Showing posts with label west india. Show all posts
Showing posts with label west india. Show all posts

Thursday, 21 July 2016

Hawa Mahal and Jantar Mantar,Jaipur

         आमेर के बाद हमारी यात्रा का अगला लक्ष्य था पेट पूजा करने के बाद हवा महल के दर्शन करना। इतने में ड्राईवर साहब बोले पुराने जयपुर के लक्ष्मी मिष्ठान भंडार में ही खा लेना और उसके बाद हवा महल देख लेना। इसका नाम काफी घुमक्कड़ मित्रो से सुना हुआ था तो हमने रजामंदी दे दी। पुराने जयपुर पहुंचे ही थे कि पेट में जोरों से चूहे कूदने लगे जैसे कह रहे हों बस अब हो गया और इंतजार नहीं होता। जब भूख लग ही गयी थी तो रुकने के अतिरिक्त और विकल्प नहीं बचा था इसलिए हम पास में ही एक ठीकठाक सा साफ़ सुथरा रेस्तरां देख कर बैठ गए। हमने दो स्पेशल थाली और बेटी के लिए मैंगो शेक का आर्डर दिया। खाने की गुणवत्ता अच्छी थी। तीन चार प्रकार की सब्जी और दो नॉन एक प्लेट में मिले,ऊपर से रायता और चावल अलग से।जल्दी जल्दी में खाना निपटाया और हवा महल की तरह का रुख किया। सुबह आते समय एक अलग ही पुराना जयपुर दिखा था, इस समय अलग ही नज़ारे दिखे। खुली खुली दुकाने, दुकानों में लटके कपडे। देखने से ही लग रहा था कि अच्छे मतलब सस्ते दामों में सामान मिल जाता होगा।पर हमारा लक्ष्य तो कुछ और ही था। हमें हवा महल पहुँचने की जल्दी थी। पुराने जयपुर की दुकानों पर नजर डालते हुए हम हवा महल पहुँच गए। गुलाबी रंग की इस पांच मंजिला इमारत में नौ सौ तिरेपन झरोखे बने हुये हैं। इन्ही झरोखों से राज परिवार की रानियाँ बाजार की रौनक देखा करती थी।इनमे भी बारीक़ सी जालियां लगी थी जिससे बाहर तो दिख जाये पर अंदर कोई ना देख सके। रानी महारानियों को पर्दा प्रथा के कारण खुले में बाहर निकलने की अनुमति नहीं होती थी। कभी कभी बहुत तकलीफ सी होती है इनके बारे में सोच कर, शायद सोने के पिंजरे में बंद चिड़िया की जैसी अवस्था होती होगी इनकी। होने को तो सब कुछ ही होगा पास में ,बस उड़ान भरने को पंख नहीं होंगे। किसी को देख नहीं सकते, दुनिया के सामने जा नहीं सकते,अपनी मर्जी से जी नहीं सकते।अगर किसी कारण विशेष से निकलना पड़ ही जाये तो लंबा सा घूँघट ओढ़ना तो अति आवश्यक ही हुआ। पर ये क्या, ये तो एक कैदी की सी अवस्था हुयी। या कहो कैदी का जीवन भी थोड़ा बेहतर होगा वो इस आस में जी लेता होगा कि कभी ना कभी तो उसकी सजा ख़त्म होगी ,पर इनकी सजा तो जन्म के साथ शुरू हो कर मृत्यु के साथ ही समाप्त होती होगी। हालाँकि इन झरोखों से क्या नजर आता होगा, जैसा खुली आँखों से खुले आसमान के नीचे लगता होगा। फिर भी भला हो सवाई प्रताप सिंह का जिसने इसे बनवाया। कुछ नहीं से तो थोडा बहुत दिखना ही अच्छा हुआ। बड़ी ही आकर्षक बनी है ये इमारत, जैसी फ़ोटो में दिखा करती थी ठीक वैसी ही लगी। इन झरोखों के आस पास रंग बिरंगे कांच लगे हुए हैं जो कि देखने में अच्छे लगते हैं और थोड़ी थोड़ी हवा भी आ रही थी, शायद इसी कारण इसे हवा महल कहते हों।
               यहाँ पर हमने ज्यादा समय नहीं व्यतीत किया और हवा महल के पीछे से होते हुए आगे बढ़ गए। इसके पिछवाड़े में भी कई सारी दुकाने बनाई गयी हैं। थोडा थोडा दिल्ली के चांदनी चौक जैसी जगह लग रही थी ये। पतली सी गलियाँ और ढेर सारी छोटी छोटी दुकाने। अब हमारा इरादा सीधे रेलवे स्टेशन जा के आराम फरमाने का सा था, पर रास्ते में ड्राईवर बोला सामने से जंतर मंतर दिखाई दे रहा है, अभी तो ट्रेन के आने में टाइम है थोड़ी देर जा के नजर एक नजर मार ही आओ जब गेट के पास खड़े ही हो तो। मन नहीं होते हुये भी उसका कहना मान कर हम उतर तो गए और मन में अफ़सोस मना रहे थे कि इतनी गर्मी तो नहीं थी फालतू में ही हम डर गए एक दिन रुक ही जाते तो अच्छा होता। पर जंतर मंतर में हमारा ये भ्रम बहुत अच्छी तरह से दूर हो गया। दोपहर में शायद एक से डेढ़ बीच का समय रहा होगा जैसे ही यहाँ पर एक दो खगोल यंत्र देखने शुरू किये गर्मी ने चपेटे लगाने शुरू कर दिए। मैं और सानवी तो एक जगह छाँव में विराजमान हो गए और ये कुछ यंत्रों को देखने के लिये आगे बढे। यहाँ पर मैंने कोई भी चीज ढंग से नहीं देखी और जो थोडा बहुत देखने का सोचा तो गर्मी ने होश उड़ा दिए। यहाँ पर दो तीन पानी की बोतल फटाफट खर्च हो गयी और यहाँ से भागे भागे जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहाँ पर हमको टेक्सी वाले ने एक रेस्तरां के पास उतारा। वो बोला आप यहीं से होते हुए चले जाओ तो छाया छाया में पहुँच जाओगे, फालतू में ही गेट से जाने पर लाइन में लगना पड़ेगा। अब हम यहाँ के सो कॉल्ड वातानुकूलित वेटिंग रूम में पहुंचे। बाहर से देखने पर ही मामला समझ आ गया। ऐसी था तो सही पर चल नहीं रहा था, उसके बदले पंखों से काम चलाया जा रहा था और भीड़ तो इतनी थी कि जैसे खड़े होने की भी जगह ना हो। यहाँ पर पता लगी जयपुर की असली गर्मी। खैर किसी तरह से ये समय कट गया और अपनी रानीखेत एक्सप्रेस आ गयी।  यहाँ के कठिन अनुभव के बाद उसकी सीट में बैठकर तो ऐसा लगा जैसे हम किसी आरामदायक सोफे में बैठे हों। हमने बुकिंग कराते समय ही साइड अपर और साइड लोअर सीट को प्राथमिकता दी थी, जिससे कि अपने हिसाब से सोना और बैठना कर सके। थोड़ी देर में हम तीनो बढ़िया नींद में थे और तब तक खाने वाला आ गया। दो प्लेट खाना मंगवा लिया । मंगा तो लिया पर अब खाओ कैसे बहुत ही थर्ड ग्रेड का खाना। पैसे लेते समय तो पनीर की सब्जी और फुल्के कहते हैं और देते समय मिर्ची का सालन और कड़कडे पापड़। मरता क्या ना करता वाली स्थिति थी अब भूख तो मिटानी ही थी, तो किसी तरह से कुछ निवाले हलक से नीचे उतारे। खाने के बाद थोड़ी देर गप करते और जयपुर के फ़ोटो देखते हुये कब नींद आई पता ही नहीं लगा और सुबह सीधे हल्द्वानी में ही आँख खुली।
यात्रा की कुछ झलकियां-

