Showing posts with label by flight. Show all posts
Showing posts with label by flight. Show all posts

Tuesday, 23 February 2016

Dream of Nek Chand -Rock Garden

                          नेक चंद द्वारा निर्मित रॉक गार्डन चंडीगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में से एक माना जाता है,ये गैर क़ानूनी निर्माण किस प्रकार पर्यटक स्थल के रूप में अपनी जगह बना पाया इसके पीछे एक रोचक कहानी है। बात उस समय की है जब कार्बूजियर के दिशा निर्देशों के हिसाब से जवाहर लाल नेहरू के सपनो के शहर चंडीगढ़ का निर्माण हो रहा था,पर आश्चर्जनक बात ये थी कि रॉक गार्डन उस योजना का हिस्सा नहीं था। अब सवाल ये उठता है अगर चंडीगढ़ के निर्माता ने इस गार्डन को नहीं बनाया तो आखिर किसने बनाया इस किले को, इस गार्डन को या फिर कहें कबाड़ से बने इस महल को।समझ नहीं आता क्या कहूँ इस जगह के बारे में जिसका हर कौन अपनी जीवंतता और अपने निर्माणकर्ता की कारीगरी का मूक गवाह है। क्या नहीं है यहाँ झरने,पुलिया,पहाड़ और अन्य कलाकृतियां  और कैसे हुआ होगा इनका निर्माण -
रॉक  गार्डन की कंदराएँ। 
              ये बात सौलह आने खरी है कि जब -जब किसी जगह का विकास होता है तो उसके पुराने समय की सम्पदाओं को विलुप्त होना ही पड़ता है।ठीक यही चंडीगढ़ के साथ भी हुआ था,जहाँ एक तरफ तो एक नये आधुनिक शहर का जन्म हो रहा था,वहीँ इसके विपरीत कई गावों को अकारण खाली कराया गया,कई भवन और कई पुरानी इमारतों को तोडा  गया। इस तरह से  पुराने भवनों और इमारतों का बहुत सारा कचरा भी जमा होने लगा। फिर समस्या ये आने लगी कि अचानक से इतना कचरा कहाँ डाला जाये। अब ये कचरा को कैपीटोल काम्प्लेक्स में स्थित स्टोर में जमा किया जाने लगा। PWD  विभाग में  कार्यरत  नेक चन्द्र जी के कन्धों पर इस स्टोर की देख रेख का दारोमदार था।जैसे-जैसे कचरे का साम्राज्य बढ़ता गया ये स्टोर की देखभाल करने वाला अपनी कल्पना के लोक में खोने लगा। दिन भर कभी वो टूटी टाइल्स को देखते तो कभी वाशबेसिन के टुकड़ों को तो और कभी अन्य अवशेषों को।इस बात का अन्दाजा किसी को भी नहीं था कि वो किन विचारों में मशगूल रहते थे। धीरे धीरे जब वो अपने कल्पनालोक में बहुत आगे बढ़ गए तो वो दिन में स्टोर की देखभाल करने लगे और रात के अंधकार में  गायब रहने लगे। धीरे धीरे दिन ,महीने और साल दर साल गुजरने लगे और नेक चन्द्र की  कल्पना की दुनिया  इस धरती में अवतरित होने लगी।  दस साल के लम्बे अंतराल तक  जब वो इस प्रकार रातों को गायब रहने लगे  तो  लोगों को शक हुआ  कि ये कहाँ रहते हैं और क्या करते हैं । तब एक   सरकारी अफसर ने आख़िरकार खोजबीन कर के पता लगा ही लिया नेक चंद के इस अदभुत कारनामे का और उसने अवैध निर्माण की शिकायत लगा डाली। पर चंडीगढ़ की जनता ने इस महान व्यक्ति के कार्य को ना केवल सराहा और इसे चंडीगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सूची में भी ला दिया। इस तरह से रॉक गार्डन दुनिया की  नजरों के सामने आया। चोरी छुपे तो यहाँ जीवंत सी लगती काल्पनिक मूर्तियां बनाई गयी थी उसके बाद तो ये निर्माण बढ़ता ही चला गया। गर्मियों के दिनों में सुबह सात बजे से शाम के साथ बजे तक और सर्दियों में शाम के छह  बजे तक ये गार्डन प्रयटकों के लिए हफ्ते के सातों दिन पर्यटकों के लिए खुला रहता है बीस रुपया मात्र की एंट्री फीस के साथ।
                  हम म्यूजियम काम्प्लेक्स से निकल कर एक बार फिर अपनी डबल डेकर में सवार हो गए और इसने हमें करीब आधे घंटे में रॉक गार्डन छोड़ दिया। सरदार जी का कहना था कि डेढ़ घंटे में आ जाओ तो वो रुकेंगे हमारे लिए, इसलिए  रॉक गार्डन को इत्मीनान से देखने का सोच कर हमने सरदार जी को बाय बाय बोल दिया। बाहर निकले तो सामने से तीन  पत्थरों का एक ढेर दिखाई पड़ा,पास जा के देखा इन पर तो गार्डन का नाम अंकित है। इसे देखने के बाद टिकटघर पर लगी विशालकाय पंक्ति में हम भी शामिल हो गए। आगे जा के एक बहुत ही कलात्मक सा गेट दिखा तो हम उसे रॉक गार्डन का गेट समझने की भूल कर बैठे,अंदर जा के ज्ञात हुआ कि ये तो कैफ़ेटेरिया था। फिर अपनी भूल सुधार कर रॉक गार्डन के मुख्य गेट पर गए।क्या करें बनाया ही ऐसा गया है तो कोई भी भूल कर बैठेगा। अंदर गए तो कई संकरे रास्तों,मिट्टी के घड़ों से,पुरानी चुडियों, पुराने टाइल्स आदि से बनई विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों ने हमारा दिलखोल कर स्वागत किया। कई बार यहाँ घूमते हुए ये लग रहा था शायद हम किसी किले में घूम रहें पर दूसरे ही पल किसी और वस्तु को देखकर ये भ्रम टूट जा रहा था।कल कल बहते पानी के झरने कुछ अलग ही अहसास दिला रहे थे। कुल मिलाकर कबाड़ के ढेर से बने नेक चन्द्र के सपनो के इस गार्डन में आधुनिकता के साथ पुरानेपन दोनों का ही समवेश लग रहा था। घूमते घूमते काफी तेज गर्मी लग गयी तो एक गुफा के आकर की जगह में कुछ देर सुस्त लिए। उसके बाद थोड़ा और आकृतियों को देखने के बाद हम यहाँ से बहार निकालकर पुनः उस कैफ़ेटेरिया में चले गए। गजब के आलू के पराठे मिले थे वहां पर वो भी ठीकठाक रेट पर। खाने पीने के बाद अब वापसी का सोचना था तो सरदार जी के बताये मार्ग का अनुसरण कर के हम बस द्वारा सेक्टर सत्रह के बस अड्डे पहुंचे और क्लॉक रूम जा कर अपना सामान निकलवाया। अब इधर से अगली मंजिल थी एयरपोर्ट की तो एक बस और पकडी जिसने एयरपोर्ट के पास में उत्तर दिया। यहाँ से दस मिनट का पैदल रास्ता तय कर के एयरपोर्ट और उसके बाद वापस बैंगलोर। फिर मिलेंगे जल्द ही किसी नयी जगह पर,तब तक आप रॉक गार्डन के दर्शन करिये-
प्रवेश द्वार के समीप के पत्थर जिन पर रॉक गार्डन का नाम लिखा है। 
इतिहास एक नजर में 
एक छोटी सी नहर के ऊपर पुलिया। 
झरना 
ये संकरे से रास्ते 
तुरंत बाद चौड़ा रास्ता आ गया। 

