Saturday, 11 July 2015

Central Park,Times Square and Madam Tussauds Museum,New York

         एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग एवम टॉप ऑफ़ दी रॉक द्वारा आसमान को छूने के बाद अब बारी थी थोड़ा जमीन पर उतरने की और अपने थके हुए कदमो को थोड़ा विराम देने की। इसलिए प्लान के मुताबिक ही अगला लक्ष्य नजदीक से स्थित सेंट्रल पार्क को रखा गया । हालाँकि टॉप ऑफ़ दी रॉक से सेंट्रल पार्क का जो नजारा दिख रहा था वो उतना आकर्षक नहीं  लगा जितना अपने कल्पना लोक में बसा हुआ था , पर फिर भी  यूँही कोई जगह इतनी प्रसिद्ध नहीं होती सोच कर चल पड़े। वहां पहुँचने के बाद जरूर सेंट्रल पार्क ने हमें निराश नहीं किया।वैसे थरथराने वाली सर्दियों और कई बर्फ के तूफानों को झेलने के कारण ये अब भी अपने पूर्ण शबाब में नहीं था लेकिन फिर सात मानव निर्मित झील, छत्तीस पुलों से बने इस विशालकाय पार्क ने अपने अन्दर इतना कुछ समेटा हुआ था कि घूमने  वाला पूरा एक चक्कर भी नहीं लगा सके। यहाँ की शांति के बाद  हमें भीड़भाड़ और कोतूहल भरे टाइम्स स्क्वायर जाना था। न्यू यॉर्क जैसी भीड़भाड़ वाली जगह में सेंट्रल पार्क की शांति के बाद टाइम्स स्क्वायर की चमक दमक एक दम अचम्भे में ही डाल गयी। देखिये दो अलग अलग रंग यहाँ के-

                      सेंट्रल पार्क के शांत वातावरण में भ्रमण करना बहुत ही आनंदायक लग रहा था।

    रात के अँधेरे में चमचमाता न्यूयॉर्क,आज यहाँ आ के पता चला कि ये चौबीस घंटे चलने वाला शहर है,जो ना कभी रुकता है और ना कभी थकता है। 
                           न्यूयॉर्क जैसे भीड़भाड़ वाली जगह में सेंट्रल पार्क जैसे विशाल और शांतिपूर्ण वातावरण को देखना ही हमारे लिए आश्चर्य का विषय था। आठ सौ पचास एकड़ से ज्यादा जगह में फैले इस पार्क के पास क्या था ये बात करने से कहीं अच्छा यहीं लगता है की यहाँ क्या नहीं था। यहाँ पर पच्चीस  हजार से ज्यादा पेड़ पौधों की प्रजातियां, एक चिड़ियाघर ,सात मानव निर्मित झीलें एवं छत्तीस विभिन्न प्रकार के पुल और कई सारे  हरी घास के मैदान थे। जो क़ि इतने बड़े थे क़ि जहाँ तक नजर डाली जाये वहां तक सुन्दर धनि चुनरिया ओढ़े हुयी धरती के दर्शन हो। कई सारी विश्व प्रसिद्ध पिक्चरों का फिल्मांकन यहाँ किया गया है। पहले तो पूरे न्यूयॉर्क को ही शूटिंग लोकेशन के लिए जाना जाता है, फिर भी सेंट्रल पार्क, टाइम्स स्क्वायर, एवं एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम तो विश्व विख्यात ही हैं। इतने विशालकाय पार्क में से हमने सिर्फ तीन जगह देखने का सोचा और उतने में ही पैर थक गए -
१-बेथेस्डा फाउंन्टेन
२-बो ब्रिज
३-स्ट्रॉबेरी गार्डन
                           पर जिस रास्ते अंदर  प्रवेश किया देखने में अच्छा सा लगा और पास में ही गार्डन मिल  गया और हम थके होने के कारण वहीँ विराजमान हो गए। ये बहुत ही अच्छा हरी घास का मैदान है। कुछ देर बैठने के बाद दुबारा चलना शुरू किया  प्लान परिवर्तित हो कर के तीन से  सिर्फ दो जगह में सिमट गया बेथेस्डा फाउंन्टेन और बो ब्रिज। बेथेस्डा फाउंन्टेन, में एक विशालकाय पीतल की बनी हुयी आठ फ़ीट ऊँची एक प्रतिमा लगी हुयी है। जिसे एंजल ऑफ़ वाटर के नाम से जाना जाता है। शाहरुख खान द्वारा अभिनीत प्रसिद्ध कल हो ना हो  फिल्म की शूटिंग इस जगह पर हुयी है। जिस समय हम वहां पर पहुंचे तो वहां पर लड़की या शायद से कोई कलाकार ही हो अपने पंजे पर खड़े हो कर के बहुत ही अच्छा नृत्य कर रही थी।जिसने कुछ देर तक वहां खड़े रहने को विवश ही कर दिया था।
बेथेस्डा फाउंन्टेन

बेथेस्डा फाउंन्टेन के बाद इस सुन्दर और शांत रस्ते से चल कर हम सेंट्रल पार्क के एक हरे भरे मैदान तक पहुंचे यहाँ पर लोग जाते समय की गुनगुनी धूप  का आनंद उठा रहे थे तो हम भी उनके साथ कुछ देर बैठ लिए।   
          