हवा महल।

हवा महल।
जयपुर के बाजार ।
जयपुर के बाजार।
यहीं कहीं से एक छोटे बच्चों का लहंगा लिया था।
जंतर मंतर।
जंतर मंतर
जंतर मंतर।






        जयपुर यात्रा-
        इस यात्रा की अन्य कड़ियाँ -

Tuesday, 12 July 2016

Amer Palace,Jaipur

                   जयगढ़ फोर्ट के वैभव को देखकर नीचे उतरे तो प्रवेश द्वार के पास ही हमारा चौपहिया वाहन खड़ा था, अब एक बार फिर इसमें सवार होकर वातानुकुलित माहौल का लाभ उठाने का समय आ गया था। इसमें बैठकर हम ड्राइवर से आमेर के किले में जाने के विषय में चर्चा करने लगे,इतने में  तो वो बोला यहाँ पर मिनी ताजमहल भी है उसे देखते हुए जाओ। हम दोनों ही इस बात में इंटरेस्टेड नहीं थे,क्यूंकि अगर ताज महल ही देखना हो तो असली का देखेंगे मिनी ताज क्यों। फिर भी वो मना करने के बाद भी काफी जोर डालने लगा कि पांच मिनट ही तो लगेगा देख लो और उसने हमें एक शॉप  बाहर ला कर छोड़ दिया। शॉप देखकर के समझ आया कि माजरा तो यहाँ कमीशन खोरी का था और उसी वक्त हम दुबारा से गाड़ी में बैठ गए और उसे बोला कि सीधे से आमेर पहुंचा दे हमको कहीं इधर उधर नहीं जाना।  इस प्रकरण में दस से पंद्रह मिनट बर्बाद हो गए,खैर उसने आमेर के किले तक हमको पहुंचा दिया। इस प्रकार की घटनाओं से बड़ी खीज हो जाती है जब एक बार मना कर दिया तो फिर बार बार वो ही बात क्या करने का क्या औचित्य हुआ। यहाँ पर हमारे पास डेढ़ घंटे का टाइम था आमेर का किला  घूमने के लिए।  जल्दी जल्दी में टिकट लिया और टिकट के साथ ही एक  गाइड से  भी बात कर ली कि हमें यहाँ की मुख्य मुख्य चीजें दिखवा दे।
माअोथा झील,आमेर पैलेस और जयगढ़ दुर्ग। 

Thursday, 19 May 2016

Jaigarh Fort,Jaipur

                  जल महल के दर्शन करने के बाद हम जयगढ़ दुर्ग जाने के लिए आगे बढ़ रहे थे, रास्ते में कई सारे हाथी पंतिबद्द हो कर वापस आते हुए दिखाई दे रहे थे जो आमेर के किले में पर्यटकों को सवारी करा के वापस आ रहे थे। ये सोच कर दुःख भी हुआ और आश्चर्य भी कि कैसे जब इतनी गर्मी में जब इंसानो का खुद का चलना मुश्किल होता है तो ये बेचारे जानवर कैसे अपने साथ इतने लोगों का भार उठा कर चलते होंगे। जल महल से इस किले की दूरी ग्यारह किलोमीटर की है। यहाँ से  जयगढ़ फोर्ट रोड  पर आगे बढ़कर हुए हम एक ऐसी जगह पर पहुंचे जहाँ से मान सिंह लेक के मध्य में विराजमान जल महल और कनक घाटी के अद्भुत दर्शन हो रहे थे।
कनक घाटी। 