कुछ दुमंजिले से भवनों की आकृति। 
एक झरोखा सा। 
ये कल कल बहता पानी जाने कितने लोगों ने यहाँ फोटो खिंचवायी होंगी। 

नेक चंद की सेना। 

सेना का अन्य रूप 
सेना का अन्य रूप 
सेना का अन्य रूप 







Tuesday, 9 February 2016

Chandigarh:The First Planned City of India and its Attractions,चंडीगढ़ का भारत का प्रथम सुनियोजित शहर और इसकी शान सुखना लेक

               दुर्गा माँ के स्वरूप चंडी देवी के नाम पर बसा चंडीगढ़,उत्तर भारत के मुख्य शहरों में आता है। जहाँ एक तरफ तो ये केंद्रशासित प्रदेश होने के साथ साथ पंजाब एवं हरियाणा की संयुक्त राजधानी के रूप में जाना जाता है, वहीं दूसरी तरफ इसे भारत के सबसे पहले  सुनिजोयित शहर के रूप में भी भरपूर प्रसिद्धि मिली है। शिवालिक श्रृंखलाओं की तलहटी में बसे इस शहर में आधुनिकता के साथ साथ पौराणिकता का संगम भी देखने को  मिलता है। इसके पहाड़ों के समीप होने के कारण कई बार मन करता है कि यहीं कही रोजी रोटी का ठिकाना मिल जाये तो भागमभाग की जिंदगी छोड़ के आ जाओ । जब मन करे ठंडी हवा खाने को पहाड़ी वादियों में चल दो और पंजाबी खाने के स्वाद से तो सभी परिचित  हैं। भारत पाक विभाजन के बाद पंजाब को एक नयी राजधानी की जरूरत आन पड़ी, तब फ्रांसीसी आर्किटेक्ट ली कार्बूजियर ने सन उन्नीस सौ बावन में एक कुशल योजना के साथ  सेक्टरों के हिसाब से चंडीगढ़ की नींव रखी।सेक्टर एक से लेकर सेक्टर सैतालिस में पूरा चण्डीग़ढ़ समाया है, जिसमे से तेरह के अनलकी नम्बर को स्थान नहीं दिया गया है। इसके अलावा सड़को में करीने से लगाये हुए छायादार पेड़ हर मौसम में राहगीरों को छावं देते है। क्यूंकि सड़कों के किनारे पेड़ों को दो से तीन पंक्तियों के रूप में लगाया गया है जिससे कोई न कोई वृक्ष हर मौसम में छाया दे सके। इसके अतिरिक्त यहाँ के तापमान के मद्देनजर सुखना लेक नामक आर्टिफिशियल लेक का निर्माण भी ठंडी हवा के साथ साथ कई सारे उद्देश्यों की पूर्ती हेतु करवाया गया था।  स्वच्छता के मामले में तो कोई मिसाल ही नहीं है यहाँ की। चंडीगढ़ में स्वयं में तो कई दर्शनीय स्थल हैं ही, पर इसके अलावा ये कई सारे हिल्स स्टेशन के प्रवेश द्वार के रूप में भी जाना जाता है। अगर किसी को हिमाचल जाना है तो क्या मजाल उसकी जो  चंडीगढ़ को छोड़ के जा पाये। इसलिए सुनियोजित तरीके से बसाये गए इस शहर को मौका मिलने पर देखना तो जरूरी ही हो जाता है। भारत की राजधानी दिल्ली से चण्डीगढ़ हर तरह से पहुंचा जा सकता है। वायु मार्ग द्वारा करीब पैतालीस मिनट लगते है। ट्रेन और बस द्वारा भी अधिक से अधिक पांच घंटे में पहुँच जाते हैं।कई बार प्लान बनाया यहाँ आने का , हर बार कुछ ना कुछ व्यवधान पड़ा और नहीं आ पाये। किसी तरह से इस वर्ष के मई माह में हिमाचल आते जाते समय कुछ घंटे का समय चंडीगढ़ देखने के लिए हमने निकाल लिया। यहाँ के मुख्य दर्शनीय स्थलों में सुखना लेक, रॉक गार्डन, पिंजौर गार्डन , रोज गार्डन और कुछ संग्रहालय आते हैं।