हरी घास के मैदान पर बैठकर धूप का आंनद उठाना वाकई में बहुत अच्छा लगता है 
                      कुछ देर बैठने के बाद जब थके हुए पैरों को विश्राम मिल गया तो हम एक बार फिर उठ खड़े हुए आगे के सफर के लिए जिसके लिए मंजिल थी टाइम्स स्क्वायर,ब्रॉड वे होते हुए मैडम टूसाड्स म्यूज़ियम। यहाँ से टाइम्स स्क्वायर जाने के लिए हमने न्यू यॉर्क के लोकल ट्रांसपोर्ट यानि की सब वे की सेवा का लाभ उठाया। अपने नियत स्टेशन पर उतरने के बाद न्यू यॉर्क पैदल घूमना बिलकुल भी कठिन काम नहीं है,क्यूंकि ये बहुत ही सुव्यवस्थित शहर है जो कि स्ट्रीट्स और ऐवेन्यूस में बंटा हुआ है।अगर एक जगह खड़े हो और अपनी  स्ट्रीट का सही नंबर पता है तो आगे चलते हुए नम्बर गिनते जाओ ,हो ही नहीं सकता कि रास्ता भटक जाओ। इस तरह से पैदल घूमते हुए शाम या कहिये रात के समय टाइम्स स्क्वायर की चमक दमक के मजे उठाये






                      टाइम्स स्क्वायर में चमक दमक तो बहुत थी परन्तु कुछ ठण्ड एवं कुछ थके होने के कारण उसे कैमरे में उतनी अच्छी तरह कैद नहीं कर पाये, क्षमा करियेगा इस बात के लिए। इस तरह से घूमते घूमते कब हम मैडम  टुसॉड्स तक पहुँच गए पता ही नहीं लगा अब तक ठण्ड ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था ,इसी को मद्देनजर रखते हुए यहाँ का प्रोग्राम सबसे बाद का रखा था,जिससे की बाहर की ठण्ड में न घूमना पड़े और जिन दिनों हम गए थे तब यहाँ के खुलने का समय सुबह दस बजे से रात के दस बजे तक का था तो हम यहाँ जब बाहर ठण्ड हो रही हो तो अंदर थर्मोस्टेट के मजे लेते हुए आराम से देख सकते थे।मदाम टुसॉड्स का चमकदार बोर्ड तो दूर से अपनी छटा बिखेर रहा था -
   
              है न काफी चमकदार बोर्ड,पर एक खास बात है न्यू यॉर्क की,यहाँ पुलिस डिपार्टमेंट के बोर्ड भी काफी चमकदार होते है। छोटा सा बोर्ड है पर शायद आपको दिख तो गया ही होगा। माफ़ कीजियेगा यहां है क्या ये तो आप लोगों को बताया ही नहीं। जी हाँ ये एक वैक्स यानिकि मोम  की बनी हुयी प्रतिमाओं का एक म्यूज़ियम है जहाँ विश्व प्रसिद्ध लोगों की प्रतिमाएं बनी हुयी हैं। कई सारे भारतीय भी यहाँ मौजूद हैं,धीरे धीरे मिलवाते हैं आपको उनसभी से। जैसे ही हम म्यूज़ियम के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो हमारी मुलाकात लिओनार्डो डी केप्रिओ,यानिकि प्रसिध्ह टाइटैनिक फिल्म के अभिनेता से हुयी,जो कि इतने जीवंत लग रहे थे की कोई भी देखकर  थोड़ी देर तक गच्चा खा जाये कि कहीं सच में ही तो नहीं खड़े हैं।
                          उसके बाद अंदर गए तो कई सारे  लोगों से मुलाकात हुई जिनमें महात्मा गांधी, अमिताभ बच्चन जी एवं दलाई लामा थे,पर शाहरुख खान जी अपनी जगह पर नहीं थे। देखिये कैसे खड़े हैं ये लोग -
थोड़ा विचार विमर्श हो जाये। 
गांधी जी 


दलाई लामा 
                                  इन प्रतिमाओं की खास बात ये है कि सर का हर एक बाल अलग अलग कर के लगाया जाता है और लगभग एक के सर में ही दस हजार से ज्यादा बाल होते हैं। इस तरह से एक प्रतिमा के सर को पूर्ण रूप से बनने में छह हफ्ते से ज्यादा का समय लग जाता है। देखते ही देखते हमारा यहाँ से अलविदा लेने का समय भी आ गया था। बाहर निकलकर पास के एक पिज़्ज़ा हट से एक लार्ज पिज़्ज़ा ले लिया और उसे पैक करा के होटल पहुंच गए ,क्यूंकि पूरे दिन भर की मेहनत के बाद इतना थक गए कि मन कर रहा था कि किसी तरह होटल पहुँच जाये और कहीं पर थोड़ी देर बैठने को मिल जाये। आज के दिन में लगभग हम आठ किलोमीटर पैदल चले होंगे,बेटी के स्ट्रॉलर की वजह से घूमना थोड़ा आसान हो गया था,वर्ना एक दिन में इतना कुछ देख पाना असंभव ही हो जाता। जल्दी ही मिलते हैं एक नयी पोस्ट के साथ,तब तक के लिए आज्ञा दीजिये।

तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-

Friday, 3 July 2015

Height Of Sky,Empire State of building and Top of The Rock

                      सबसे पहले स्मारकों और संग्रहालयों के शहर वाशिंगटन, उसके बाद थीम पार्क की दुनिया ऑरलैंडो के बाद अब बारी थी आधुनिकता के रंग में रंगे चमक दमक वाले लेकिन पुराने शहर न्यू यॉर्क की। हम भारत से आते समय ये सोच के आये थे कि तीन महीने के अंतराल में सबसे अधिक ठण्ड के समय पर किसी  जायेंगे जहाँ थोड़ा सूर्य देवता के दर्शन हो सके और इन्ही दिनों में जब कभी भी धूप के दर्शन हो तो वाशिंगटन घूम लेंगे।ऐसा करते करते अप्रैल का महीना प्रारम्भ हो गया था जिसे अमेरिका में स्प्रिंग की शुरुवात माना जाता था ,हालाँकि ठण्ड तब भी बरकरार थी पर बर्फीले तूफानो का आना बंद हो गया था। हमारे पास उपलब्ध समय में से ये न्यू यॉर्क जाने के लिए हर तरह से उपयुक्त था।अब सबसे बड़ी जद्दोजहद एक बार फिर से टिकट एवं होटल बुक करने की थी।अबकी बार हमने बोल्ट बस द्वारा ५ अप्रैल २०१४ की सुबह को जाने की एवं ६ अप्रैल २०१४ की शाम को वापसी की टिकट  बुक करा ली,लेकिन होटल के लिए  बहुत सोचना था,अगर न्यू यॉर्क सही से घूमना हो और वहां की लाइफ का अनुभव करना हो तो टाइम्स स्क्वायर रात को घूमना अति आवश्यक है।उसके लिए होटल भी टाइम्स स्क्वायर के आस पास होना जरुरी है, और न्यू यॉर्क जैसे महंगे शहर में मुख्य जगह पर रहना और भी मुश्किल।किसी तरह से डील वगेरह लगा के होटवायर नामक वेबसाइट की सहायता से होटल वॉरविक बुक हो गया।बुकिंग के बाद का प्रमुख काम था आइटेनरी बनाने का, क्यूंकि  न्यू यॉर्क घूमने के लिए इतना कुछ है कि एक वीकेंड में कवर कर पाना बहुत मश्किल है और हम ज्यादा से ज्यादा देखना चाहते थे। इसलिए कड़ी मेहनत के बाद एक प्लान बनाया जिसमे कम समय में ज्यादा कैसे देखा जाये ये निश्कर्ष निकाला गया। देखिये किस तरह से हमने दो दिन में न्यू यॉर्क   में ज्यादा से ज्यादा जगहों को देखा-

                           सुबह साढ़े छह बजे की बस पकड़ने के लिए हम होटल से साढ़े पांच बजे  टेक्सी लेकर बस के नियत समय से आधा घंटा पहले  यूनियन स्टेशन पहुंच गए। यहाँ और भारत के बस बुकिंग में एक अन्तर देखने को मिला जो कि ये था जब हम अपने वहां इंटरनेट द्वारा टिकट बुक कराते हैं तो सीट का चयन भी अपने हिसाब कर सकते हैं किन्तु यहाँ लाइन लगा कर खड़े होना पड़ता है और जो सीट बाकी हो उस पे बैठना आपकी मजबूरी है।अपना नंबर की इंतजारी के बाद एक सहयात्री की कृपा से हम दोनों को भी साथ में  सीट मिल ही गयी। बस ड्राइवर ने काफी अच्छा चलाया ,एक जगह चाय/नाश्ते के लिए रुकने के बाद भी साढ़े चार घंटे की यात्रा चार घंटे में पूरी करा दी। यहाँ पहुँच कर बस अथोरिटी टर्मिनल से हमने न्यू यॉर्क पास और बस के पास ले लिए। न्यू यॉर्क पास की कीमत प्रति व्यक्ति एक सौ दस डॉलर थी, पर इसे लेना बहुत फायदे का सौदा था क्यूंकि इसे लेने से एक तो हम कई जगह टिकट लेने के लिए लगने वाली लम्बी लाइन से बच गए और अलग अलग टिकट लेने पर यहाँ के मुख्य आकर्षण एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग, टॉप ऑफ़ दी रॉक एवं मैडम टूसाड्स म्यूज़ियम के  टिकट की कीमत ही इससे ज्यादा पड रही थी, तो भलाई इसी मे थी कि न्यू यॉर्क के अस्सी आकर्षणों का पास ले लिया जाय और जितना अच्छे से देख पाएं उतना देख लें,एवं अगर इसे पहले से ऑनलाइन बुक करा के लिया जाये तो थोड़ा सस्ता भी पद जाता है ,वहीँ पर जा के लेने पे महंगा पड़ता है। पास लेने तक काफी टाइम हो गया और पेट में चूहे भी दौड़ने लगे तो सामने दिख कर एक सबवे नामक रेस्तरां में बैठ गए और एक छोटे से फ्लेटिज़ा के दस डॉलर धरा लिए गए वहां और पेट भी नहीं भरा सही से। चलो फिर भी पेट में इतना तो चला ही गया था कि आगे कदम बढ़ाये जा सकें। इतना सब होने तक हम अपने प्लान के मुकाबले लेट हो गए थे, तो सोचा कि ब्रायंट पार्क को रस्ते चलते दूर से देख लेते हैं और सीधे एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग की ओर को ही रुख करते हैं।क्यूंकि सामान्य ज्ञान की पुस्तकों से मिले ज्ञान ने हमारे मस्तिष्क में विश्व की सबसे ऊँची ईमारत की तस्वीर बना रखी थी, इसलिए हमारे लिए न्यू यॉर्क का मुख्य आकर्षण ये एक सौ छह मंजिली ईमारत ही थी,हालाँकि जब हम इसमें चढ़े तब तक इससे और भी ऊँची इमारते बन चुकी थी। दूर से ही ये बहुमंजिली ईमारत दिखने लगी थी। पर जब हम नजदीक पहुंचे तो सभी इमारते एक सी ही लगने लगी और लोगों से पूछना पड़ा कि कहाँ पर और कैसे जाना है।साथ में एक छोटा सा पिट्ठू बैग होने के कारण हमें यहाँ तक पहुँचने में कोई मुश्किल नहीं हुई ,पर असली परीक्षा अब शुरू होनी थी जब जब अत्यधिक लम्बी लाइन में खड़े होना था। ये अब तक की सबसे बड़ी प्रतीक्षा लाइन थी हमारे लिए,इसके आगे तो भारत में राशन के लिए लगने वाली लाइन भी पानी भर जाये,पर आज ऊंचाई से खड़े होकर दृश्य देखने का उत्साह इतना था कि बातों बातों में ही कब लाइन ख़त्म हो गयी ये पता ही नहीं चला।लाइन में लगे हुए ही हमें पता चला कि अगर प्रति व्यक्ति सोलह डॉलर और खर्च किया जाये तो एक सौ तींनवीं मंजिल तक जा सकते हैं। पहले तो सोलह डॉलर देख के ही मन नहीं हो रहा था ऊपर तक जाने का हमारे लिए छियांसीवीं मंजिल ही बहूत थी ,कम से कम ये तो होगा कि एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग में चढ़े हैं,और हमने ये भी सुन रखा था कि दोने से लगभग एक सा ही दृश्य दिखता है। इतनी देर तक हम सुरक्षा जाँच वगेरह करा चुके थे अस्सीवें मंजिल तक ले जाने वाली एक्सप्रेस लिफ्ट के बाहर पहुँच गए थे। आज तक इसके बारे कुछ देर इंतजारी के बाद लिफ्ट में नम्बर आ गया। आज तक एक्सप्रेस लिफ्ट के बारे में सिर्फ सुना था ,आज जान भी लिया कि ये है क्या। शुरू में लिफ्ट की स्क्रीन में एक दो तीन कर के दस मंजिल तक दिखा और उसके बाद साठ गिनने तक हम अस्सीवीं मंजिल पर थे। अब यहाँ से जाने के लिए भी या तो पांच मंजिल चढ़ने के लिए लिफ्ट में अपना नंबर आने तक का इन्तजार करने के लिए एक बार फिर से राशन की लाइन में लग्न था या फिर अपनी दो पहिया गाड़ी का इस्तेमाल कर के पांच मंजिल तक की सीढियाँ फटाफट चढ़नी थी।हम अब और इन्तजार के मूड में नहीं थे इसलिए चल पड़े पैदल और पहुँच गए छियासीवीं मंजिल पर पहुँच गए। यहाँ से ऑब्जरवेशन डेक पर पहुंचे तो बाहर देखना तो बाद की बात थी   उसके पहले ठंडी हवा ने जो थप्पड़ लगाये उनसे सम्भालना पड़ा। थोड़ा समय वातावरण के साथ सहज होने के बाद ही इधर उधर नजरें डाल पाये।देखिये कैसी दिखती है ये ईमारत और क्या दिखता है यहाँ से -
दूर से दिखती एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग
घुमावदार लाइन जिसमे बड़ी बड़ी पांच लाइन है


