Thursday, 12 March 2015

Museum of Natural History and US Capitol ,Washington

                   मेमोरियल्स के दर्शन के बाद अब बारी थी म्यूज़ियम ऑफ़ नेचुरल हिस्ट्री,बोटैनिकल गार्डन एवं कैपिटोल  हिल की । यहाँ तक पहुँचते पहुँचते स्प्रिंग या हम अभी भाषा में कहें बसंत ऋतु की शुरुवात भी हो गए थी। वो ही पेड़ जो एक दम वीरान दिखते थे उनमे कोपलें फूटने लगी थी ,या यूँ कहिये कि बहारों का मौसम दस्तक दे रहा था ,गूनगुनी धुप के साथ पेड़ों में निकली हुयी कोपले बहुत सुन्दर लग रही थी एवं कहीं कहीं तो ट्यूलिप के सुंदर से फूल अपने सुर्ख लाल तथा बसंती पीले रंग की छटा बिखेरते हुए बसंत ऋतु के स्वागत के लिए व्याकुल लग रहे थे -
               


 
                 अब  जैसा कि विदित है वाशिंगटन शहर म्यूजियम के लिए विख्यात  है,और अभी तक हमने एक ही म्यूजियम के दर्शन करे हैं ,तो एक और म्यूजियम घूमना तो बनता ही है,सो इस पोस्ट की शुरुआत करते हैं म्यूजियम ऑफ़ नेचुरल हिस्ट्री के साथ। इसके बारे में आगे की जानकारी के लिए क्लिक करिये-
               ये म्यूज़ियम वाशिंगटन में एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम के बाद बच्चों के द्वारा दूसरा सबसे ज्यादा देखे जाने वाला  म्यूजियम है , परन्तु यहाँ बच्चों के साथ साथ बड़ों के लिए भी मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक बहुत सी चीजें हैं,जिनसे हम अपने आसपास की दुनिया के बारे जानकारी प्राप्त कर सकते हैं । सबसे पहले अंदर प्रवेश करते ही हाथी  की एक बड़ी प्रतिमा के दर्शन होते हैं जो कि कुछ ऐसी थी


विशालकाय हाथी  जी 

इन तस्वीरों में हाथी जी के साथ तीन मंजिले इस म्यूज़ियम में मंडरा रही भीड़ के भी दर्शन हो जाते  हैं 
       इस विश्व  विख्यात म्यूज़ियम में पादप जगत,जीव -जन्तुओं ,जीवाश्म ,खनिज ,उल्का पिंड एवं मानव निर्मित सांस्कृतिक कलाकृतियों को मिलाकर लगभग एक सौ छब्बीस मिलियन स्पेसिमेन उपलब्ध हैं। अपनेआप में इतनी विविधता समेटे हुए इस म्यूज़ियम को निम्न भागों में विभक्त किया गया है -
१-खनिज एवं भौगोलिक विविधता को समेटे हुआ हॉल 
२-मानव प्रजाति की विविधता को संजोता हुआ हॉल 
३-डायनासोर प्रजाति 
४-स्तनधारी वर्ग 
५-इन्सेक्ट जू 
६-समुद्री जीवों की दुनिया 
७-तितलियो एवं पादप जगत 
८-मानव निर्मित एक्सिबिट्स 
                 इतनी विविधता को ये म्यूज़ियम कैसे अकेले संजोये होगा ये सवाल हमारे दिमाग में परे ही था ,क्योंकि.यहाँ इतना कुछ है कि देखने वाला एक महीना भी लगा ले तो भी सही से पूरा नहीं देख पाये ,सो हम जितना देख सके उतना काफी काम ही था ,यहाँ पर तितलियों का एक जू भी था जिसके लिए काफी महंगा टिकट पड़ रहा था सो हमलोगों ने उसे देखने का विचार ये सोच के छोड़ दिया कि  अपने देश में देख लेंगे किसी जगह पर। यहाँ की दुनिया के कुछ चित्र आपके लिए सलंग कर रहे हैं आनंद लीजिये -



