Sunday, 7 September 2014

How to get tourist visa for USA

             दो हजार चौदह की शुरुवात हमलोगों को एक यादगार तोहफे के रूप में संयुक्त राष्ट्र अमेरिका(यूसए) की रोमांचकारी यात्रा दे गयी। जाने के साथ साथ वहाँ की राजधानी वाशिंगटन में तीन महीने के लिये रहने का सुअवसर मिला। जैसे ही ऑफिस में ये बात हुयी कि जाना है हम साथ में छोटी सी बेटी को लेकर झटपट तैयार हो गए। जहाँ एक तरफ जाने की असीम ख़ुशी थी वहीँ दूसरी तरफ डेढ़ साल की छोटी बेटी के साथ जाने का मन में कुछ ऐसा ही भय था जैसा नील आर्मस्ट्रोंग को चन्द्रमा पर जाने में लगा होगा ,ऊपर से इस वर्ष वहां पर ठण्ड भी कुछ ज्यादा ही मेहरबान थी,पर जब मन बना ही लिया था जाने का तो फिर अपने मन में बैठे हुए डर से जीत पाना तो आसान ही था। इस प्रकार से हम  कई हजारों किलोमीटर दूर जाने के लिए तैयार हो गए। गूगल मैप में एक बार दूरी तो देखिये -


           इस तरह से हजारों किलोमीटर उड़ने के बाद विदेशी धरती,संयुक्त राष्ट्र अमेरिका में  बिताये हुए इन तीन महीने के अनुभव को आपके साथ साझा करने की शुरुवात वीसा प्राप्ति के अनुभव के साथ करते हैं । 

Wednesday, 3 September 2014

Yercaud attractions:यरकोड आकर्षण

        पिछले पोस्ट में आपने पढ़ा बैंगलोर से यरकोड की यात्रा के बारे में,तो इस श्रंखला की दूसरी एवं अंतिम कड़ी में आपको ले चलते हैं यहाँ के दर्शनीय स्थलों के यात्रा वृतांत पर। जैसा कि आप लोगों को विदित ही है हम लोग दोपहर बारह बजे ही पहुँच गए थे और यात्रा की थकान नहीं के बराबर ही थी,तो बस चाय पीने के बाद हम निकल पड़े यहाँ के प्राकृतिक नजारों के दर्शन के लिए। होटल से नीचे उतरते ही सामने दिखाई दी शांत सी झील।
शांत सी यरकोड झील 
                यहाँ के बारे में ज्यादा पढ़ने के लिए क्लिक करिये 
                ज्यादा विकास नहीं होने के कारण यहाँ पर मार्केट और शोपिंग काम्प्लेक्स कहीं दिखाई नहीं दिए ऐवम्  सैलानियों की भीडभाड नहीं होना इसे अन्य  जगहों से अलग कर देता है। यहाँ पर ना ही ऊटी के जैसी यात्रियों की भीड़भाड़ दिखी और ना ही नैनीताल जैसे कंक्रीट के जंगल, दिखी तो सिर्फ एक चीज बस  मनमोहक प्राकतिक नज़ारे। अगर ऊटी की प्राकृतिकता देखनी का मन हो तो इन लिंक पर जायें-
ऊटी
               झील के नज़ारे देखते-देखते ही   बोट हाउस के पास के  पार्किंग स्थल में गाड़ी खड़ी कर दी। इधर आस पास में  तीन आकर्षण हैं पहला झील,दूसरा अन्ना पार्क और तीसरा डियर पार्क। सबसे पहले हम गए बोट हाउस क्यूंकि झील एक ऐसा आकर्षण है जिसे देखकर कोई भी अपनेआप को रोक नहीं सकता।पर एक बात थोडा अजीब सी लगी कि यहाँ पर बोटिंग के तो पैसे लगते ही हैं पर  बोट हाउस में जाने के भी पैसे लगते हैं। बोटिंग के लिए यहाँ पर हर तरह की नावे मौजूद थी,और नावों की सवारी तो कई बार की है तो इस बार मन हुआ की पेडल वाली नाव की सवारी कर ले। मजा तो बहुत आया पर थोड़ी देर में ही हमारे छोटे पार्टनर का मन भर गया और जोर जोर से रोना शुरू हो गया। फिर क्या था वापस जाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं था, पर भी भी बोट की सवारी का अनुभव तो हो ही गया।
             इसके बाद थोड़े आराम के जरुरत लगी और अन्ना पार्क जा कर वहाँ बैठ गये। ये पार्क दो आमने सामने दो  हिस्सों में बटा हुआ है,एक सड़क की एक ओर तो दूसरा दूसरी ओर। ये जगह बहुत ज्यादा व्यवस्थित तो नहीं है पर फूलों की वजह से मनमोह लेता है। यहाँ पर एक शेर भी रखा है जो बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र है। 
अन्ना पार्क  के रँग बिरंगे फूल 
                  थोड़ी देर यहाँ बैठने के बाद हम दूसरी साइड के पार्क में गए। यहाँ पर टिकट के नाम पर बहुत बड़ी लूट है,इसलिए ये ध्यान देने योग्य बात है कि ये एक ही पार्क है तो केवल एक ही जगह टिकट दे,बस इसका नाम थोडा सा बदल दिया गया है, लेक व्यू पार्क।इन दोनों पार्कों का एक ही टिकट था। ये पार्क पहले पार्क से अच्छा बना हुआ है, और इसके ठीक सामने झील है जिससे यहाँ का आकर्षण बढ़ जाता है।
पार्क से दिखती हुयी झील 