मॉडल ऑफ़ एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग


ऑब्जरवेशन डेक से दिखाई देता न्यू यॉर्क 


ये छोटी दिखने वाली  इमारतें बहुमंजिली हैं। 
                                  यहाँ से बाहर आने के बाद हमलोग ब्रॉडवे होते हुए टाइम्स स्क्वायर होते हुए होटल पहुंचे। चेक इन की औपचारिकता के बाद कुछ देर आराम किया और एक बार फिर टॉप ऑफ़ द रॉक के लिए निकल पड़े। ये भी एक सत्तर मंजिली ईमारत थी ,जिसके अढ़सठवें मजिल पर बने ऑब्जरवेशन डेक से दो एक दम अलग तरह के द्रश्य दिखाई देते हैं।यहाँ से एक तरफ सेंट्रल पार्क तथा दूसरी तरफ एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग दिखाई देती है। इस जगह को य रॉक फिलर प्लाजा के नाम से  जाता ऐ। यहाँ एक रेडियो स्टेशन एवं स्केटिंग रिंग भी है। इस रिंग की सबसे  खासियत ये है कि इसके चारों ओर सभी देशों के झंडे लगे हुए हैं।एक नजर डालिये यहाँ पर भी -
टॉप ऑफ़ डी रॉक 

टॉप ऑफ़ डी रॉक से दिखाई देती एम्पायर स्टेट ऑफ़ बिल्डिंग 
सेंट्रल पार्क 
स्केटिंग रिंग 
हवा में लहराते सभी देशों के झंडो के साथ  भारत का भी झंडा था,पर ये सिंथेटिक कपडे का बना लग रहा था 
                           ये तो थी न्यू यॉर्क की मुख्य बहुमंजिली इमारते ,अगली पोस्ट में मिलते हैं यहाँ की चमक दमक के साथ। तब तक के लिए आज्ञा दीजिये और बहुमूल्य टिप्पणी द्वारा अपने विचारों से अवगत कराएं।    


तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-

Tuesday, 30 June 2015

Sea World,Orlando

                 मैजिक किंगडम की जादुई दुनिया के बाद अगले दिन बारी थी सी वर्ल्ड के महासागर  में गोते लगाने का ,यहाँ के बारे में कल्पना नहीं हो पा रही थी कि आखिर पहुँचने के बाद क्या देखने को मिलेगा।आज के दिन है होटल से चेक आउट भी करना था मतलब सामान ले करके ही घूमना था,पर कम सामान ले जाने का फायदा था कि सिर्फ दो पिट्ठू के साथ टहलना था। पहले दिन शटल की इंतजारी के बाद इतना सबक तो मिल ही गया था कि अब आने जाने का इंतजाम खुद ही करना होगा,बस से एक ट्रिप जाने का पैसा दो डॉलर तथा दिन भर के पास की कीमत चार डॉलर थी ,इसलिए हमलोगों ने यहाँ भी दिन भर का बस पास ले लिया,जिससे कि जब जहाँ जाना हो अपने समय के हिसाब से जा सके। आज के दिन सबसे पहले वालमार्ट से स्ट्रॉलर लेते हुए लेक इओला के दर्शन करते हुए सी वर्ल्ड जायेंगे। खैर वॉलमार्ट तो हम नहीं जा पाये लेक  इओला जरूर पहुंच गए। लेक ऐओला ऑरलैंडो के बिना थीम पार्क वाले आकर्षणो में प्रथम स्थान रखता है एवं एक भारतीय नागरिक के लिए वहां जाना अति आवश्यक है क्यूंकि झील के चारों और बने पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा जो लगी हुयी है। यहाँ घूमने आने वाले लोगों को सुन्दर सी झील में विभिन्न प्रकार की चिड़ियाओं के दर्शन भी हो जाते हैं और नीले रंग के साथ हरियाली तो अपनेआप में अनूठी ही लगती है।

पेड़ों के मध्य लेक इओला
पार्क में लगी गांधी जी की प्रतिमा के साथ फोटो खिंचवाते भारतीय 