हमारे पूर्वज बन्दर 


रेगिस्तान का जहाज ऊंट का विकास क्रम 

मेढक का विकास 
घटपर्णी पोधें का परिवार 

मॉडल्स एंड एक्सिबिट्स 

मॉडल्स एंड एक्सिबिट्स 

डायनासोर युग का वातावरण 
                   इतना सबकुछ देखने के बाद अब नंबर था बोटैनिकल गार्डन का,जिसके लिए हमारी कल्पना कुछ  ऐसी थी जैसे की खुले आसमान के नीचे  एक विस्तृत क्षेत्र में फैले हुए गार्डन  विभिन्न प्रजातियों के पेड़ पौंधे हों,शायद  ये धारणा इसलिए बनी  क्यूंकि मन में ऊटी का बोटैनिकल गार्डन बसा हुआ था,पर हमारी कल्पना  धरी की धरी रह गयी,प्रवेश द्वार पर  पहुँचे  तो ऐसा लगा जैसे किसी बड़े से पोली हाउस में  जा रहे हों।  ये तो रही प्रवेश द्वार की बात , हम लोग  एक ऐसी जगह पहुँचे थे जहाँ अलग अलग जगह पर अलग अलग तापमान दे कर हर तरह के  पेड़ पौधों को उगाया गया था ,मतलब कि पूरा कांसेप्ट ही अलग लगा,हम लोगों को ये कुछ ज्यादा पसंद नहीं आया। इसके बाद अगला नंबर था कैपिटोल  हिल का, जो कि बॉटनिकल गार्डन से लगा हुआ ही था, इस जगह का वाशिंगटन के राजनैतिक इतिहास में बड़ा ही महत्व है,और देखने के लिहाज से भी बड़ा सुन्दर है,सफ़ेद रंग की गुम्बदनुमा आकृति दूर से देखने पर  कुछ-कुछ ताजमहल सी भी लग रही थी। इसके कुछ दृश्य आप लोग भी देखिये -













               काफी देर हमलोगों ने यहाँ के लॉन में गुनगुनी धूप का आनन्द  लेने के बाद हम लोगों ने यहाँ से विदा ले ली,इसीके  साथ  आपलोग भी अनुमति दीजिये अगली पोस्ट में जल्दी ही  मिलने की कोशिश करते हैं। 


तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-

Monday, 5 January 2015

Memorials In National Mall, Washington Dc

            जब एक बार  बिना किसी परेशानी के एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम जा कर आसानी से वापस आ गए तो अपने आप ही आत्म विश्वास अपने चरम पर पहुँच गया,लगने लगा कि प्रतिदिन कहीं न कहीं घूमने निकल जाना चाहिए। पर ऑफिस के काम की वजह से दिन में बाहर नहीं जा सकते थे, और मौसम को देखते हुए बहुत समय तक शाम को बाहर निकलना तो हर तरह से असंभव ही था,पर दाद देनी पड़ेगी इन विकसित देशों में भवन निर्माण कला एवम थर्मोस्टेट तकनीक की, बाहर भले ही पारा शून्य से कई अंक नीचे हो पर कमरे के अंदर एक पतले कम्बल की जरुरत भी महसूस नहीं होती थी।इसलिए हमारे पास कमरे में बैठकर एक खुशनुमा वीकेंड के इन्तजार करने के सिवा और कोई चारा नहीं था,सो कई दिन आराम फरमाते हुए बर्फवारी के मजे लिए,उत्तर भारत से होने के कारण बर्फ कभी भी हमारे लिए आश्चर्य का विषय नहीं बन पायी,क्यूंकि बचपन से ही बर्फ के मजे लेते हुए बड़े हुए हैं,पर यहाँ अपने देश के मुकाबले कुछ अन्तर देखने को मिले,उन्हें बारीकी से देखते हुए जितनी जल्दी मौका मिला उतनी जल्दी हम एकबार फिर से नैशनल मॉल के टाइडल बैसिन (Taidal Basin) पहुंचे,जिसमे एक तरफ तो पानी की लहरे जलक्रीड़ा कर रही थी,वहीँ दूसरी तरफ पानी इस कदर जमा हुआ था कि उस पर पक्षी आराम से बैठे हुए थे।.
आधी जमी हुए टाइडल बेसिन की एक झलक  
               ये तो बस एक झलक ही है कि किस तरह से अच्छी खांसी धूप के बावजूद रह-रह कर होने वाली बर्फवारी किस तरह सबकुछ जमा रही थी।
                 टाइडल बेसिन जाने से पहले इस बारे में बात करते हैं जो कि अपने देश से कुछ अलग लगी,सबसे पहली तो ये कि यहाँ पर मौसम विभाग का अपना एक अलग टीवी चैनल आता है,जिसे लोग पूरा दिन बैठकर देखते हैं कि कब आ रहा है बर्फ का तूफान और लोगों के साथ-साथ यहाँ के तूफान भी इस कदर वक्त के पाबन्द हैं कि मजाल है जो एक दो मिनट का भी हेर-फेर हो जाये।यदि मौसम विभाग की चेतावनी अधिक बर्फवारी की हो तो पहले से ही सड़कों पर नमक का छिड़काव कर दिया जाता है जिससे बर्फ आसानी से गल जाये और जैसे ही तूफान रुके तो जन-जीवन सामान्य रूप से चलने लगे।यहाँ पर लोग बर्फ के रुकते ही अपने अपने घरों के सामने से तुरंत ही बर्फ साफ़ कर देते हैं ,शुरू में कुछ आश्चर्य सा हुआ पर बाद में किसी ने बताया कि यहाँ का ये नियम है कि अगर आपके घर के बाहर कोई फिसल गया तो उसे पूरा मुआवजा देना पड़ता है,धन्य है ये राष्ट्र और यहाँ के नियम,वैसे एक तरह से अच्छा भी है।वो कहते हैं कि भगवान के घर देर है अंधेर नहीं,सो कई सारे बर्फीले तूफ़ानों के बाद हमें एक धूप वाला वीकेंड मिल ही गया।पिछली पोस्ट के अनुसार ही इस बार भी हम लोग एल-इन्फेंट प्लाजा स्टेशन तक बस और मेट्रो से पहुँच गए।अबकी बार का हमारा लक्ष्य था टाइडल बेसिन के चारों और बने स्मारकों के दर्शन करना या यूँ कहिये कि नेशनल मॉल के चारों और का चक्कर काटना।टाइडल बेसिन के आसपास के इलाके को नेशनल मॉल के नाम से जाना जाता है,म्यूज़ियम और मेमोरियल्स के इस शहर के मुख्य आकर्षण यहीं पर स्थित है
१-वाशिंगटन मोनिमेन्ट
२-जेफरसन मेमोरियल 
३-मार्टिन लूथर मेमोरियल 
४-लिंकन मेमोरियल
५-वर्ल्ड वॉर टू मेमोरियल
भौगोलिक दूरियां
                     
एल-इन्फेंट प्लाजा स्टेशन से पगयात्रा करते हुए,वहां के भवन निर्माण कला एवम शांत सी दिखती हुयी सड़कों के दर्शन के साथ साथ सूर्य देव की कृपा का भी आनन्द करते हुए हमलोग वाशिंगटन मोनिमेन्ट तक पहुँच ही गए, कुछ दृश्य देखिये-r