Saturday, 14 May 2016

Pink City, Jaipur

                    कभी कभी कुछ यात्रायें बिना सोचे हुए अनायास ही बोनस में हो जाती हैं जैसे एक एक साथ एक फ्री, इस तरह की एक यात्रा हमें जयपुर के संक्षिप्त भर्मण के रूप में मिली। घर जाने के लिए टिकट  बुक कराना था, इसलिए एयर टिकट के लिए मजगमारी करनी थी। बुक कराते समय डील  देखते हुए लगा कि बैंगलोर से दिल्ली से जाने  बजाय हम जयपुर से होते  हुए भी जा सकते हैं और जिस ट्रैन से हम दिल्ली से बैठते हैं उसमे जयपुर से ही बैठ जायेंगे इससे बार इधर उधर करने का झंझट भी नहीं रहेगा। मामला जम गया और करीब चार महीने पहले हमने १० मई की सुबह छह बजे वाली फ्लाइट में बैंगलोर से जयपुर का टिकट करवा दिया। ट्रैन में सीट आरक्षित करने से पहले मन था कि एकदिन रुक जायेंगे पर जब तक टिकट कराने का दिन आया तो बैंगलोर में भी सूर्य देव अपने चरम पर आ गए तो लगने लगा जब प्राकृतिक एयर कंडीशनर के नाम से विख्यात बैंगलोर में ही ये हालत हैं हैं तो राजस्थान, और वो भी मई के महीने में थोड़ा मुश्किल ही रहेगा,पर घुमक्क्डी इसीका नाम है। इसलिए उसी दिन का ट्रैन से रिजर्वेशन करवा लिया। अब हमारे पास सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक करीब छह घंटे का समय था यहाँ के लिए। इतने में गूगल देव की सहायता से ये भी देख लिया कि कौन कौन सी जगह जा सकते हैं और कहाँ जाना संभव नहीं है। जाने के दो दिन पहले राजपुताना केब वाले से आधे दिन की एयर कंडीशन कार की बात कर ली और ऐसा ड्राइवर देने को बोला जो गाइड का काम भी कर सके।

Thursday, 5 June 2014

Dolphin trip and Aguada Fort डॉल्फ़िन ट्रिप और अगोडा फोर्ट:गोवा का अलोकिक सौंदर्य...........६

             आज का दिन इस बार के गोवा भ्रमण का अंतिम दिन था, और देखने के लिए काफी कुछ रह गया था जिसमे सब से मुख्य था डॉल्फ़िन देखना। बागा बीच पर डॉल्फ़िन दिखाने के लिए जो पैसा बताया जा रहा था वो जरुरत से कुछ ज्यादा ही था और उसके लिए जाना भी सुबह सुबह था, इसलिए सोचा था कि एक लास्ट ट्रॉय करके देख लेंगे। परन्तु पहले सुबह उठने में ही देर हो गयी और उसके बाद होटल में लेट चेकआउट स्वीकृत नहीं हुआ तो होटल से निकलने में ही देर हो गयी और डॉल्फ़िन दर्शन का विचार एक तरह से छोड़ ही दिया। प्लान में चेंज कर के हम लोग अगोडा फोर्ट के लिए निकल पड़े। अगोडा फोर्ट हमारे होटल से लगभग सात किलोमीटर की दूरी में था, हम वहां जा ही रहे थे कि तब तक एक नवयुवक बाइक में डॉल्फ़िन डॉल्फ़िन चिल्लाता हुआ जा रहा था तो हम लोगों ने वहीँ उतर  कर उससे बात करी तो वो सज्जन हम चारों को १२०० रुपये (बारह सौ) में डॉल्फ़िन दर्शन कराने को राजी हो गए और हमारे लिए तो ये कुछ इस प्रकार था कि अंधे को दो आँखे मिल गयी।  इसे सिंक्वेरिम जेटी (Sinquerim Jetty)बोट हाउस कहा जाता है। इसके बारे में जानकारी के लिए एक लिंक इस प्रकार है सिंक्वेरिम जेटी बोट एसोसिएशन । ये जेटी गोवा सरकार के द्वारा चलायी जाती है।  तो इस तरह अचानक से मिले डॉल्फ़िन ट्रिप और अगोडा फोर्ट के बारे में ज्यादा पढ़ने के लिए क्लिक करिये  


            शुरुवात करते हैं अपनी बारी के इन्तजार में खड़ी नौकावों के चित्र के साथ -


                  ये जगह काफी भीड़भाड़ वाली थी पर पेड़ों से घिरे होने के कारण गर्मी का उतना अंदाजा नहीं आ रहा था और खाने पीने के लिए आइस क्रीम ,कोल्ड ड्रिंक, नारियल पानी वगेरह सभी चींजे उपलब्ध थी ,तो हमलोगों ने भी कुल्फी का आंनद उठाते हुए अपनी बारी का इन्तजार किया। करीबन दस से पंद्रह मिनट में हमारा नंबर लग ही गया था, सावधानी से बोट में सभी लोगों को बैठाने के बाद बोट का इंजन ऑन हुआ और इस तरह से हम निकल पड़े डॉल्फ़िन देखने के लिए। यहाँ पर एक शर्त ड्राइवर ने खुद ही रखी थी भले ही डॉल्फ़िन का पूंछ ही देखे पर दिखाए बिना वापस न लाएगा। इतने में हम चलते चलते आगे बढ़ गए थे और ड्राइवर साहब हमें नौका में बैठाये हुए ही अगोडा फोर्ट,और कुछ बंगलों के दर्शन करा रहे थे जिनमे से एक में शायद हसीना मान जाएगी (Hasina Maan Jayegi ) हिंदी फिल्म की शूटिंग हुयी थी तथा एक हिंदी फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ  का बंंगला था। आप भी देखिये -