                    एक मई को हम बैंगलोर से अपराह्न एक बजे दिल्ली से होते हुए चंडीगढ़ जाने के लिए जेट एयरवेज की फ्लाइट में बैठ गए। जिसने थोड़ा देर दिल्ली में रुकने के बावजूद शाम के पांच चालीस पर चंडीगढ़ की धरती पर उतार दिया। इस दौरान हमें एयरलाइन द्वारा मुफ्त में दिन का लंच और शाम का नाश्ता मिला। उतर  कर देखा तो एयरपोर्ट का नजारा बहुत बढ़िया था, क्यूंकि बाहर से देखने पर ये एक ग्लास की ईमारत जैसा लग रहा था  पर सुरक्षा को मद्देनजर यहाँ फोटोग्राफी करने की अनुमति नहीं थी। यहाँ भी हम पैदल ही बाहर निकल पड़े। एयरपोर्ट से बाहर निकलते निकलते ही साढ़े छह बज गया और हमारी बस दस बजे की थी।   उसे पकड़ने के लिए हमें  सेक्टर तैंतालीस पर स्थित बस अड्डे पर रात्रि नौ बजे पहुंचना जरुरी था। फ्लाइट में खाना मिला ही था तो अब और खाने का तो सवाल ही नहीं उठता था। मतलब अपने पास दो घंटे का समय था जिसमे हम बिना किसी टेंशन के आराम से घूम सकते थे और बैठने का  कोई ना कोई ठिकाना तो होना ही चाहिए। शाम के समय को देखते हुए हमने सेक्टर एक पर स्थित सुखना लेक जाने का मन बनाया जो यहाँ से करीब सौलह किलोमीटर की दूरी  पर स्थित है । जाने का साधन फिर से हमारी पुरानी साथी ओला कैब थी। इसका कारण भी एक जबरदस्त डील थी जो हमने पिछले वर्ष घर जाते समय ली थी। उन दिनों ओला कंपनी नयी नयी आई थी और इसमें ऑफर आया था जितना पैसा ओला वॉलेट में कस्टमर डालेगा उतना ही पैसा ओला भी डालेगी। और इसके साथ साथ ये भी था अगर ओला वॉलेट से पेमेंट करो तो ट्रिप का खर्च आधा पड़ेगा। उस समय हमने साढ़े तीन हजार रूपया डाल दिया था जिसने फाइनली दस हजार रूपये के मूल्य का काम किया। तब से आज  तक हम इस अवसर का लाभ उठा रहे थे। कमाल की बात ये रही ऐसा ऑफर दुबारा फिर नहीं आया।खैर ये तो बात थी ऑफर की, करीब आधे घंटे में हम सुखना लेक पहुँच गए। 
                   तीन वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैली सुखना लेक  के निर्माण भी कार्बूजियर की सूझबूझ का एक उत्कृष्ट  नमूना है। उन्होंने एक बरसाती नाले पर बांध बना कर इस झील का निर्माण कराया ,जिससे दो तरह से फायदा मिला। पहला ये कि शहर में बरसाती पानी का फैलाव रूक गया और दूसरा ये कि नगरवासियों को एक बढ़िया पिकनिक स्पॉट मिल गया। इससे  सुबह शाम जॉगिंग के लिए पर्याप्त जगह मिल गयी और अगर शाम को यहाँ बैठ जाओ तो एक बढ़िया सूर्यास्त के दर्शन तो हो ही जायेंगे। पर्यटकों के लिए भी समय बिताने के लिए ये बहुत अच्छी जगह है  जहाँ जाने का कोई पैसा नहीं लगना है। मुख्य जगह से लेक की तरफ जाने को ढलवा सीढ़ीदार रास्ता बना हुआ है जिन पर बैठकर के सैकड़ों पैडल बोट की सवारी करते हुए लोगों के साथ साथ पीछे दिखती पहाड़ियों को भी देख सकते हैं। पैडल बोट में चार लोगों के बैठने की जगह थी। यदि दो लोगों को बैठना हो तो प्रति व्यक्ति सौ रुपया और अगर चार लोगों का समूह हो तो प्रति व्यक्ति पचास रुपया लग रहा था और बोटिंग की ड्यूरेशन आधा घंटा रहती है। टिकट छह बजे से पहले लेना रहता है। इसके अतिरिक्त अगर कोई व्यक्ति चलकदमी में रूचि रखता हो तो लेक के सहारे बने पैदल पथ को भी नाप सकता है। हमारा ऐसा कोई विचार नहीं था ,इसलिए कुछ देर यहां बैठकर लेक को निहारा और कुछ फोटो ले लिए।  थोड़ी देर यहाँ बैठने के बाद हम दूसरी तरफ बने पार्क में आराम से बैठकर सुस्ताने के लिए चले गए। बढ़िया सी हरी घास  और आसपास लगे छायादार पेड़ किसी यात्री को इससे ज्यादा क्या चाहिए। पर शाम का समय होने के कारण मच्छर जरूर मडरा रहे थे और उसके साथ साथ डेंगू का खतरा भी ,तो बार बार जगह जरूर बदलनी पड़ी। अब तक मारे गर्मी के खाने का तो नहीं परन्तु कुछ कोल्ड ड्रिंक का मन जरूर हो गया था। सुखना लेक के पास बने इस पार्क में तो खाने पीने का कुछ जुगाड़ नहो दिख रहा था तो हम इस पार्क से बाहर निकले और दूसरे गेट से सुखना बोटिंग काम्प्लेक्स के अंदर चले गए।यहाँ पहुँचते ही खाने चुंधियाँ गयी, बहुत चमक दमक वाली जगह थी ये ।इसे देखकर नैनीताल के फ्लैट्स की यादें ताजा हो गयी। यहाँ बच्चों के लिए छोटे मोटे झूले,पेड़ों के आसपास लगी चमकदार बिजली की मालायें, कई सारी खाने की दुकाने और इसके अलावा ढेर सारे लोग। कुल मिलाकर मेले का सा माहौल था इस जगह पर ।एक ठीकठाक सी दुकान में खाने का आर्डर देने गए तो मन डोसे पर जा के अटक गया,क्या करें साउथ इंडिया का असर  नार्थ जा के भी पीछा नहीं छोड़ता और इसके साथ के लिए मंगवायी पंजाब की शान लस्सी। जब तक खाना आता तब खुले में लगी कुर्सी मेज में से एक हमने अपने लिए भी छाँट ली और बैठकर चमक दमक निहारने लगे ।इतने में अपना डोसा आ ही गया और इतना करते करते साढ़े आठ बज गया और हम बस अड्डे की तरफ चल पड़े।अगली पोस्ट में देखते हैं वापस आते समय हमने चंडीगढ़ में  क्या क्या देखा,तब तक के लिए आज्ञा दीजिये।
यात्रा के दौरान लिए गए चित्र-
चंडीगढ़ की साफ़ सुथरी व्यवस्थित और हरी भरी सड़क 
सुखना लेक में बोटिंग करते लोग और पार्श्व में दिखती पहाड़ियां 
बोट हाउस की तरफ दिखता फाउंटेन 
लेक पर जाने के लिए बनी सीढियाँ ,क्या हुआ सूर्यास्त के समय तक नहीं पहुंचे ,चन्द्रमा के दर्शन तो हो ही गए 
सुखना लेक पार्क 