लेक का एक और दृश्य 
                    लेक इओला के हरे और नीले रंग को अपनी आँखों में बसाने के बाद हमलोगों को अपने लक्ष्य सीवर्ल्ड के लिए चल पड़ना था,वहां पहुंचकर हमने क्या क्या देखा ये जानने के लिए क्लिक करिये-

                         सीवर्ल्ड के सामने बस से उतरे ही थे कि सामने एक पारदर्शी कांच की बनी हुयी बहुमंजिली इमारत दिखाई पड़ी ,जिसे देखकर फोटो नहीं लेना बिलकुल असंभव ही था ,परन्तु जो फोटो खिंचकर आई उसने तो आश्चर्यचकित कर दिया, सफ़ेद बादलों से भरे नीले आसमान का रिफ्लेक्शन उस इमारत में उतर आया था,जो दृश्य कैमरे के लेंस ने दिखाया वो खुली आँखों से देखना तो असम्भव ही था।
इमारत में दिखता आसमान का रिफ्लेक्शन 
                             इस इमारत के पास में ही सी वर्ल्ड का टिकट बिक्री घर था,यहाँ से टिकट ले कर के हम सी वर्ल्ड में घूमने  की योग्यता प्राप्त कर चुके थे,मुख्य द्वार से प्रवेश के पहले ही सी वर्ल्ड के अन्दर के नजारों का अंदाजा हो गया था,क्यूंकि सी वर्ल्ड के नाम के साथ साथ पानी में रहने वाले जीवो के दर्शन जो हो गए थे-
सी वर्ल्ड
                        सी वर्ल्ड भी मैजिक किंगडम की तरह एक थीम पार्क है,जिसकी थीम पानी में रहने वाले जीव जंतुओं पर आधारित है,यहाँ पर आकर के कोई भी व्यक्ति भूगोल में पढ़े हुए अंटार्कटिका,अटलांटिक एवं आर्कटिक महासागर के वातावरण का अनुभव कर सकता है, या कहिये इसतरह  तरह की जलवायु में रहने वाले जीवों के साक्षात दर्शन कर सकता है,जिन्हे देखने की कभी स्वप्न  में भी कल्पना नहीं की हो,इसलिए  सी वर्ल्ड को सभी महासागरों का गेटवे यानिकि मुख्य द्वार कहा जाता है।मैजिक किंगडम की तरह ही ये भी इतना बड़ा है कि इसे समझने और देखने के लिए यहाँ की पूरी जानकारी होना आवश्यक है जैसे क्या प्रमुख आकर्षण है और पार्क को कितने भागों में विभक्त किया गया है। तो इस कहानी की शुरुवात पार्क की रूपरेखा के साथ करते हैं जो कि  इस प्रकार से है -
१ शैलो सी, उथला समुद्र -यहाँ पर विभिन्न प्रकार के जानवरों के मॉडल एवं प्रसिद्ध मंता नामका झूला है ,हम तो झूले का आंनद नहीं ले सक क्यूंकि मेरे जैसे डरपोक के लिए बच्चों वाले झूले ही काफी होते है ,पर ये सी वर्ल्ड आने वालों के मध्य काफी फेमस है। अब झूले में बैठना तो संभव नहीं लेकिन उसका फोटो तो लिया ही जा सकता था, सो फोटो ले लिया।
मंता
                    बचपन में दीपावली के समय घर में लगाने के लिए सुन्दर प्राकृतिक दृश्यों वाले कलैंडर लाया करते थे,किन्तु तब मुझे लगता था कि शायद ऐसे दृश्य वास्तविकता में नहीं होते ये बस एक पेंटिंग है पर यहाँ आ कर के एहसास हुआ कि वो  वास्तविक ही रहे होंगे। उनमे से एक आप भी देखिये -
ऐसे दृश्य वास्तविकता में भी होते हैं। 
                         इस प्रकार के दृश्यों के बाद  अब बारी थी फ्लेमिंगो और डॉल्फ़िन  की ,जिन्हे आराम से विचरण करते हुए देखा जा सकता था।एक तरफ तो हमने गोवा में कड़ी मेहनत कर के डॉल्फ़िन के दर्शन   किये थे वहीँ यहाँ आराम से डॉल्फ़िन को खाना भी खिला सकते थे। देखिये लोग किस तरह से खाना खिला रहे थे-
खाना मांगती डॉल्फ़िन 
फ्लेमिंगो 
                             इसी जगह पर सी वर्ल्ड के मुख्य आकर्षण शामू के डॉल्फ़िन शो का आयोजन भी होता है ,किन्तु जिस समय हम गए थे किन्ही कारणों से ये शो बंद था,इसके स्थान पर डॉल्फ़िन का डांस शो दिखाया गया था कि  कैसे आवाज के हिसाब से वो मूवमेन्ट कर के नृत्य का सा दृश्य प्रस्तुत करती हैं-


                          डॉल्फ़िन शो के बाद बारी थी सी लायन के करतबों की, इन्हे देखकर हर कोई ये सोचने पर मजबूर हो जाये कि एक बच्चे को तक तो कुछ सीखना कितना मुश्किल काम होता है तो कैसे ये लोग पानी में रहने वाले जीव को इतना कुछ सीखा देते हैं। काश इनके कुछ गुण हममें भी आ जाएँ -
कितने प्यार से जानवर साथ बैठा है। 

सी लायन शो 
                                             
            




      














            इसके बाद अब बारी थी वाइल्ड आर्कटिक महासागर में गोते लगाने की,क्यूंकि अब हमें ऐसी सिमुलेशन पर आधारित राइड पर जाने वाले थे जहाँ हमें अत्यधिक ठन्डे वातावरण के साथ साथ पोलर बियर,वॉलरस एवं शार्क और सील मछली के दर्शन हुए,हम इन्हे देखने में ही इतने तल्लीन हो गए कि फोटो लेने का तक समय  नहीं हो पाया। बस एक मछली एवं बाहर के मुख्य द्वार का फोटो लिया था तो आप लोगों के लिए वही लगा देते हैं-
वाइल्ड आर्कटिक


