं कि क्या पता समय फिर से बदल जाये और हमारा देश दुबारा से सोने की चिड़िया बन जाये। देखिये इस तीर्थों के महा तीर्थ काला पानी की कुछ झलकियाँ - 
मुख्य द्वार 

काला पानी या महातीर्थों का तीर्थ 
देखिये किस तरह दोनों विंग में से एक का रोशनदान खुलता है तो दूसरे का मुख्य द्वार
जेल का एक अन्य दृश्य 
साउंड एंड लाइट शो के समय जगमगाती जेल की कोठरियां। 

सावरकर कोठरी जो कि फांसी घर के ठीक सामने थी। 
सेलुलर जेल में बने म्यूजियम में करीब दो सौ से अधिक सेनानियों की तस्वीरें हैं 
कुछ तस्वीरें 
सेलुलर जेल की मॉडलनुमा तस्वीर 
जेल में प्रयुक्त ताले और चाबियाँ 
अखंड ज्योत 

जेल की छत से दिखता हुआ समुद्र शायद यहीं कहीं वीर सावरकर ने छलांग लगाई हो। 

सावरकर जी की तस्वीर 
              महत्वपूर्ण बात बताना रह गयी सेलुलर जेल सोमवार एवं सरकारी छुट्टियों के दिन बंद रहती है।
अंडमान का सफर एक नजर में -