पार्क में खिले फूल 


पार्क से दिखती हुयी झील 
              इसके बाद हम चल पड़े खाने के लिए सर्वणा भवन की ओर, बहुत देर भटकने के बाद मिला तो सही पर खाना खाने के बाद अनुभव हुआ कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। चलो कोई नहीं हम तो घूमने के लिए गए थे ना कि खाने के लिए। तब तक हमारा तीसरा पार्टनर थक के सो भी गया था तो होटल वापस जाने का मन बना लिया और कार पार्किंग की ओर पैदल ही चल पड़े। जब तक पार्किंग तक पहुंचे तो मैडम की नींद पूरी हो गयी और फिर से आगे के अट्रैक्शन को देखने का मन बन गया। आज देखने के लिए दो- तीन जगह ही बची थी जिनमे दो तो आसपास ही थी। लेडीज सीट और जेंट्स सीट, लेडीज सीट की बोट हाउस से दूरी मात्र तीन  किलोमीटर की थी, तो ज्यादा समय नहीं लगा।
           लेडीज सीट और जेंट्स सीट शेवारॉय हिल के दक्षिण पश्चिम पर स्थित है। ये सभी जगह बहुत ही दर्शनीय हैं यहाँ से एक ओर हरे भरे पहाड़ दिखते है तो दूसरी ओर सेलम घाटी के नज़ारे-
पहाड़ों के बीच घुमावदार सड़कें 


सेलम घाटी 


हरी भरी पहाड़ियां 
              अगला पड़ाव जेंट्स सीट यहाँ से पैदल रास्ते पर है,यहाँ जा के पता चला कि चिल्ड्रन सीट भी यहाँ मौजूद है,जिसमे बच्चों के खेलने का इंतजाम है।फिर से दिखे आकर्षक नज़ारे-
जेंट्स सीट 


जेंट्स सीट से दिखता नजारा 
          अब अज के लिए सिर्फ एक जगह बची थी वो है पैगोडा पॉइंट,यहाँ के रस्ते में हमारा होटल भी पड़ता था तो वहां खाने का आर्डर देते हुए हम पैगोडा पॉइंट पहुंचे।एक बार फिर यहाँ से प्राकतिक नज़ारे दिखाई दिए और साथ में एक मंदिर भी था। पैगोडा पॉइंट को पकोड़ा पॉइंट के नाम से भी जाना जाता है। हम शायद कुछ देर से पहुंचे और पकोड़ा पॉइंट के पकोड़ों के स्वाद का जायका नहीं ले पाए। कोई नहीं मन को मना लिया कि ये कसर हम अगले ट्रिप में पूरी करने की कोशिश करेंगे।
पैगोडा पॉइंट से दिखता हुआ गाँव  




        यहाँ देखने को मिला आश्चर्यजनक रूप से ध्यानमग्न श्वान,जो कि अपने आस पास से बेखबर जाने किन विचारो में मग्न था।
सोता हुआ कुत्ता 
               इसके बाद होटल जा के खाना खाया,यहाँ की हॉस्पिटैलिटी अच्छी थी,और बोलने पर इन लोगों ने बच्चे के लिए अलग से दाल भी बना दी थी,तो किसी तरह की परेशानी नहीं हुयी।अगले दिन के लिए प्लान ये था कि किल्युर फाल्स होते हुए होगनेक्कल के रस्ते बैंगलोर वापस हो जायेंगे।अगले दिन उठ के देखा तो कमरे के बाहर  खिडकियों पर ऒस की बूंदे बह रही थी।
खिड़की पर ओस की बूंदे 
             किल्युर की ओर रुख किया ही था कि लोगों ने कहा वहां पर पानी ही नहीं है तो देखने के लिए कुछ भी नहीं है,तो फिर मेटटूर डैम होते हुए बैंगलोर वापस हो गए,क्यूंकि लगा की होगनेक्कल जाना का कोई पॉइंट नहीं बच्चे के साथ में, ठीक से एन्जॉय नहीं हो पायेगा।तो उसे अगली बार के लिए छोड़ते हुए बैंगलोर को वापस हो लिए।इस ट्रिप में इतना ही था,अगले के साथ फिर मिलते हैं।