वाइल्ड आर्कटिक की एक मछली परन्तु इसका नाम याद नहीं 
            यहाँ से बाहर निकलने के बाद कुछ पेटपूजा का सा मन होने लगा,तो पास के ही एक रेस्तरां में चले गए किन्तु शाकाहारी होने कारण  हमारा एकमात्र विकल्प पिज़्ज़ा का था सो वो ही  लिया। खाने बैठे ही थे कि वहां घूम रहे कई सारे बतख खाना मांगने के लिए आसपास मंडराने लगे। वहां पर बैठे कुछ लोग बता रहे थे कि  खाना नहीं मिलने पर वो चोंच भी मार देते हैं। हमने तो अब तक केवल बंदरों का आतंक सुना था यहां आ कर पता लगा बतख जैसा सुन्दर जीव भी आतंक मचा सकता है। देखिये कितने मजे से विचरण करती हुयी बतख -

बैठने की जगह 
                    पेट-पूजा के बाद हम लोग कुछ बच्चों के मनपसंद जगह पर गए जहाँ कई प्रकार के झूले,रेन डांस वगेरह थे वहां मन बहलाने के बाद हमारा अगला लक्ष्य था सी ऑफ़ आइस ,यानिकि अंटार्कटिका में रहने वाले पेंग्विन का एम्पायर ।यहाँ पर भी कम से कम डेढ़ घंटे की लाइन में खड़े होना था और  हमारी एयरपोर्ट तक जाने वाली बस का समय भी हो रहा था,एक तरफ काम पैसे में एयरपोर्ट पहुँचने का लालच  था वहीँ दूसरी ओर  इतने दुर्लभ जीवों को देखने का अवसर। अंततः ये मन बनाया कि पैसा तो दुबारा मिल सकता है पर पता  नहीं  इतना अच्छा अवसर दुबारा मिले या नहीं। इसलिए हमलोगों ने अपने लिए टेक्सी बुक करा ली निर्धारित  और एक बार फिर खड़े हो गए एक लम्बी क़तार में। देखिये जब बाहर का  वातावरण ही  इतनी  ठण्ड का एहसास  करा रहा था तो अंदर कितना ठंडा होगा-
मानव निर्मित बर्फीले पहाड़ 
                            करीब एक घंटे के इन्तजार  के बाद हमें अन्दर प्रवेश का मौका मिला तो वहां के अँधेरे को देख कर ही ठण्ड लगने लगी। फिर छोटे छोटे खुली हुयी कार के जैसे डब्बों में हम लोगों को बैठा दिया। और हम हवा में उड़ना शुरू हो गए।नीचे देखने पर दिखते थे बर्फ के पहाड़ और ऊपर घना अँधेरा। पांच मिनट उड़ने के बाद हमें पेंग्विन के दर्शन हो गए। सफ़ेद बर्फ और  पत्थरों के बीच काले सफ़ेद पेंग्विन भी खुद उस माहौल का हिस्सा सा लग रहे थे,जब वो इधर उधर चल रहे थे तभी पता लग रहा था कि ये बर्फ से चिपके हुए नहीं ,बर्फ में बैठे हुए हैं।
दुर्लभ पेंग्विन 
                       पेंग्विन देखते देखते ही हमारी एयरपोर्ट जाने वाली  टेक्सी का समय  गया था और हम समुद्री दुनिया के  की दुर्लभ जीवों को अलविदा करने के साथ साथ ऑरलैंडो की सुनहरी यादों को समेटते  हुए एयरपोर्ट चल पड़े। पूर्ण सुरक्षा जाँच के बाद फ्लाइट की यात्रा के बाद वाशिंगटन की धरती में उतरे तो पता लगा कि  बर्फीले तूफ़ान ने हमारा स्वागत किया है। यहाँ के एयरपोर्ट से होटल तक जाने के लिए हमने पहले से शेयर टेक्सी करायी थी परन्तु काउंटर पर गए तो वहां बैठे महाशय ने हमें बच्चे की कार सीट के बिना हमें टिकट देने से मना कर दिया एवं साथ में ये भी बोल दिया कि ये पैसा रिफंड नहीं होगा और वॉइड(Void) लिखी हुयी एक पर्ची पकड़ा दी। एक तो पैतालीस डॉलर वैसे ही बर्बाद हो गए थे और दुबारा टेक्सी बुक करने के पैसठ डॉलर लगने थे,पर इसके अतिरिक्त बस से जाने का विकल्प हमारे पास नहीं था क्यूंकि एक तो रात का समय और बाहर बर्फीला तूफ़ान,इसलिए आनन फानन में टेक्सी बुक करवा ली। बाद में घर जा के इंटरनेट में चेक किया तो  पता लगा अगर किसी रसीद में वॉइड  लिखा हो तो पैसा वापस मिल सकता है और वापस मिल गया। इस तरह से हमारी दो दिन की ऑरलैंडो यात्रा का सुखद समापन हुआ। तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-