Friday, 13 November 2015

Around Port Blair ...पोर्ट ब्लेयर के आसपास के नज़ारे

                  आज  के दिन  तय  प्रोग्राम के अनुसार रॉस आइलैंड एवं माउंट हैरियट जाना था। पर आज जो घटना हुयी वो इस इस बात का पुख्ता उदाहरण है कि नर सोचे और नारायण करे और।अचानक ही परिवार में किसी की तबियत खराब होने से मेरे हसबैंड को अपनी फ्लाइट मोडिफाई कर के कोलकाता  से होते  दिल्ली जाना पड़ा यात्रा में थोड़ा व्यवधान तो पड़ा,फिर भी भगवान को धन्यवाद देना बनता था कि ये घटना ट्रिप के अंतिम दिनों में ही हुई। इसलिए हम अभी तक लगभग अपने मुख्य इंटरेस्ट की जगहें देख चुके थे।  बस साथ में ले जाया हुआ बीस रूपये का नोट जो धरा का धरा रह गया उसका थोड़ा अफ़सोस था। अब यहाँ हम चार  लोग ही रह गए जिनमे दो बुजुर्ग और एक छोटा बच्चा शामिल थे। अब ये लोग किसी भी हालत में  छोटे बच्चे के  साथ ज्यादा दूर और पानी वाली जगह में जाने को तैयार नहीं थे।इसलिए प्लान में आमूलचूल परिवर्तन करते  हुए लोकल पोर्ट ब्लेयर देखने का मन बनाया गया। वैसे अब तक यहाँ के मुख्य आकर्षण जॉली बॉय आइलैंड,कोर्बिन्स  कोव बीच ,सेलुलर जेल एवं म्यूज़ियम इत्यादि हम पहले ही देख चुके थे। अब यहाँ के दर्शनीय स्थलों में से हमारी देखने वाली जगहों में जॉगर्स पार्क ,गांधी पार्क और राजीव गांधी वाटर पार्क और चाथम सौ(आरा मिल) मिल बचे थे ,जिसमे राजीव गांधी पार्क में वाटर स्पोर्ट्स का आयोजन होता है, तो हमारा वहां जाने का कोई खास मन नहीं था।इसलिए आज के दिन की शुरुआत भले मॉर्निंग वाक के साथ नहीं हुई पर फिर भी  जॉगर्स पार्क से ही हुई। 
जॉगर्स पार्क का एक दृश्य 
 अब देखते हैं क्या खास है जॉगर्स पार्क में