Tuesday, 15 July 2014

Drive from Bangalore To Yercaud:बैंगलोर टू यरकोड रोड ट्रिप

               पिछले वर्ष  (जून २०१३ ) बारिश की वजह से उत्तरांचल और हिमाचल प्रदेश में बहुत ही नुकसान हुआ, और उसके साथ साथ भ्रमण के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित हो गए। अब कुछ समझ नहीं आ रहा था की करे तो क्या करें और बारिश के मौसम में बच्चे के साथ कहीं दूर निकलने की हिम्मत भी नहीं कर पा रहे थे तो अचानक से दिमाग में आया की बिना छुट्टी लिए एक वीकेंड ट्रिप ही कर लिया जाये और तमिलनाडू के हिल स्टेशन यरकोड (YERCAUD ) का चयन हो कर लिया। ये जगह बैंगलोर से काफी नजदीक है तो जाने के लिए कोई बहुत प्लानिंग की जरुरत भी नहीं पड़ी। केवल  होटल बुकिंग ही करवानी थी  क्योंकि वहां होटल कम हैं, इसलिए जल्दी में दुर्गा  रेजीडेंसी में बुकिंग करवा ली।अब तो बस निकलने की जरुरत भर थी।

 कुल यात्री-३
 जगह-यरकोड
 गाड़ी-सेंट्रो  
               इस यात्रा वृतांत के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए क्लिक करिये 
                     बैंगलोर से यरकौड की  दूरी दो सौ अट्ठाईस किलोमीटर की है और दो सौ दो किलोमीटर (सेलम) तक तो बैंगलोर कन्याकुमारी हाईवे है इसलिये रोड कंडीशन बहुत अच्छी है, और सेलम के आगे की पहाड़ी ड्राइव भी मस्त है, हरे भरे पेड़ों से घिरी हुयी सड़क और आसपास के नज़रों के बीच कब पहुँच गए पता ही नहीं चला। इस गरीब आदमी की ऊटी  के रास्ते में पड़ने वाले बीस हेयर-पिन बैंड्स ने ऊटी की याद दिला ही दी।  
टोटल टाल-दो सौ बयालीस 
           पहले से पूरी तैयारी नहीं होने के कारण अबकी बार निकलने में थोडा देर हो गयी, तो यहाँ से निकलते निकलते ६:४५ हो गया था। इलेक्ट्रोनिक सिटी पहुँचते पहुँचते सात बज गया,ज्यादा दूर तक तो जाना नहीं था तो पहले से ही सोचा था की रुकते रुकते रास्ते को एन्जॉय करते हुए ही जायेंगे,और सच में रोड की कंडीशन इतनी अच्छी थी कि हर जगह पर रूकने का मन हो रहा था। उसके बाद लंच के लिए होसुर और कृष्णागिरी के बीच में  पेट्रोल पम्प और मैकडोनाल्ड के पहले के रेस्तौरेंट नाम बहुत ठीक से याद नहीं शायद कृष्ना इन था पर रुके। यहाँ पर मसाला डोसा और इडली के साथ चाय मंगवाई। कुल मिलाकर के खाने का मजा ही आ गया। पूरा खाना वैल्यू फॉर मनी था। सेलम तक तो रास्ता इतना अच्छा था की कुछ पूछना ही नहीं था,और ड्राइव भी बहुत स्मूथ थी।सेलम टाउन में थोडा देर ट्रेफिक लगा, पर इसे क्रॉस करने के बाद फिर से स्मूथ रोड आ गयी, जो की पूरी पहाड़ियों से घिरी हुयी थी,और यहाँ पर बीस हेयरपिन बैंड भी मिले पर ये ऊटी जितने तो नहीं थे पर कुल मिलाकर रास्ता बढ़िया कटा।
सड़क से दिखती हुयी पहाड़ी 