Thursday, 21 May 2015

Magical Magic Kingdom मैजिक किंगडम की जादुई दुनिया,ऑरलैंडो.......२

                        मैजिक किंगडम!!! यहाँ का नाम सुनते ही मन में सबसे पहले ये सवाल आया  कि आखिर ऐसा क्या जादुई है यहाँ जो इसका नाम ही मैजिक किंगडम रख दिया। लेकिन यहाँ कदम बाद में पड़े और इस सवाल का जवाब पहले  मिल गया कि ये जगह सच में जादुई नगरी ही है जहां पहुँच कर बच्चे तो बच्चे  बड़ों का मन भी बच्चा बन जाता है। ये जादुई नगरी अपने आप में इतनी बड़ी है कि एक दिन में इसे देखना तो क्या ये कितने भागों में विभक्त है ये पता लगाना भी असम्भव सा ही है !! देखिये इस जादुई नगरी के कुछ हिस्से यहाँ हम जा पाए-
१-एडवेन्चरलैंड
२-फैंटेसीलैंड
३-मैन स्ट्रीट
४-लिबर्टी स्क्वायर
                     टिकट लेने के बाद जैसे ही अंदर पहुँचो तो सबसे पहले गमैन स्ट्रीट के नाम की गली पर नजर जाती है !! ये गलियारा अपने नाम के अनुरूप ही भीड़भाड़ से भरा हुआ और चहल-पहल वाला है। यहाँ बच्चों के लिये स्ट्रोलर भी लाइन से खड़े थे जो कि किराये में दिये जा रहे थे !! पंद्रह डॉलर की कीमत चूका कर एक स्ट्रोलर हम लोगों ने भी दिन भर के लिये ले लिया !!  इस स्ट्रीट से यहाँ का मुख्य आकर्षण-सिंड्रैला का महल आसानी से देखा जा सकता है। बचपन में सिंड्रैला और उसकी सौतेली माँ की कहानी सुना करते थे, आज उसके महल का रूप भी देख लिया। 
सिंड्रेला का महल 


परेड का एक दृश्य 
परेड का एक दृश्य 
                                 मैन स्ट्रीट में होने वाली परेड को देखते देखते हम फैंटेसीलैंड पहुँच गये !! फैंटेसीलैंड एक छोटा थीम पार्क है जो कि डिज्नी द्वारा बनाई गयी बालचित्र कथाओ या कहिये कार्टून सीरियल्स और मूवीज की थीम पर आधारित है। यहाँ का सबसे बड़ा आकर्षण अट्ठारह महीने की कड़ी मेहनत से बनाया गया सिंड्रेला का महल है। रात के समय इसी महल मे आतिशबाजी की रौशनी के बाद  सिंड्रेला के जीवन पर चित्रत साउंड एंड लाइट शो दिखाया जाता है। ये महल मैजिक किंगडम के मध्य में स्थित है। इसके बाद का अगला आकर्षण इट्स स्मॉल वर्ल्ड है!! ये एक तरह की पानी की राइड (झूला) है जिसमे अंधेरे में एक एक नाव की सवारी करायी जाती है!! बच्चों की इस दुनिया में चमकदार एवं आकर्षक रंगों से बने कपड़ों में सजी हुयी  तीन सौ गुड्डे-गुड़ियाओं को झूमता और नाचता हुआ दिखाया जाता है और बैकग्राउंड में इट्स स्माल वर्ल्ड का मधुर संगीत बजता है। कुल पल के लिये तो इस माहौल में हम भी बच्चे ही बन गये थे और सान्वी तो लगभग इस दुनिया में खो ही गयी थी। बार-बार मन में ये मलाल हो रहा था कि काश ये थोड़ा बड़ी होती तो उसे भी ये सब याद रहता है। इस जादुई दुनिया के कुछ दृश्य-
इस तरह की नाव में बैठा कर अँधेरी सुरंग में बच्चों की दुनिया की सैर करते हैं। 


जादुई नगरी के सदस्य 


जादुई नगरी के कुछ और सदस्य 


नाचती गाती गुड़ियाँ 


बाय कहने के अलग अलग तरीके। 


जादुई नगरी के कुछ और सदस्य 
                             जादुई नगरी के बाद अब बारी थी कि कुछ झूलों का आन्नद लिया जाये क्योंकि बाकि सभी जगह लम्बी लाइन लगी हुई थी। इसी क्रम से अबकी बार का हमारा चुनाव था मैड टी पार्टी।  ये चाय के घूमते हुए कपों से बना एक झूला होता है जिसमे कप के नीचे का आधार तो घूमता ही है और प्रत्येक कप पृथ्वी की तरह अपनी धुरी पर भी घूमता है। कुल मिलाकर एक बार बैठ जाओ तो दसों दिशाओं में स्वतः ही घूम जाओगे। ये झूला पूरे विश्व में फैले हुए डिज्नी के पांचों पार्क में पाया जाता है। झूले में बैठे होने के कारण इसके अच्छे फोटो नहीं खिंच पाये, पर हमारे गूगल देव तो इसी दिन के लिए हैं-
चित्र गूगल द्वारा साभार 
                         इसके बाद जो राइड हमलोगों ने की, उसका नाम था मेनी एडवेंचरस ऑफ़ वींनी द पूह(The Many Adventures of Winnie the Pooh) .ये राइड मेनी एडवेंचरस ऑफ़ वीनी द पूह मूवी जो कि स्वयं वीनी द पूह नामक कहानी पर आधारित है की थीम पर बना हुयी है। इसमे वीनी के बड़े बड़े कारनामों को छोटी छोटी दीवारों पर बड़े बड़े सफ़ेद कैनवास पर कॉमिक्स का रूप देकर उतरा गया है। दस मिनट तक यहाँ घुमकर के हमने वीनी के कई कारनामे देखे और अपने समय में आने वाली कॉमिक्स के चरित्रों को खूब याद किया। इसके बाद यहाँ की दो और राइड्स थी पीटर पैन्स फ्लाइट(Peter Pan's Flight) और मिक्की फिलरस मैजिक (Mickey's Philhar Magic.) ये एक तरह का तीन डायमेंशन वाला शो है ,परन्तु एक तो पहले ही हमारे पास समय काम था ,जो था वो पहले वाली राइड्स की लाइन में ग के गँवा चुके थे और यहाँ पर इन दोनों का ही वेटिंग टाइम करीब दो घंटे का था तो हमने यहाँ से मुंह मोड़ लिया और आगे का रुख किया।
           अब बारी है एडवेन्चरलैंड की, यहाँ के प्रमुख आकर्षणों में जंगल क्रूज र दूसरा सात बौनो की गुफा है। तो लग जाते हैं जंगल क्रूज वाली लाइन में!! पर ये क्या ये तो जितनी बाहर से दिख रही थी उससे कई गुना ज्यादा निकली !! शायद ही कोई बच्चा ऐसा हो जिसने बचपन में रविवार की सुबह दूरदर्शन पर आने वाला सीरियल जंगल बुक मिस किया हो और मोगली को तो हम चाह कर भी नहीं भुला सकते !! जी हाँ ये राइड उसी जंगल बुक सीरियल पर आधारित है। तो मोगली को याद करते करते हमारा समय कट ही गया और हमको लेने एक छोटी सी नौका आ गयी जिसे देख कर एक पुराने बाल सीरियल का गान याद सा आ रहा था और वो था अगर मगर डोले नैया ,लहर लहर जाये रे पानी ,डूबे न डूबे न मेरा जहाजी,डोले रे डोले रे इसी के साथ हम नौका पे सवार होकर चल पड़े। यहाँ पर पानी के साथ साथ बने हुवे जंगल के वातावरण में मोगली का हर एक साथी हमें मिल ही गया !! सच कहूं तो बचपन वाला रविवार एक बार फिर नजरों के सामने आ गया !! इन कुछ पलों में ना जाने बचपन के कितने साल जी लिये होंगे मैंने!! चलती नौका से कोई खास अच्छे चित्र नहीं ले पाये फिर भी  कुछ आप के लिए हाजिर हैं -
हाथियों की टोली 