                       जैसा कि नाम से ही  पता लग रहा है वीआईपी रोड पर स्थित जॉगर्स पार्क सुबह और शाम वाक और जोगिंग करने वालों की भीड़ से भरा हुआ रहता है। जब काफी देर समुद्र  की लहरों  के साथ  मस्ती करने  के बाद जब कदम थकान से डगमगाने लगें तो चार पल शांतिपूर्ण वातावरण में बैठने के लिए इससे पार्क से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती है। ये जगह पोर्ट ब्लेयर की ऊँची जगहों में से एक है,जहाँ से शहर के नयनाभिराम दृश्य देखे जा सकते हैं। इस स्थान की सबसे बड़ी विशिष्टता इसका वीर सावरकर हवाई अड्डे से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर होना है। यहाँ आराम से शांतिपूर्ण वातावरण में  बैठकर वायुयानों को उड़ते और लैंड होते हुए देख सकते हैं। ये  पार्क सुबह साढ़े पांच बजे से रात्रि के आठ बजे तक खुला रहता है। सबसे मजेदार बात ये है क़ि यहाँ जाने की कोई फीस नहीं पड़ती। यहाँ पर खड़े हो के रनवे तो रनवे,आने जाने वाले वायुयानों की  हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकती है,हालाँकि हम इतने खुशकिस्मत नहीं थे कि  उड़ता या लैंड होता जहाज देख पायें, क्यूंकि यहाँ गिनी चुनी फ्लाइट्स आती हैं। सुबह आने वाली वाली आ के चली गयी और दूसरी के आने में अभी काफी वक्त था। कड़ी धूप में ज्यादा देर रुका नहीं जा रहा था। इसलिए सामने  दिखने वाले रनवे का ही फोटो लेने का सोचा। इतने में जेब से कैमरा निकला तो पता लगा उसका मेमोरी कार्ड गायब है और एक बार फिर कई  साल पुराने मोबाइल के  कैमरा ने साथ दिया। उसका रिजल्ट आपके सामने है।
                               
जॉगर्स पार्क से दिखता वीर सावरकर एयरपोर्ट का एक मात्र रनवे 
                             कुछ देर यहाँ बिताने के बाद हम अब गांधी पार्क की और जा रहे थे तभी रास्ते  में भारत के नक़्शे की तरफ नजर पड गयी। जो जगह देश प्रेम के  मतवालों की हो वहां भारत के नक़्शे का होना तो  आवश्यक ही है।
मेरा भारत महान 
                               इसके बाद हम गांधी पार्क के मुख्य द्वार पर पहुँच ही गए।अंडमान के लिहाज से गांधी पार्क एक अच्छी जगह है ,पर भारत के अन्य हिस्सों से आने वालों को उतनी खास नहीं लगेगी। अब जैसे कोई बैंगलोर से जाये जो कि खुद ही गार्डन सिटी के नाम से फेमस है ,तो उसके मन में ये पार्क रच बस नहीं पायेगा। परन्तु  बच्चों के साथ आने वाले पर्यटकों के  लिए ये एक ठीकठाक जगह है ,बच्चों के लिए काफी कुछ है यहाँ पर।नाम के अनुरूप यहाँ गांधी जी की एक प्रतिमा लगी हुयी है।उसके अतिरिक्त एक बच्चों की खिलौना ट्रैन है। खिलौना ट्रैन वाले और मेरे बीच के वार्तालाप की एक झलक -"कितने पैसे लगेंगे भईया ,जी अस्सी रूपये ,अब पता नहीं बच्चा बैठेगा या नहीं ,मैडम बच्चा आपका है आपको पता होगा कि बच्चा बैठेगा या नहीं। "  वैसे मेरा मन ये  था एक बार बैठा के देख लेते ,अगर ठीक लगता तो पैसे दे देते। पर जब उसके गरम अंदाज देखे तो हम वहां से ट्रैन का मोह छोड़ के निकल लिए। यहाँ पर एक छोटी सी क्रतिम झील भी है जो शायद बच्चों को बोटिंग करने के लिए इस्तेमाल होती हो। इसके अलावा एक बड़ी झील है जिसके चारों और ये पार्क बना हुआ है। पहले हमारा विचार पूरे पार्क का एक चक्कर लगाने का था ,पर जब थोड़ा दूर जा के ऐसा लगा कि सब जगह से लगभग एक ही तरह के दृश्य दिखाई दे रहे हैं ,तो हम वहीँ से वापस हो लिए।इस लेक में पैडल बोट की सुविधा भी उपलब्ध है। हमने कई जगह बोटिंग करी है तो इस छोटी सी झील में बोटिंग का कोई इरादा नहीं था। इस पार्क के कुछ दृश्य -
     
खिलौना ट्रैन गूगल द्वारा 
लेक में खड़ी पैडल बोट 
लेक के किनारे किनारे चलने के लिए बना पैदल पथ 
                      अंडमान आइलैंड का बाजार मोती और कोरल के लिए काफी प्रसिद्ध माना जाता है। कहते हैं कि यहाँ पर सच्चा मोती कम दामों  में मिल जाता है। इसलिए हम भी चले गए सच्चा मोती खरीदने ,अब हम तो ठहरे ग्राहक ,क्या जाने कौन सा मोती सच्चा है और कौन सा झूठा। फिर भी इससे पहले मैंने नवाबी नगरी हैदराबाद से मोती खरीदे थे। वहां का अनुभव थोड़ा काम आया,वहां किसी ने कहा था मोती को रगड़ के देखना चाहिए और खरोच आने के बाद पानी लगा के देखो फिर पहले जैसा दिखने लगे तो सच्चा माना जाता है ,सो यही फार्मूला आजमा के कर ली थोड़ा खरीददारी। यहाँ से बाहर निकलने तक रात ही हो गयी थी ,तो सोचा एक बार फिर से भारत के नक़्शे के दर्शन करते हुए ही होटल वापस जाएँ। 