गाड़ी से सड़क का व्यू 


घुमावदार सड़क 


आती जाती गाड़ियाँ 


ऊँची नीची सडक 
             तो इस तरह रास्ते को एन्जॉय करते हुए हम लोग बारह बजे तक यरकोड पहुंचे।तो होटल में चेक इन करने के बाद कुछ देर आराम करके घुमने का निर्णय किया।तो अगली पोस्ट में यहाँ के दर्शनीय स्थलों को देखते हैं।

Thursday, 5 June 2014

Dolphin trip and Aguada Fort डॉल्फ़िन ट्रिप और अगोडा फोर्ट:गोवा का अलोकिक सौंदर्य...........६

             आज का दिन इस बार के गोवा भ्रमण का अंतिम दिन था, और देखने के लिए काफी कुछ रह गया था जिसमे सब से मुख्य था डॉल्फ़िन देखना। बागा बीच पर डॉल्फ़िन दिखाने के लिए जो पैसा बताया जा रहा था वो जरुरत से कुछ ज्यादा ही था और उसके लिए जाना भी सुबह सुबह था, इसलिए सोचा था कि एक लास्ट ट्रॉय करके देख लेंगे। परन्तु पहले सुबह उठने में ही देर हो गयी और उसके बाद होटल में लेट चेकआउट स्वीकृत नहीं हुआ तो होटल से निकलने में ही देर हो गयी और डॉल्फ़िन दर्शन का विचार एक तरह से छोड़ ही दिया। प्लान में चेंज कर के हम लोग अगोडा फोर्ट के लिए निकल पड़े। अगोडा फोर्ट हमारे होटल से लगभग सात किलोमीटर की दूरी में था, हम वहां जा ही रहे थे कि तब तक एक नवयुवक बाइक में डॉल्फ़िन डॉल्फ़िन चिल्लाता हुआ जा रहा था तो हम लोगों ने वहीँ उतर  कर उससे बात करी तो वो सज्जन हम चारों को १२०० रुपये (बारह सौ) में डॉल्फ़िन दर्शन कराने को राजी हो गए और हमारे लिए तो ये कुछ इस प्रकार था कि अंधे को दो आँखे मिल गयी।  इसे सिंक्वेरिम जेटी (Sinquerim Jetty)बोट हाउस कहा जाता है। इसके बारे में जानकारी के लिए एक लिंक इस प्रकार है सिंक्वेरिम जेटी बोट एसोसिएशन । ये जेटी गोवा सरकार के द्वारा चलायी जाती है।  तो इस तरह अचानक से मिले डॉल्फ़िन ट्रिप और अगोडा फोर्ट के बारे में ज्यादा पढ़ने के लिए क्लिक करिये  


            शुरुवात करते हैं अपनी बारी के इन्तजार में खड़ी नौकावों के चित्र के साथ -


                  ये जगह काफी भीड़भाड़ वाली थी पर पेड़ों से घिरे होने के कारण गर्मी का उतना अंदाजा नहीं आ रहा था और खाने पीने के लिए आइस क्रीम ,कोल्ड ड्रिंक, नारियल पानी वगेरह सभी चींजे उपलब्ध थी ,तो हमलोगों ने भी कुल्फी का आंनद उठाते हुए अपनी बारी का इन्तजार किया। करीबन दस से पंद्रह मिनट में हमारा नंबर लग ही गया था, सावधानी से बोट में सभी लोगों को बैठाने के बाद बोट का इंजन ऑन हुआ और इस तरह से हम निकल पड़े डॉल्फ़िन देखने के लिए। यहाँ पर एक शर्त ड्राइवर ने खुद ही रखी थी भले ही डॉल्फ़िन का पूंछ ही देखे पर दिखाए बिना वापस न लाएगा। इतने में हम चलते चलते आगे बढ़ गए थे और ड्राइवर साहब हमें नौका में बैठाये हुए ही अगोडा फोर्ट,और कुछ बंगलों के दर्शन करा रहे थे जिनमे से एक में शायद हसीना मान जाएगी (Hasina Maan Jayegi ) हिंदी फिल्म की शूटिंग हुयी थी तथा एक हिंदी फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ  का बंंगला था। आप भी देखिये -