बंगला 


                   यहाँ पर एक तरफ से नारियल के पेड़ों से बहुत ही मनभावनी हवा आ रही थी वहीँ पास में कोको समुद्र तट  से ठन्डे ठन्डे हवा के झोंके आ रहे थे। कुल मिलाकर गर्मी तो बस गायब ही हो गयी थी ,अब तक हम लगभग समुद्र तट पर ही पहुँच गए थे जहाँ पर नौका हिचकोले खाने लगी तो बचपन में एक नाटक का गाना सा याद आया जो कि ये था "अगर मगर डोले नैया ,लहर लहर जाये रे पानी ,डूबे ना डूबे ना मेरा जहाजी।  " इस तरह से लहरों के बीच हम काफी आगे निकल आगे पर डॉल्फ़िन का तो कोई नाम ही नहीं। काफी देर ड्राइवर जी ने इन्तजार किया और फिर आगे बढ़ चले उन्हें देख बाकि नौका वाले भी बढ़ गए।  ये सिलसिला काफी देर तक चलता ही रहा और एक बार तो सभी नाव वाले शिकारियों की तरह ही बस खड़े हो गए। अंततः काफी इन्तजार के बाद डॉल्फ़िन दिख गयी और हम सभी ख़ुशी वापस आ गए। लगभग डेढ़ घंटे की इस डॉल्फ़िन ट्रिप ने सब का मन प्रसन्न कर दिया था या यूँ कहिये एक तरह से गर्मी में ठन्डे का एहसास करा दिया। इस ट्रिप के कुछ नज़ारे आप लोग भी देखिये -

डॉल्फ़िन दर्शन के लिए आई नौकाएं 

इतना आगे तक बढ़ गए की समुद्री जहाज भी दिखने लगे 



             इसके बाद अब अगला पड़ाव था अगोडा फोर्ट।  गोवा को अगर सूरज और समंदर की जगह कहा जाये तो ये यहाँ के पुरातत्व के साथ एक तरह से अन्याय ही होगा, यहांँ कई सारे किले ,चर्च और मंदिर है जिन्हे देखने के लिए भी बहुत समय की आवश्यकता है, हम तो बस अगोडा फोर्ट के दर्शन कर पाये। अगोडा एक पुर्तगाली शब्द है जिसका हिंदी में अर्थ होता है पानी का भंडार स्थल। इस किले का निर्माण सुरक्षा तथापानीकेभण्डारण के लिए किया गया था। ये एक तरफ समुद्र तट और लाइट हाउस से घिरा है तो वहीँ दूसरी औरमांडवी नदी बहती है। यहाँ  पर हिंदी फिल्म भूतनाथ(Bhoothnath ) और दिल चाहता है की शूटिंग भी हुयी 


 है,जिससे यहन की प्रसिद्धि ओर भी बढ़ गयी है। यहाँ पर एक सेंट्रल जेल भी है जो की पर्यटकों के लिए खुली नहीं होती। यहाँ आने के लिए सुभह का या फिर शाम का समय उपयुक्त होता है,क्यूंकि ये सुबह १० बजे खुलता है तथा शाम को ५ बजे बंद हो जाता है। इसलिए या तो खुलते समय पहुँच जाना चाहिए या फिर शाम को ,क्यूंकि दिन में गर्मी अपनी प्रचंडता पर रहती है। अगोडा फोर्ट के कुछ नज़ारे-

लाइट हाउस 

दिल चाहता है 

किले की बाहरी दीवार 
        इसके बाद का अगला पड़ाव था डोना -पौला और मीरामार बीच,तो डोना- पौला की खूबसूरती देखने के बाद हमने मीरामार बीच के सूर्यास्त का आनंद उठाने का प्लान बनाया। मीरामार बीच बहुत ही हरियाली से भरा हुआ हुआ है,यहाँ जा कर तो लगता है की बस यहीं थम जाओ, परन्तु समुद्र तट  का एकदम  नजदीकी छोर उतना स्वच्छ नहीं है कि पानी में खेलने के लिए उतरा जा सके. मीरामार बीच की हरियाली का एक नजारा -


                    यहाँ का सौंदर्य तो देखते ही बनता है,एक तरफ नारियल के पेड़, दूसरी और हरी भरी घास और साथ में समुद्री किनारा,एक तरह से कहा जाये तो दर्शकों को सबकुछ एक साथ ही देखने को मिल जाता है।इसके साथ ही गोवा भ्रमण की श्रृंखला समाप्त होती है,इस श्रृंखला की समस्त कड़ियाँ एक साथ इस प्रकार हैं-