जगमगाता हुआ भारत का नक्शा 
                            यहाँ से होटल वापस जा के एक बार फिर चौखट के भोजन का जमकर आनंद उठाया ,और अपना सारा सामान कर जल्दी ही सो गए। अगला दिन अंडमान को अलविदा कह कर वाया चेन्नई शताब्दी एक्सप्रेस से  बैंगलोर पहुँचने के लिए निर्धारित था। इसी के साथ सफेद रेत अंडमान आइलैंड की अविस्मरणीय यात्रा का सुखद समापन हो गया।

अंडमान का सफर एक नजर में -



Tuesday, 3 November 2015

Havelock to Port Blair...कितना यादगार था हेवलॉक से पोर्ट ब्लेयर का वो सफर,देखने को कुछ था तो बस हर तरफ बिखरा हुआ नीला रंग

                     पोर्ट ब्लेयर जाने वाली फेरी में बोर्डिंग में थोड़ा समय बचा था ,तो सोचा यहीं इधर उधर टहल कर हैवलॉक की थोड़ी और यादें समेट लें  और साथ के साथ कुछ नाश्ते का बच्चे के लिए कुछ नाश्ते का सामान पारले जी बिस्कुट ,थोड़े बहुत चिप्स और कुछ छोटे छोटे फ्रूटी के डब्बे भी रख ले,जो आगे सफर में काम आएं। इस समय हमारा घूमने का एरिया जेट्टी के आसपास का ही था, तो वहां सब पोर्ट ब्लेयर वापस जाने वाले लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। वहीँ पास में एक बस स्टेशन था और पास के पार्क में कुछ झोपड़ीनुमा बैठने की जगह बनी हुयी थी जिनमे बैठकर कुछ और नहीं तो कम से कम तपती हुयी धूप से तो बचा ही जा सकता था।यहाँ  घूमते-घूमते एक मंदिर के दर्शन भी हो गए। घूम फिर के हम फिर वापस जेट्टी पर आ गए क्यूंकि अब बोर्डिंग का समय भी हो गया था। जाते जाते जेटी का एक फोटो भी खींच ही लिया,हालांकि जो देख के आ रहे थे उसके आगे ये दृश्य कुछ भी नहीं था -

बीच नंबर १ 


राधानगर बीच को जाने वाली बस 


पार्क 
                        जेट्टी से फेरी में बैठने के बाद आधा घंटा लगभग  हमने वहां के माहौल से अभ्यस्त होने में लगाया,उसके बाद थोड़ा बैचेनी सी होने लगई। बात ये थी कि अब जब फेरी ओपन डेक है तो हम नीचे बैठकर क्या कर रहे हैं,इसलिए हम पांच यात्रियों में से दो डेक में किस तरह का माहौल है ये देखने के लिए चले गए। अब एक बार डेक पर पहुंचे तो वहां जा कर जो भीड़ दिखी उसमे अचम्भे में डाल दिया,क्यूंकि लगभग सभी लोग डेक पर मौजूद थे। कोई खड़ा था तो कोई बैठा था और सब लोग नीले रंग की महिमा देख रहे थे,नीचे देखो तो नीला पानी,सर उठाकर के ऊपर देखो तो नीला आसमान। जब तक हैवलॉक नजदीक था तब तक थोड़ा हरा रंग भी दिख रहा था,उसके बाद तो कुछ दिख रहा था तो बस नीला समंदर। अब तक हमारे अन्य साथी भी डेक पर आ गए  थे।पूरे सफर में बहुत खूबसूरत नज़ारे देखे , खूब फोटोग्राफी की,यहाँ के  खूबसूरत दृश्यों की प्रशंसा में कसीदेकढ़े।  इसके साथ साथ जब लहरों के बीच जब जहाज हिचकोले खा रहा था तो अपने समय में आने वाले बच्चों के सीरियल का टाइटल सांग भी याद आ रहा था "अगर मगर डोले नैय्या ,लहर लहर जाये रे पानी ,डूबे न डूबे न मेरा जहाजी " ।
            ओपन डेक वाली फेरी में बच्चों के साथ ट्रेवल करने से बहुत ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है,क्योंकि बच्चे इधर उधर ज्यादा करते हैं तो थोडा रिस्की हो जाता है,हम लोगों को इस मामले में ज्यादा परेशानी नहीं हुई क्योंकि छोटा पार्टनर सो गया था।बहुत देर तक नीले समंदर और नीले आकाश के मध्य हिचकोले खाने के बाद सूर्यास्त का समय हो आया और   यहाँ  पर  अंडमान का दूसरा बेहतरीन सनसेट दिखा गया ,जिससे हमारा राधनगर में सनसेट नहीं देख पाने का अफ़सोस थोडा कम हो गया।यहाँ पर सूर्य देवता ने खुले आसमान के साथ अपना हर रंग दिखाया।कभी आग का गोला जैसा तो कभी सुनहरे आसमान के मध्य एक चमकदार बिंदु जैसा।सूर्य देव तो सूर्य देव आज तो चंद्रमा भी हम पर मुक्त हस्त से कृपा बरसा रहे थे।जी हाँ पुर्णिमा के पूर्ण गोलाकार चंद्रमा ने भी यहाँ हमें दर्शन दे ड़ाले।पर सूरज और चंद्रमा दोनों के एक साथ दिखने के बावजूद भी उन्हें फ़ोटो में एक साथ नहीं ले पाये,क्योंकि दोनों की दिशाएं आशा के अनुरूप अलग अलग थी।
                            पूनम  का चाँद