बंगला 


                   यहाँ पर एक तरफ से नारियल के पेड़ों से बहुत ही मनभावनी हवा आ रही थी वहीँ पास में कोको समुद्र तट  से ठन्डे ठन्डे हवा के झोंके आ रहे थे। कुल मिलाकर गर्मी तो बस गायब ही हो गयी थी ,अब तक हम लगभग समुद्र तट पर ही पहुँच गए थे जहाँ पर नौका हिचकोले खाने लगी तो बचपन में एक नाटक का गाना सा याद आया जो कि ये था "अगर मगर डोले नैया ,लहर लहर जाये रे पानी ,डूबे ना डूबे ना मेरा जहाजी।  " इस तरह से लहरों के बीच हम काफी आगे निकल आगे पर डॉल्फ़िन का तो कोई नाम ही नहीं। काफी देर ड्राइवर जी ने इन्तजार किया और फिर आगे बढ़ चले उन्हें देख बाकि नौका वाले भी बढ़ गए।  ये सिलसिला काफी देर तक चलता ही रहा और एक बार तो सभी नाव वाले शिकारियों की तरह ही बस खड़े हो गए। अंततः काफी इन्तजार के बाद डॉल्फ़िन दिख गयी और हम सभी ख़ुशी वापस आ गए। लगभग डेढ़ घंटे की इस डॉल्फ़िन ट्रिप ने सब का मन प्रसन्न कर दिया था या यूँ कहिये एक तरह से गर्मी में ठन्डे का एहसास करा दिया। इस ट्रिप के कुछ नज़ारे आप लोग भी देखिये -

डॉल्फ़िन दर्शन के लिए आई नौकाएं 

इतना आगे तक बढ़ गए की समुद्री जहाज भी दिखने लगे 



             इसके बाद अब अगला पड़ाव था अगोडा फोर्ट।  गोवा को अगर सूरज और समंदर की जगह कहा जाये तो ये यहाँ के पुरातत्व के साथ एक तरह से अन्याय ही होगा, यहांँ कई सारे किले ,चर्च और मंदिर है जिन्हे देखने के लिए भी बहुत समय की आवश्यकता है, हम तो बस अगोडा फोर्ट के दर्शन कर पाये। अगोडा एक पुर्तगाली शब्द है जिसका हिंदी में अर्थ होता है पानी का भंडार स्थल। इस किले का निर्माण सुरक्षा तथापानीकेभण्डारण के लिए किया गया था। ये एक तरफ समुद्र तट और लाइट हाउस से घिरा है तो वहीँ दूसरी औरमांडवी नदी बहती है। यहाँ  पर हिंदी फिल्म भूतनाथ(Bhoothnath ) और दिल चाहता है की शूटिंग भी हुयी 


 है,जिससे यहन की प्रसिद्धि ओर भी बढ़ गयी है। यहाँ पर एक सेंट्रल जेल भी है जो की पर्यटकों के लिए खुली नहीं होती। यहाँ आने के लिए सुभह का या फिर शाम का समय उपयुक्त होता है,क्यूंकि ये सुबह १० बजे खुलता है तथा शाम को ५ बजे बंद हो जाता है। इसलिए या तो खुलते समय पहुँच जाना चाहिए या फिर शाम को ,क्यूंकि दिन में गर्मी अपनी प्रचंडता पर रहती है। अगोडा फोर्ट के कुछ नज़ारे-

लाइट हाउस 

दिल चाहता है 

किले की बाहरी दीवार 
        इसके बाद का अगला पड़ाव था डोना -पौला और मीरामार बीच,तो डोना- पौला की खूबसूरती देखने के बाद हमने मीरामार बीच के सूर्यास्त का आनंद उठाने का प्लान बनाया। मीरामार बीच बहुत ही हरियाली से भरा हुआ हुआ है,यहाँ जा कर तो लगता है की बस यहीं थम जाओ, परन्तु समुद्र तट  का एकदम  नजदीकी छोर उतना स्वच्छ नहीं है कि पानी में खेलने के लिए उतरा जा सके. मीरामार बीच की हरियाली का एक नजारा -


                    यहाँ का सौंदर्य तो देखते ही बनता है,एक तरफ नारियल के पेड़, दूसरी और हरी भरी घास और साथ में समुद्री किनारा,एक तरह से कहा जाये तो दर्शकों को सबकुछ एक साथ ही देखने को मिल जाता है।इसके साथ ही गोवा भ्रमण की श्रृंखला समाप्त होती है,इस श्रृंखला की समस्त कड़ियाँ एक साथ इस प्रकार हैं-