Thursday, 13 March 2014

Anjuna and Vagator Beach अंजुना ,वागेटर :गोवा का अलोकिक सौंदर्य...........५

                 पूरा  दिन वाटर-स्पोर्ट्स के मजे लेने के बाद थकान तो बहुत थी,पर घूमने का उत्साह उससे भी कहीं ज्यादा था। थोडा देर होटल में जा के आराम करने या कहिये घूमने के लिए ताकत बटोरने के बाद हम फिर से निकल पड़े समुद्री हवाओं का आनंद उठाने। शाम का प्लान इस तरह से था कि अंजुना (Anjuna Beach ),वागेटर (Vagator Beach) के समुद्र तट देखने के बाद बागा (Baga) के समुद्र तट पर बने शैक पर ही रात्रि भोजन का मजा लिया जाये।इस वृतांत को आगे पढ़ने के लिए क्लिक करिये
            हमारे होटल से अंजुना बीच की दूरी आठ किलोमीटर थी। यहाँ पर ही हमने सूर्यास्त के मजे लिए।यहाँ कि खास बात ये है कि नारियल के पेड़ों से घिरे इस समुद्र तट की रेट लाल है जो कि शाम के समय बहुत ही अच्छी लगती है और रेट के साथ साथ कुछ शिलाखंड भी हैं जिन से यहाँ कि छटा और बढ़ ही जाती है और यहाँ कि हरियाली के  साथ साथ हाँ पर लगने वाली बाजार भी जग प्रसिद्ध है।  भीड़भाड़ से भरा हुआ ये समुद्री किनारा सड़क से लगा हुआ है जिससे यहाँ पहुंचना काफी आसान है। देखिये यहाँ के कुछ दृश्य -
आकर्षक अंजुना बीच 

हरियाली के साथ समुद्र का छोर 


बादलों के मध्य छुपे हुए सूर्य देवता 
                  थोड़ी देर यहाँ के नज़रों के बाद हम वागाटोर देखने चल पड़े, यहाँ की खासियत ये है कि सफ़ेद रेत पर काली काली बड़ी बड़ी चट्टानें हैं, और उसके साथ में नारियल के पेड़।  इन चट्टानों पर आ कर जब लहरें टकराती हैं तो खूबसूरती और बढ़ जाती है। और समुद्र के पानी का रंग हरा सा लगता है जो कि शायद आसपास की हरियाली कि वजह से हो। रात का समय होने के कारण  यहाँ का कोई चित्र नहीं हो पाया, परन्तु यहाँ आ कर ये अफ़सोस सा हो रहा था कि काश रौशनी में कुछ समय यहाँ बिता पाते,अगर जल्दी निकल गए होते। इसके बाद अब रात के खाने का समय था तो सोचा गोवा आ कर के समुद्र किनारे अगर कैंडिल लाइट डिनर नहीं किया तो क्या किया,इसलिए निकले बागा बीच और खाना आने में जितनी देर लगी उसके तो कहने ही क्या थे। पर खाने के स्वाद ने निराश नहीं किया।  अब तक सब थक के चूर हो गए थे मन में ये था कि बस होटल पहुँच कर किसी तरह सो जाएँ क्यूंकि अगले दिन फिर निकल पड़ना था यहाँ का आनंद लेने के लिए। तो इसी के साथ मिलते हैं अगली पोस्ट के साथ ,तब तक के लिए अनुमति दीजिये। 
गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-



Saturday, 15 February 2014

Water sports in Goa वाटर स्पोर्ट्स बागा बीच: गोवा का अलोकिक सौंदर्य...........४

                 इस वृतांत में आपको-गोवा के प्रमुख आकर्षण यहाँ के वाटर स्पोर्ट्स के बारे में जानकारी दी जायेगी। हमारा गोवा आने का प्रमुख कारण भी वाटर स्पोर्टस ही थे, जो प्रमुख वाटर एक्टिविटी हम लोगों को करनी थी उनमे जेट- स्की (Jet -Ski ),पेरासेलिंग(Para-sailing) थे और एक महत्वपूर्ण काम समुद्र के पानी और हवाओ का आन्नद उठाना भी था। हम सभी यहाँ के ओल्ड गोवा दर्शन में रुचि नहीं रख रहे थे क्यूंकि हमारे पास मात्र तीन दिन थे वो भी गोवा जैसी जगह के लिए। तब तक आप एक अच्छा सा गोवा का चित्र देखिये और विस्तार में पढ़ने के क्लिक करिये -
पेरासेलिंग समुद्र और आसमान  दोनों एक साथ 