कुछ अन्य सदस्य 


कुछ अन्य सदस्य 


एक बार फिर हाथियों की टोली 
                        जंगल बुक के बाद हमारी यादों की कतार में जिसका अगला नंबर था वो थी हमारी प्यारी और अपनी सौतेली माँ की सताई स्नो वाइट!! हर बच्चे ने स्नो वाइट की कहानी जरूर सुनी होती है किस तरह से स्नो वाइट की सौतेली माँ उसे ज्यादा सुन्दर होने के कारण बहुत तंग करती है और वो अपनी जान बचने को सात बौनों की गुफा में जाकर रहने लगती है लेकिन उसकी माँ वहां भी उसे नहीं छोड़ती है और बहाने से उसे जहरीला सेब खिला देती है!! उसके बाद बौने किसी प्रकार से उसके प्राणो की रक्षा करते हैं। स्नो वाइट की इसी दर्द भरी दास्तान को इस राइड में दिखाया गया है !! ये भी एक पानी की ही राइड है जिसमे एक नाव में बैठा कर पानी के बहाव के साथ सात बौनों की गुफा के दर्शन कराये जाते हैं।
सात बौनों की गुफा का बाहरी दृश्य 




एक दृश्य अंदर का भी 
                     इतना सब देखते हुए काफी समय निकल गया था अब ज्यादा कुछ करना संभव नहीं था कुछ एक राइड्स को छोड़के क्यूंकि यहाँ के मुख्य आकर्षण सिंड्रेला के महल के पास होने वाली आतिशबाजी एवं साउंड एंड लाइट शो देखने के लिए एक अच्छी सी जगह भी रिज़र्व करके रखनी थी। फिर भी थोड़ा टाइम था तो एक बार फिर फैंटेसीलैंड की और चल पड़े। वहां पीटर पैन की फ्लाइट और मिकी फ़िलहार के जादू दोनों के लिए प्रतीक्षा समय अभी भी बहुत ज्यादा ही था। तो मन मार के कहीं और के लिए निकल रहे थे तभी पता कि फास्टपास नाम की भी कोई चीज होती है जिससे प्रतीक्षा का समय थोड़ा कम हो जाता है ज्यादा से ज्यादा और कम से कम तीन राइड्स का पास एक दिन में ले सकते थे तो हम भी जल्दी से जा करके तीन राइड्स का पास ले लिए जिसमे एक स्मॉल वर्ल्ड का भी ले लिया,हालाँकि इसे हमलोग कर चुके थे,परन्तु हमारे पास सिर्फ दो राइड्स का ही समय था और तीसरा नाम मात्र के लिए लेना था। पीटर पैन की फ्लाइट में हवाई में उडा करके पीटर के कारनामों के दर्शन कराये गए उसीके पास में वहीँ मिकी फिलहार वाली राइड एक थ्री डायमेंशनल शो चल रहा था  जिसमे मिकी और उसके साथी अपने जलवे दिखा रहे थे!!थ्री डी देखने वाले चश्मे की सहायता से ऐसा लगा रहा था कि मानो वो आपके सामने ही हवा में उड़  रहे हो,और शो की समाप्ति पर डोनाल्ड डक ने दर्शन दे के धन्य कर दिया था।
ये है फास्टपास 


ये है सिन्ड्रेला का महल रात में। 
               इतनी राइड्स को देखते देखते साढ़े नौ ही बज गया और अब   मुख्य स्ट्रीट में ठीक  ठाक सी जगह  देख के बैठना थोड़ा मुश्किल सा ही लगने लगा पर फिर भी एक जगह जहाँ से आतिशबाजी अच्छे से दिख जाये वहां पर हम बैठ ही गए!! वास्तव में यहाँ पर होने वाली आतिशबाजी बहुत ही अच्छी लगी। कैमरा रात के समय अच्छी तस्वीरें नहीं निकलता इसलिए आराम से बैठ कर आनंद उठाया। आतिशबाजी के बाद हुए साउंड एंड लाइट शो ने तो सिंड्रेला की कहानी को आँखों के सामने में ला  खड़ा कर दिया। इस  प्रकार से मैजिक किंगडम की जादुई दुनिया में एक बार फिर अपना बचपन जीने के बाद अब फिर से अपनी दुनिया में लौटना भी जरूरी था इसलिए दो बस बदल कर रात के बारह बजे होटल पहुंचे। मैजिक किंगडम की जादुई दुनिया के सफर के बाद अगली  पोस्ट में मिलते हैं सी वर्ल्ड में,तब तक के लिए आज्ञा दीजिये।  


तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-