Thursday, 13 March 2014

Anjuna and Vagator Beach अंजुना ,वागेटर :गोवा का अलोकिक सौंदर्य...........५

                 पूरा  दिन वाटर-स्पोर्ट्स के मजे लेने के बाद थकान तो बहुत थी,पर घूमने का उत्साह उससे भी कहीं ज्यादा था। थोडा देर होटल में जा के आराम करने या कहिये घूमने के लिए ताकत बटोरने के बाद हम फिर से निकल पड़े समुद्री हवाओं का आनंद उठाने। शाम का प्लान इस तरह से था कि अंजुना (Anjuna Beach ),वागेटर (Vagator Beach) के समुद्र तट देखने के बाद बागा (Baga) के समुद्र तट पर बने शैक पर ही रात्रि भोजन का मजा लिया जाये।इस वृतांत को आगे पढ़ने के लिए क्लिक करिये
            हमारे होटल से अंजुना बीच की दूरी आठ किलोमीटर थी। यहाँ पर ही हमने सूर्यास्त के मजे लिए।यहाँ कि खास बात ये है कि नारियल के पेड़ों से घिरे इस समुद्र तट की रेट लाल है जो कि शाम के समय बहुत ही अच्छी लगती है और रेट के साथ साथ कुछ शिलाखंड भी हैं जिन से यहाँ कि छटा और बढ़ ही जाती है और यहाँ कि हरियाली के  साथ साथ हाँ पर लगने वाली बाजार भी जग प्रसिद्ध है।  भीड़भाड़ से भरा हुआ ये समुद्री किनारा सड़क से लगा हुआ है जिससे यहाँ पहुंचना काफी आसान है। देखिये यहाँ के कुछ दृश्य -
आकर्षक अंजुना बीच 

हरियाली के साथ समुद्र का छोर 


बादलों के मध्य छुपे हुए सूर्य देवता 
                  थोड़ी देर यहाँ के नज़रों के बाद हम वागाटोर देखने चल पड़े, यहाँ की खासियत ये है कि सफ़ेद रेत पर काली काली बड़ी बड़ी चट्टानें हैं, और उसके साथ में नारियल के पेड़।  इन चट्टानों पर आ कर जब लहरें टकराती हैं तो खूबसूरती और बढ़ जाती है। और समुद्र के पानी का रंग हरा सा लगता है जो कि शायद आसपास की हरियाली कि वजह से हो। रात का समय होने के कारण  यहाँ का कोई चित्र नहीं हो पाया, परन्तु यहाँ आ कर ये अफ़सोस सा हो रहा था कि काश रौशनी में कुछ समय यहाँ बिता पाते,अगर जल्दी निकल गए होते। इसके बाद अब रात के खाने का समय था तो सोचा गोवा आ कर के समुद्र किनारे अगर कैंडिल लाइट डिनर नहीं किया तो क्या किया,इसलिए निकले बागा बीच और खाना आने में जितनी देर लगी उसके तो कहने ही क्या थे। पर खाने के स्वाद ने निराश नहीं किया।  अब तक सब थक के चूर हो गए थे मन में ये था कि बस होटल पहुँच कर किसी तरह सो जाएँ क्यूंकि अगले दिन फिर निकल पड़ना था यहाँ का आनंद लेने के लिए। तो इसी के साथ मिलते हैं अगली पोस्ट के साथ ,तब तक के लिए अनुमति दीजिये। 
गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-



Saturday, 15 February 2014

Water sports in Goa वाटर स्पोर्ट्स बागा बीच: गोवा का अलोकिक सौंदर्य...........४

                 इस वृतांत में आपको-गोवा के प्रमुख आकर्षण यहाँ के वाटर स्पोर्ट्स के बारे में जानकारी दी जायेगी। हमारा गोवा आने का प्रमुख कारण भी वाटर स्पोर्टस ही थे, जो प्रमुख वाटर एक्टिविटी हम लोगों को करनी थी उनमे जेट- स्की (Jet -Ski ),पेरासेलिंग(Para-sailing) थे और एक महत्वपूर्ण काम समुद्र के पानी और हवाओ का आन्नद उठाना भी था। हम सभी यहाँ के ओल्ड गोवा दर्शन में रुचि नहीं रख रहे थे क्यूंकि हमारे पास मात्र तीन दिन थे वो भी गोवा जैसी जगह के लिए। तब तक आप एक अच्छा सा गोवा का चित्र देखिये और विस्तार में पढ़ने के क्लिक करिये -
पेरासेलिंग समुद्र और आसमान  दोनों एक साथ 