            इस तरह से गोवा  में हमारे दूसरे दिन कि शुरुवात हुयी होटल के ब्रेकफास्ट के साथ और सब के सब जल्दी जल्दी तैयार हो गए क्यूंकि आज का दिन हम सभी के लिए बहुत खास था। हम सभी का ये विचार था कि इन गतिविधियों के लिए कालंगुटे या बागा  बीच दोनों में से कोई  भी सही रहेगा जो कि गूगल देव की  कृपा से विदित था।  तो देर किस बात कि और हम चल पडे कालंगुटे की भव्यता के दर्शन के लिए जो कि हमारे होटल से ज्यादा दूर नहीं था मात्र तीन किलोमीटर कि दूरी पर, किन्तु जब तक हम वहाँ पहुंचे तब तक सूर्य देव लगभग अपने चरम पर ही पहुँच गए थे तो तुरंत ही सब के लिए हैट ख़रीदे गए जो कि गोवा कि पहचान भी है।जितना सुना था कालांगुटे बीच उसे कहीं ज्यादा भव्य और भीड़ से भरा हुआ निकला। ये देखिये भीड़ से भरे कालानगुटे बीच की  एक तस्वीर-
भीड़ से भरा कालांगुटे बीच बादलों के  मध्य समुद्र और आसमान का रंग लगभग एक सा ही लग रहा था।  
                   यहाँ पहुँच कर मन तो बहुत था कि समुद्र में उतर पड़े पर मुख्य काम ये पता लगाना था कि वाटर एक्टिविटि कहाँ पर हो रही हैं, कितने कि हैं, कहाँ से टिकट लेना है। धुप भी बहुत तेज पड रही थी और किसी ने बताया कि ये सब यहाँ नहीं हो रहा है, बागा  बीच जाओ तो हम वहीँ कि और चल पड़े। बागा बीच यहाँ से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर है ,या कहिये कालांगुटे बीच का ही एक्सटेंशन है। वहाँ पहुँच कर हमारा इन्तजार ख़त्म तो हो गया। पर चार लोगों के लिए जेट-स्की और पेरासेलिंग के पूरे पांच हजार लग गए जो कि काफी ज्यादा थे ,और अगर डॉल्फिन देखने जाना हो तो उसके तो हजार रुपया एक आदमी का लग रहा था शायद। खैर जब तक हम लोग पहुंचे डॉल्फिन देखने का समय तो निकल ही चूका था तो करने के लिए जेट-स्की और पेरासेलिंग ही बची एवं डॉल्फिन अगले दिन के लिए छोड़ दी वैसी भी उसके लिए जितना पैसा मांग रहे थे वो जरुरत से ज्यादा ही लग रहा था।  शायद इसके दो कारण थे एक तो अभी सीजन सही से शुरू नहीं हुआ था और कलनगुटे,बागा बीच जरुरत से ज्यादा ही महंगे थे।
                टिकट लेने के  बाद ये निश्चय हुआ कि जेट-स्की एक -एक कर के और पेरासेलिंग दो लोग साथ में करेंगे और बचे हुए बच्चों को देखेंगे। जेट -स्की करना अपनेआप में एक मजेदार और साहसिक अनुभव रहा।  वो लोग लाइफ जैकेट पहना के आपको तैयार करते हैं और एक आदमी साथ में चलता है उसे चलाने को। मतलब पूरी तरह से तैयार कर के भेजते हैं ,समुद्र की लहरों में एक तेज गति के स्कूटर में घूमना बहुत ही रोमांचकारी अनुभव रहा ,किस तरह से लहरों को चीरते हुए आप आगे बढ़ते हो और कैसे लहरे आ कर के आपको पानी से सराबोर कर जाती है।  कुल मिलकर मन प्रसन्न हो गया जी। देखिये एक नजारा कि कितनी तैयारी के साथ और कितने लोग मिलकर एक जेट -स्की को भेजते हैं -
जेट -स्की 
               ये तो थी साहसिक जेट- स्की  इसके बाद पेरासेलिंग का नंबर था , जब तक हम बड़े अपने कामों में व्यस्त थे तब तक  हमारे  तो  छोटे पार्टनर कैसे बिजी थे देखिये, वो भी अपने लिए रेत के छोटे छोटे घर बना रहे थे-

                 अब पेरासेलिंग के लिए हम दो -दो कर के दो ग्रुप्स में गए। फिर वही लाइफ जैकेट मिल गयी,और हम उसे पहन कर तैयार थे जी जाने के लिए। अबकी बार हमें एक मोटर बोट में बैठाया गया। जो कि समुद्र कि लहरों को पार कर के एक स्पीड बोट तक ले गयी जिन्हे पेरासेलिंग बोट बोलते थे। इस तरह से हम लोगों कि बोट  चेंज हुयी और उस स्पीड बोट में बैठकर समुद्र में काफी आगे तक चले गए। यहाँ पर पहले से प्रशिक्षित लोगों ने हमें तैयार किया पैराशूट के साथ बांधकर और एक निश्चित ऊंचाई तक ले जा कर नीचे उतारा।सचमुच ये बड़ा ही रोमांचकारी अनुभव था कि एक तरह तो आप आसमान कि ऊंचाई छू रहे हो, और वहीँ दूसरी और नीचे देखो तो विशालकाय समुद्र दिखता है, बस ऊपर नीचे जहाँ देखो वहाँ विशालता ही विशालता, वो भी इतनी कि कहीं कोई छोर ही नहीं दिखे , दिखे तो बस आसमानी नीला रंग ऊपर आकाश में भी और नीचे समुद्र में भी।बहुत ही आनन्द  का अनुभव हो रहा था ,यही वो  मुख्य कारण  था जिसकी वजह से मन में गोवा आने के लिए बेताबी थी। 
               इन सब के बाद अब नंबर था समुद्र के पानी में उतरने का, तो बस आज तो मन ये था कि बस समुद्र कि लहरों के सहारे बैठे रहो ,और पानी में सरोबार हो जाओ बार-बार। होटल वापस जाने का तो मन ही नहीं था। पर वापस तो जाना ही था तो मन मार के चल पड़े,अगले वृतांत में आपको गोवा की शाम के बारे में जानकारी देते हैं,तब तक के आज्ञा दीजिये। 
गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-



Sunday, 9 February 2014

Majorda Beach,Goa : मजोर्डा समुद्र तट,गोवा का अलौकिक सौंदर्य..........३

          गोवा में पहले दिन के लिए हमारा प्लान ये था कि मडगाव से टेक्सी ले कर होटल जायेंगे और उसके बाद कुछ देर आराम करने के बाद घूमने के लिए निकलेंगे,पर हम लोगों का चंचल मन फिर से भटक उठा और आवाजें आने लगी कि चलते-चलते कम से कम एक समुद्र तट तो देख ही लें और कई  सारे विचार- विमर्श के बाद हम लोग मजोर्डा का समुद्र तट देखने के लिए उतर ही गए,तो इस पोस्ट में आपको मजोर्डा और कैंडोलिम के समुद्र तट के दर्शन कराते हैं, आगे पढ़ने के लिए देर ना करते हुए जल्दी से क्लिक करिये-

                मजोर्डा का समुद्र तट मडगाव  से दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, यहाँ उतरते ही अंदाजा आ गया कि हमारा चुनाव  बिलकुल सही निकला और ये समुद्र तट गोवा में हमारा पसन्दीदा समुद्र तट बन गया।दूर से देखने से तो ऐसा लग रहा था कि बस वक्त यहीं ठहर सा जाये ,सफ़ेद चमकदार रेट के मध्य में समुद्र एक लहर सी निकल के आ रही थी,जो कि आगे किसी नहर में मिल रही थी, ये दृश्य तो वास्तव में बहुत ही सुन्दर और मनभावन था।  आप लोग भी आन्नद उठाइये, इस मनभावन दृश्य का-