                          सूर्यास्त के बाद अचानक से अँधेरा हो गया ,और अब   स्याह सा आसमान दिखने लगा।अब  समुद्र की भी  बस आवाजें आ रही थी,वो भी लगभग काला ही दिख रहा था। अब जब कुछ दिख ही नहीं रहां था तो डेक में बैठकर भी क्या करना था तो हम एक बार फिर अपनी सीट परजा के विराजमान हो गए। सात बजे लगभग एक बार फिर डेक पर पधारे ये दिखने के लिए कि अभी पोर्ट ब्लेयर कितना दूर दिख रहा है और रात के अँधेरे में कैसा दिख रहा है। देखते देखते कुछ फोटो भी खिंच लिए - 


जगमगाता हुआ पोर्ट ब्लेयर 
जगमगाता हुआ पोर्ट ब्लेयर 
माउंट हैरियट के लाइट हाउस का प्रकाश 
                               ये फोटो लेने तक हम पोर्ट ब्लेयर  पहुँचने ही वाले थे, तो नीचे जा कर उतरने की तैयारी के साथ-साथ राजू भाई को भी फ़ोन लगा लिया  जो कि पहले से ही जेट्टी पर मौजूद था,यहाँ से निकल रात के अँधेरे में खड़े हुए जहाजों को देखना बहुत अच्छा लग रहा था। इतने में राजू भाई आ गए और हम एक बार फिर उनकी गाड़ी में सवार हो कर, अगले दिन के प्रोग्राम के विषय में  हुए दुबारा से चौखट पहुँच गए। 


अंडमान का सफर एक नजर में -



Around Port Blair ...पोर्ट ब्लेयर के आसपास के नज़ारेफेंटा बीच

Saturday, 24 October 2015

 अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत है रामलीला मंचन और रावण परिवार के पुतलों का दहन

              गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामायण से तो सभी लोग परिचित होंगे,उसके दो सौ वर्ष बाद अल्मोड़ा के सम्मानीय विद्वान पंडित देवीदत्त जोशी जी ने रामलीला नाटक का सृजन किया,जिसमे उन्होंने कई सारे गीतों को मिलाकर पूरी कथा बनाई।विश्व की इस सबसे लंबी नर्त्य नाटिका का नाम यूनेस्को की विश्व सांस्कृतिक सम्पदा सूची में भी विद्यमान है।ऐसा माना जाता है सन अट्ठारह  सौ साठ में अल्मोड़ा के बद्रेश्वर मंदिर में पहली रामलीला का आयोजन किया गया था।ये नृत्य नाटिका बहुत जल्दी ही कुमाऊं के साथ साथ गढ़वाल मंडल में भी प्रचारित हो गया,और धीरे धीरे उत्तराखंड के बाहर भी इसने अपना स्थान बना लिया।इस नृत्य नाटिका का मुख्य आकर्षण ये है कि इसमें सभी कलाकार अभिनय के साथ साथ अपने संवादों को याद कर के स्वयं गाते थे।जैसे जैसे ये नाटिका उत्तराखंड से बाहर गयी वैसे वैसे इसका रूप रंग भी परिवर्तित होने लगा और अकेले अल्मोड़ा में भी कई जगह इसका मंचन होने लगा।मेरी याददाश्त में हुक्का क्लब,नंदा देवी,धरनौला,कर्णाटक खोला एवं पांडे खोला में रामलीला मंचन होता था।पिछले कुछ वर्षों से पांडे खोल में रामलीला मंचन बंद हो गया।अक्सर हम लोग धारा नौला की या फिर नंदा देवी में होने वाले रामलीला मंचन को देखने जाया करते थे।एक दिन शाम को बाजार से घर वापस आ रहे थे तो नंदा देवी में सजे मंच को देखे बिना रहा नहीं गया और बचपन में देखी रामलीला और पुतलों का पूरा फ्लॅशबैक आँखों के सामने आ गया और इस वर्ष कई और मोहल्ले भी पुतले बनाने लगे हैं। अब ये संख्या पहले से बढ़कर चौबीस हो गए हैं। ये सुन कर के मन अति उत्साह से भर गया था। एक साथ खड़े ये रावण परिवार के सदस्य कैसे अपने कलाकरों की कला का प्रदर्शन कर रहे थे और कैसे लोगों का हुजूम इन्हे देखने के लिए उमड़ा था-     
पंक्तिबद्ध पुतले और उन्हें देखने के उमड़ी भीड़ 
            आज इस पोस्ट को  लिखते समय ऐसा लग रहा है कि ये यात्रा वृत्तांत न होकर एक संस्मरण सा बन रहा है पर यादों को आने से रोकना असम्भव हो जाता है।उन दिनो हमारे लिए दशहरे का मतलब होता था पूरी मस्ती का पैकेज ,एक तो दस दिन तक स्कूल से छुट्टी और घर के बड़े लोग एक एक दिन नंबर लगा के सभी दुर्गा मंडलों में और बाजार के मंदिरों में जाया करते थे इससे अपनी भी बाजार घूमने की चांदी हो जाती थी।अल्मोड़ा की एक खास बात और भी है वो ये कि यहाँ आपको हर कदम पर मंदिर देखने को मिल जायेंगे।इसलिए हमलोगों का सही रहता था दिन में बाजार रात में रामलीला उस समय और चाहिए ही क्या होता था।इस बार कई सालों बाद इन दिनों अल्मोड़ा आना हुआ तो पता लगा आज के बच्चों में वो उत्साह नहीं रह गया।शायद उनके मनोरंजन के ढंग ही बदल गए हों।मुझे तो आज भी कुछ कुछ कलाकारों के संवाद और गाने थोडा थोडा याद है।पूरी रामलीला में ताडिका का अभिनय ,सीता स्वयंमवर,सीता हरण ,सूर्पनखा नासिका छेदन,अंगद रावण संवाद ,लक्ष्मण शक्ति जैसे प्रसंग बहुत रोचक बन पड़ते थे। एक बात और याद आ गई धनष यज्ञ में रामजी का धनुष तोड़ने में उतना आनंद नहीं आता था जितना कि एक गुदड़ी राजा के यह कहते हुए कि "तोड़ू पुराना धनुष आज शिव शंकर वाला"और एक एक कर अपने पहने हुए बहुत सारे कपड़ों को खोल खोल कर इधर उधर फेंकना। कहने में तो अब अजीब सा लगता है परन्तु बचपन में राम के पक्ष के लोगों की बजाय रावण के पक्ष के किरदार अधिक अच्छे लगते थे जैसे ताड़िका जो कि ये गाना गाती थी "मैं तो ताड़िका हूँ तड़ तड़ कर ताड़ करती हूँ", खर-दूषण का अभिमान से भरा गाना "सुर नर नाग असुर मुनि जेते" और उसके बाद रामचन्द्र जी को पहचानने के बाद का इस तरह का अभिनय "हैरान हूँ में देख के इस छबि का क्या करूं। "छः महीने तक सोने वाले विशालकाय कुम्भकर्ण को कैसे भूल सकते हैं -"राम को खाऊँ, लखन को खाऊं,सीता को कच्चा चबाऊं" या फिर रावण का अपनी सभा में यह आदेश देना "मंत्री नाच गाने का प्रबन्ध करो"आदि। नौ दिन तक राम जन्म से रावण वध तक की कथा को बड़े रोचक ढंग से मंचित होते देखने के बाद दशहरे के दिन कड़ी मेहनत से बनाये रावण परिवार के पुतलों को पूरे शहर में घूमाने के बाद स्टेडियम में दहन करा जाता है। जब हम बचपन में पुतले देखने जाते थे तो शायद दस से बारह ही बनते होंगे। तब से आजतक बढ़ते बढ़ते रावण परिवार के पुतलों की संख्या चौबीस पहुँच गयी है। जो राक्षस जिस क्रम में मारा जाता है वो इस झांकी में सबसे आगे रहता है और अंत में दशानन के पीछे पीछे अधर्म पर धर्म की विजय सवरूप राम लक्ष्मण की सवारी भी निकाली जाती है। पूरे उत्तराखंड में इस दशहरा महोत्सव का काफी महत्व है, इन दिनों लोग दूर दूर से रावण परिवार का दहन देखने अल्मोड़ा आते हैं।इस साल प्रशासन द्वारा चौदह फ़ीट से ऊँचे पुतले बनाने की अनुमति नहीं है ,इसलिए कई सारे पुतले बैठी हुई मुद्रा में बने हुए हैं। महीने भर की कड़ी मेहनत ,लगन ,कुशल नेतृत्व एवं कलाकारी से लाखों लोगों का आकर्षण बने ये पुतले मिसाल है अल्मोड़ा नगरी के हर एक मोहल्ले के हस्तकलाकारों का जो दिन रात मेहनत कर के इस दशहरा महोत्सव को खास बनाते हैं।  देखिये इनकी कुछ झलकियाँ -
ताडिका 
अहिरावण
                  अहिरावण की साथी शर्मीली 
लवासुर 
वीरत 
प्रहस्थ 
त्रिसरा 
हो के घोड़े में सवार आया नौरंतक 

शेर पे सवार अक्षय कुमार 

कालकेतु 
सुबाहु 
मारीच के  हिरन और मनुष्य दोनों रूप
\
        यज्ञ करता हुआ मेघनाथ                                  
कंकासुर 
रावण 
निकुम्भ 
                                           
                                   इन राक्षसों के पीछे पीछे चलती है राम लक्ष्मण की सवारी                                                                                                                 इसी बीच पुतलों के साथ साथ कलाकार पारम्परिक वेशभूषा में छोलिया नृत्य का प्रदर्शन भी हो रहा था। छोलिया नृत्य को कुमाऊँ के नृत्य के रूप में जाना जाता है और नृत्य करने वाले पुरुषों को छोल्यार कहा जाता है। ये कलाकार सफ़ेद चूड़ीदार पैजामा ,सफ़ेद पगड़ी और लम्बा चोला पहन कर गेंदे की खाल से बने नगाड़े की थाप पर लम्बी लम्बी तलवारें ले कर थिरकते हैं। ये नृत्य वीर रस का प्रतीक है। 
छोलिया नृत्य 
स्टेडियम में दहन 
आतिशबाजी 
                               इस तरह से स्टेडियम में पुतलों के दहन के साथ इस दशहरा महोत्सव २०१५ का समापन हो गया।