            इस तरह से गोवा  में हमारे दूसरे दिन कि शुरुवात हुयी होटल के ब्रेकफास्ट के साथ और सब के सब जल्दी जल्दी तैयार हो गए क्यूंकि आज का दिन हम सभी के लिए बहुत खास था। हम सभी का ये विचार था कि इन गतिविधियों के लिए कालंगुटे या बागा  बीच दोनों में से कोई  भी सही रहेगा जो कि गूगल देव की  कृपा से विदित था।  तो देर किस बात कि और हम चल पडे कालंगुटे की भव्यता के दर्शन के लिए जो कि हमारे होटल से ज्यादा दूर नहीं था मात्र तीन किलोमीटर कि दूरी पर, किन्तु जब तक हम वहाँ पहुंचे तब तक सूर्य देव लगभग अपने चरम पर ही पहुँच गए थे तो तुरंत ही सब के लिए हैट ख़रीदे गए जो कि गोवा कि पहचान भी है।जितना सुना था कालांगुटे बीच उसे कहीं ज्यादा भव्य और भीड़ से भरा हुआ निकला। ये देखिये भीड़ से भरे कालानगुटे बीच की  एक तस्वीर-
भीड़ से भरा कालांगुटे बीच बादलों के  मध्य समुद्र और आसमान का रंग लगभग एक सा ही लग रहा था।  
                   यहाँ पहुँच कर मन तो बहुत था कि समुद्र में उतर पड़े पर मुख्य काम ये पता लगाना था कि वाटर एक्टिविटि कहाँ पर हो रही हैं, कितने कि हैं, कहाँ से टिकट लेना है। धुप भी बहुत तेज पड रही थी और किसी ने बताया कि ये सब यहाँ नहीं हो रहा है, बागा  बीच जाओ तो हम वहीँ कि और चल पड़े। बागा बीच यहाँ से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर है ,या कहिये कालांगुटे बीच का ही एक्सटेंशन है। वहाँ पहुँच कर हमारा इन्तजार ख़त्म तो हो गया। पर चार लोगों के लिए जेट-स्की और पेरासेलिंग के पूरे पांच हजार लग गए जो कि काफी ज्यादा थे ,और अगर डॉल्फिन देखने जाना हो तो उसके तो हजार रुपया एक आदमी का लग रहा था शायद। खैर जब तक हम लोग पहुंचे डॉल्फिन देखने का समय तो निकल ही चूका था तो करने के लिए जेट-स्की और पेरासेलिंग ही बची एवं डॉल्फिन अगले दिन के लिए छोड़ दी वैसी भी उसके लिए जितना पैसा मांग रहे थे वो जरुरत से ज्यादा ही लग रहा था।  शायद इसके दो कारण थे एक तो अभी सीजन सही से शुरू नहीं हुआ था और कलनगुटे,बागा बीच जरुरत से ज्यादा ही महंगे थे।
                टिकट लेने के  बाद ये निश्चय हुआ कि जेट-स्की एक -एक कर के और पेरासेलिंग दो लोग साथ में करेंगे और बचे हुए बच्चों को देखेंगे। जेट -स्की करना अपनेआप में एक मजेदार और साहसिक अनुभव रहा।  वो लोग लाइफ जैकेट पहना के आपको तैयार करते हैं और एक आदमी साथ में चलता है उसे चलाने को। मतलब पूरी तरह से तैयार कर के भेजते हैं ,समुद्र की लहरों में एक तेज गति के स्कूटर में घूमना बहुत ही रोमांचकारी अनुभव रहा ,किस तरह से लहरों को चीरते हुए आप आगे बढ़ते हो और कैसे लहरे आ कर के आपको पानी से सराबोर कर जाती है।  कुल मिलकर मन प्रसन्न हो गया जी। देखिये एक नजारा कि कितनी तैयारी के साथ और कितने लोग मिलकर एक जेट -स्की को भेजते हैं -
जेट -स्की 
               ये तो थी साहसिक जेट- स्की  इसके बाद पेरासेलिंग का नंबर था , जब तक हम बड़े अपने कामों में व्यस्त थे तब तक  हमारे  तो  छोटे पार्टनर कैसे बिजी थे देखिये, वो भी अपने लिए रेत के छोटे छोटे घर बना रहे थे-