समुद्र से पलट कर आती हुयी लहर 
              और देखिये आगे जाकर के ये लहर कहाँ मिलती है-

लुभावने नारियल के पेड़ों के सहारे जाती हुयी लहर जो आगे जा कर एक नहर में मिलती है 
             
पूरे रास्ते कि थकान को मिटाता हुआ छोता साथी जो कि लहर को पार कर के समुद्र के मुहाने पर जा रहा था 



      

लहर में दिखती हुयी अपनी और नारियल के पेड़ों का मनभावन दृश्य 
              तो इस तरह से हम सभी मजोर्डा समुद्र तट के नजदीक पहुंचे, और एकदम सीधा सा तट था जिसमे बराबर की ऊंचाई पर लहरें आ रही थी, अभी तक मैंने बंगाल की खाड़ी का आनंद उठाया था, शायद अरब सागर और बंगाल की खाड़ी का ये अंदर है कि गोवा के समुद्र तट एकदम सपाट है,देखिये उछाल कर आती हुयी लहरों के बीच पिता पुत्र को समुद्र तट का आन्नद उठाते हुए-
मजोर्डा समुद्र तट 
                  तो ये है गोवा के हमारे पसंदीदा समुद्र तटों में से एक मजोर्डा बीच, इसके बाद हम लोग अपने होटल की और चल पड़े, इससे आगे का वृतांत अगली पोस्ट में आपके सामने प्रस्तुत किया जायेगा। 

गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-



Tuesday, 7 January 2014

दूधसागर वॉटरफॉल(Dudhsagar waterfall) गोवा का अलौकिक सौंदर्य..........२

        सब से पहले तो इतने समय के बाद ब्लॉग पर आने के लिए माफ करियेगा ।इस दौरान व्यस्तताएं इतनी रही कि चाह कर भी ब्लॉग पर आना नहीं हो पाया,जबकि मन में बहुत उतावली थी गोवा के यात्रा वृत्तांत को शब्दों में उतार कर आपलोगों के साथ साझा करने की।चलिये देर से ही सही मौका तो मिला लकुछ लिख पाने का। इस पोस्ट से आपको चेन्नई एक्सप्रेस(Chennai Express ) फ़िल्म से प्रसिद्द हुए दूधसागर झरने के दर्शन कराने का विचार है। इस झरने का मुख्य आकर्षण ये है कि रेलगाड़ी इसे क्रॉस  करते  हुयी जाती है जिससे ये और भी मनभावन एवं दो भागों में विभक्त हुआ सा प्रतीत होता है। एक बार आप लोग भी देखिये -
दूधसागर को क्रॉस करती हुयी रेलगाड़ी (चित्र गूगल द्वारा साभार )
           तो इस अत्यंत मनभावन दृष्य के बारे में अधिक जानकारी के लिए आगे क्लिक करिये,अपने सफ़र की शुरुवात के साथ- साथ आपको बैंगलोर से गोआ तक की रेलयात्रा भी करा देते है,तो जल्दी से करिये क्लिक-

           दशहरे की  छुटिट्यों में गोवा घूमने का प्लान था,तो रेलआरक्षण मिलना थोडा कठिन था,जिस दिन टिकट खुलने थे उसी दिन सुबह-सुबह बैठने के बाद भी १५ -१६-१७-१८ वेटिंग का टिकट मिला,कन्फर्म हो जायेगा कि उम्मीद पर होटल ओस्बोर्न भी बुक करवा लिया।अब इंतज़ार- इंतज़ार करते हुए अंतिम दिन भी आ ही गया और हमलोगों के टिकट फिर भी र.ए.सी. तक ही पहुंचे,अब सीट थी दो और यात्री थे छह,किसी तरह से बैठते गप मरते हुए आगे बढ़ ही रहे थे कि तभी टिकट चेकर भाई आ पहुंचे और हमारी मन की मुराद उन्होंने पूरी कर दी दो सीट ओर दिलवा कर।इस तरह से हम लोगों का रात्रि सफ़र बिना किसी मुश्किल के आराम से गुजर गया,सुबह उठ कर तीन चार चाय पीने तक लग भाग दस ही बज गया था और लोगों कि भीड़ जमा हो गयी थी रास्ते के नज़रों के लिए,सब अपने-अपने कैमरे  लिए हुए खड़े थे,ये जलप्रपात पंजीम से लगभग साथ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अब सबसे मजेदार बात ये है कि जिस तरह चेन्नई एक्सप्रेस मूवी में चेन  खींचकर  रेलगाड़ी रुकवाई जाती है, ठीक उसी तरह यहाँ भी दूधसागर के पास किसी ने चेन खींचकर ट्रैन को रुकवा दिया गया और लोग उतर उतर कर दूधसागर के नज़रों को देखने लगे। ये पानी का बहाव है तो केवल वहीँ पर लग रहा था यहाँ पर पानी का वेग रूक रहा था वर्ना अपने नाम के अनुरूप ही ये दूध का सा बहाव प्रतीत हो रहा था,एक चित्र आप भी देखिये जो कि हम लोग ले पाये थे और इसके साथ-साथ भोगोलिक दृष्टि से भी दूधसागर कि जानकारी लीजिये-
            ऊंचाई के हिसाब से ये जलप्रपात भारत में पांचवे स्थान पर है,इसकी ऊंचाई तीन सौ दस मीटर एवं चौड़ाई तीस मीटर है। तथा पणजी से इसकी दूरी लगभग साथ मीटर है।
दूधसागर 
                         यहाँ पर तो मन कर रहा था कि उतर कर पहले दूधसागर तक कि दूरी नाप ली जाये, और गोवा तो पहुँचते ही रहेंगे पर बच्चों का साथ होने के कारण अपने मन पर काबू किया और चल पड़े गोवा की  और को। जैसा कि हमारा होटल नॉर्थ गोवा कालांगूट में स्थित था तो हम लोग मडगाव में ही उतर गए और वहाँ पर हमारी पहले से रेंट में ली हुए टेक्सी भी आ गयी थी जिस पर बैठकर हमने गोवा की सड़कों को पार करते हुए ओस्बोर्न होटल पहुंचने का प्लान बनाया । गोवा  कि एक आम सड़क का दृश्य देखिये-
गोवा कि एक आम सड़क 