                 अब पेरासेलिंग के लिए हम दो -दो कर के दो ग्रुप्स में गए। फिर वही लाइफ जैकेट मिल गयी,और हम उसे पहन कर तैयार थे जी जाने के लिए। अबकी बार हमें एक मोटर बोट में बैठाया गया। जो कि समुद्र कि लहरों को पार कर के एक स्पीड बोट तक ले गयी जिन्हे पेरासेलिंग बोट बोलते थे। इस तरह से हम लोगों कि बोट  चेंज हुयी और उस स्पीड बोट में बैठकर समुद्र में काफी आगे तक चले गए। यहाँ पर पहले से प्रशिक्षित लोगों ने हमें तैयार किया पैराशूट के साथ बांधकर और एक निश्चित ऊंचाई तक ले जा कर नीचे उतारा।सचमुच ये बड़ा ही रोमांचकारी अनुभव था कि एक तरह तो आप आसमान कि ऊंचाई छू रहे हो, और वहीँ दूसरी और नीचे देखो तो विशालकाय समुद्र दिखता है, बस ऊपर नीचे जहाँ देखो वहाँ विशालता ही विशालता, वो भी इतनी कि कहीं कोई छोर ही नहीं दिखे , दिखे तो बस आसमानी नीला रंग ऊपर आकाश में भी और नीचे समुद्र में भी।बहुत ही आनन्द  का अनुभव हो रहा था ,यही वो  मुख्य कारण  था जिसकी वजह से मन में गोवा आने के लिए बेताबी थी। 
               इन सब के बाद अब नंबर था समुद्र के पानी में उतरने का, तो बस आज तो मन ये था कि बस समुद्र कि लहरों के सहारे बैठे रहो ,और पानी में सरोबार हो जाओ बार-बार। होटल वापस जाने का तो मन ही नहीं था। पर वापस तो जाना ही था तो मन मार के चल पड़े,अगले वृतांत में आपको गोवा की शाम के बारे में जानकारी देते हैं,तब तक के आज्ञा दीजिये। 
गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-



Sunday, 9 February 2014

Majorda Beach,Goa : मजोर्डा समुद्र तट,गोवा का अलौकिक सौंदर्य..........३

          गोवा में पहले दिन के लिए हमारा प्लान ये था कि मडगाव से टेक्सी ले कर होटल जायेंगे और उसके बाद कुछ देर आराम करने के बाद घूमने के लिए निकलेंगे,पर हम लोगों का चंचल मन फिर से भटक उठा और आवाजें आने लगी कि चलते-चलते कम से कम एक समुद्र तट तो देख ही लें और कई  सारे विचार- विमर्श के बाद हम लोग मजोर्डा का समुद्र तट देखने के लिए उतर ही गए,तो इस पोस्ट में आपको मजोर्डा और कैंडोलिम के समुद्र तट के दर्शन कराते हैं, आगे पढ़ने के लिए देर ना करते हुए जल्दी से क्लिक करिये-

                मजोर्डा का समुद्र तट मडगाव  से दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, यहाँ उतरते ही अंदाजा आ गया कि हमारा चुनाव  बिलकुल सही निकला और ये समुद्र तट गोवा में हमारा पसन्दीदा समुद्र तट बन गया।दूर से देखने से तो ऐसा लग रहा था कि बस वक्त यहीं ठहर सा जाये ,सफ़ेद चमकदार रेट के मध्य में समुद्र एक लहर सी निकल के आ रही थी,जो कि आगे किसी नहर में मिल रही थी, ये दृश्य तो वास्तव में बहुत ही सुन्दर और मनभावन था।  आप लोग भी आन्नद उठाइये, इस मनभावन दृश्य का-

समुद्र से पलट कर आती हुयी लहर 
              और देखिये आगे जाकर के ये लहर कहाँ मिलती है-

लुभावने नारियल के पेड़ों के सहारे जाती हुयी लहर जो आगे जा कर एक नहर में मिलती है 
             
पूरे रास्ते कि थकान को मिटाता हुआ छोता साथी जो कि लहर को पार कर के समुद्र के मुहाने पर जा रहा था 



      

लहर में दिखती हुयी अपनी और नारियल के पेड़ों का मनभावन दृश्य 
              तो इस तरह से हम सभी मजोर्डा समुद्र तट के नजदीक पहुंचे, और एकदम सीधा सा तट था जिसमे बराबर की ऊंचाई पर लहरें आ रही थी, अभी तक मैंने बंगाल की खाड़ी का आनंद उठाया था, शायद अरब सागर और बंगाल की खाड़ी का ये अंदर है कि गोवा के समुद्र तट एकदम सपाट है,देखिये उछाल कर आती हुयी लहरों के बीच पिता पुत्र को समुद्र तट का आन्नद उठाते हुए-
मजोर्डा समुद्र तट 
                  तो ये है गोवा के हमारे पसंदीदा समुद्र तटों में से एक मजोर्डा बीच, इसके बाद हम लोग अपने होटल की और चल पड़े, इससे आगे का वृतांत अगली पोस्ट में आपके सामने प्रस्तुत किया जायेगा। 

गोवा के सफर की सभी कड़िया एक साथ निम्नवत हैं-