            इस तस्वीर से आप लोग गोवा कि स्वच्छता के बारे में जान  सकते हैं कि ये कितना साफ सुथरा बसा हुआ है ,तो इस तरह से हमारा गोवा भ्रमण आरम्भ हुआ। गोवा कि अन्य जानकारी के साथ अगली पोस्ट में मिलते हैं। तब तक के लिए आज्ञा दीजिये।
गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-



Friday, 8 November 2013

गोवा(Goa):गोवा का अलौकिक सौंदर्य..........१

          इस बार छुट्टियां इस कदर बरस रही थी हर बार ये मन कर रहा था कि कुछ न सोचो बस चल पडो,इनमे से कुछ का उपयोग हम कर पाये और कुछ पर बैठे ही रह गए।कब बार बने गोवा भ्रमण के असफल प्रयासों के बाद दशहरे की छुट्टियों में हम लोगों को पर गोवा जाने का शुभ अवसर मिल ही गया, और जाने के बाद ऐसा लगा की वंहा रम ही जाओ इस कदर वहाँ के  समुद्र तटों ने तो बस मन ही मोह लिया।
मजोरदा बीच 
               अबकी बार ऐसा लग रहा है कि पुराने यात्रा क्रमों से भटक कर तुरंत आपको भी गोवा  के दर्शन करा दे,और अपने सुनहरे अनुभवो को भी जल्द से जल्द संजो ले।तो अब देर किस बात की है आगे पढ़ने के लिए क्लिक करिये और हमारे साथ गोवा घूमिये

              अब गोवा जैसी चर्चित जगह की बात है, तो मन में ख़याल आ रहा है कि पहले गोवा के बारे में और बैंगलोर से वहाँ किस तरह से जा जा सकते हैं इस बारे में बात कर लेते हैं।यहाँ से जाने के लिए चार आप्शन बनते हैं,सबसे पहला कार से,दूसरा ट्रैन, तीसरा बस और चौथा विमान यात्रा।पहले तरीके से जाने  में हम  लोगों को अधिक समय की आवश्यकता पड़नी थी क्यूंकि गाड़ी तो बस दिन में ही चलनी थी और हमारे पास थे मात्र तीन दिन वो भी गोवा जैसे जगह घूमने के लिए, तो ये आप्शन तो सिरे से फ्लॉप हो गया, अब दूसरा बचा बस से पर इतना लम्बा सफ़र बस से वो भी बच्चों के साथ, तो ये भी गया, तीसरा विमान यात्रा ,जिससे पहुँच तो बड़ी जल्दी जाना था पर जेब अनुमति नहीं दे रही थी तो अंतिम विकल्प रहा ट्रैन से और हमारे लिए ये सर्वोत्तम था एक तो पैसा बचना था, दूसरा आराम का सफ़र और तीसरा ट्रैन से दिखने वाली टनल और दूधसागर फॉल।इन सब परिस्थतियों के मद्देनजर हम  लोगों ने ट्रैन से जाने का निर्णय लिया और पहले से ही टिकट बुक करवा लिए।ये तो था कि किस तरह से ट्रैन से जाने के विकल्प का चयन हुआ।अब आपको गोवा  के बारे में भी कुछ जानकारी दे देते हैं।गोवा  में अनगिनत समुद्र तट है या कहिये कि समुद्र तटों से घिरा हुआ हुआ है,मजे की बात ये है कि समुद्र तटों के अतिरिक्त भी यहाँ बहुत कुछ है प्राकृतिक हरीतिमा,सुन्दर सी नदियों के मुहाने,ऎतिहासिक किले,झरने एवं और भी बहुत कुछ।कुल मिलाकर अगर ये सोचकर जाएँ कि एक बार में ही पूरा गोवा घूम लेंगे तो ये असम्भव सा ही है।गोवा राज्य को दो हिस्सो में विभक्त सा किया गया है नॉर्थ गोवा एवं साउथ गोवा।ये बात  सच  है कि साउथ गोवा  के समुद्र तट बहुत ही सुन्दर और शांत हैं,पर ये भी सच है कि नॉर्थ गोआ के समुद्र तटों पर ही पानी पर होने वाली साहसिक गतिविधियां करी जा सकती हैं।हम सबने भी ये निश्चित किया कि इस बार नॉर्थ गोवा  के समुद्र तटों की  भीड़भाड़ का आन्नद उठाते हैं और साउथ के समुद्र तटों की शांति में खो जेन के लिए दुबारा आयेंगे।तो ये रही गोवा के बारे में छोटी सी जानकारी,अगली पोस्ट में आप लोगों को ट्रैन से दिखने वाले दूधसागर के बारे में, और प्रथम दिन के गोवा के अनुभव के साथ मिलते हैं।

गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-