         
                   वाशिंगटन मोनिमेन्ट,यहाँ के प्रथम राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंटन की याद में बनाया गया मेमोरियल है,लगभग पांच सौ छप्पन फ़ीट ऊँचा ये स्मारक लगभग सभी जगहों से दिखाई पड़ता है,इसके चारों और गोलाई से पचास झंडे ले हुए हैं जोकि यहाँ की पचास स्टेट को दर्शाते हैं। 
मोनिमेंट एवम उसके चारों ओर लगे झंडे
इसके बाद हमलोग फिर से पदयात्रा करते हुए टाइडल बेसिन पहुंचे,यहाँ पहुँच कर ये बताना मुश्किल था लगा कि आसमान और पानी दोनों में कौन ज्यादा नीला है,एक तरफ खिली हुयी धूप के साथ दिखता नीला आसमान,वहीँ दूसरी ओर सुन्दर सी झील,दोनों छाँटना मुश्किल था कि कौन ज्यादा सुन्दर है?
टाइडल बेसिन के एक सिरे से दूर दिखता हुआ जेफरसन मेमोरियल




दूसरी तरफ दिखता हुआ वाशिंगटन मोनिमें
               टाइडल बेसिन वाशिंगटन की एक नहर और पोटमैक नदी के बीच बनी हुयी लेक है,जिसकी परिधि पर सारे मेमोरियल एवम म्यूज़ियम बने हुए हैं,इस तरह से हमारे यहाँ का सफर टाइडल बेसिन के एक सिरे से शुरू होकर उसी पर उसी सिरे पर ख़त्म होना था या यूँ कहिये कि हमें इस आर्टिफिशल लेक का एक पूरा चक्कर लगाना था और वहां बने हुए दर्शनीय जगहों को देखना था।
लिंकन मेमोरियल
                    यहाँ पर कुछ समय व्यतीत करने के बाद आगे बढ़ ही रहे थे, तो कुछ दूरी पर ऐसा आभास हुआ जैसे किसी सफ़ेद वस्तु के पास काफी लोगों की भीड़ लगी हुयी है,हम लोगों ने सोचा शायद बर्फ का ढेर हो पर जो आदमी की आँख नहीं देख पायी वो कैमरा की आँख ने कर दिखाया,बहुत ज़ूम कर के फोटो लिया तो पता लगा सामने भी एक मेमोरियल ही है -
जिसे हम बर्फ का ढेर समझने की भूल कर रहे थे वो ये था
                       इसके बाद हमारी राह का अगला पड़ाव था गुम्बदनुमा आकार में बना हुआ जेफरसन मेमोरियल जो कि चेरी के पेड़ों से घिरा हुआ है।ये यहाँ के तीसरे राष्ट्रपति के सम्मान में बना हुआ है ,जिनका उन्नीस फ़ीट ऊँची मूर्ति यहाँ लगी हुयी  है।





                      ये कुछ द्रश्य ऐसे लग रहे थे जैसे  किसी पोस्टकार्ड को देख रहे हैं,आकर्षक मेमोरियल के साथ साथ पानी में दीखते हुए उनके प्रतिबिम्ब कुछ इस तरह से बाँध लेते हैं कि नजर हटाने का मन ही नहीं होता। यहाँ से आगे बढ़ कर मार्टिन लूथर मेमोरियल के दर्शन करते हुए हम वर्ल्ड वॉर टू मेमोरियल पहुंचे ,जिसे दुसरे विश्व युद्ध में शहीद हुए सैनिको के सम्मान में बनाया हुआ है,अंडे के आकृति का ये मेमोरियल तैंतालीस फ़ीट लम्बे दो आर्च से मिलकर बना है,जो कि अटलांटिक एवं पैसिफिक दोनों और के शहीदों को प्रतिबिंबित करते हैं। इस पर बने छप्पन स्तम्भ यहाँ के स्टेट्स को दर्शाते हैं। दोनों आर्च के बीच कई पानी के फव्वारे बने हैं,जिनके द्वारा ये स्थल पानी से भरा रहता है,जिस पानी में पर्यटक अपने पैर डूबाकर थकान को दूर कर सकते हैं,यहाँ के सभी मेमोरियल्स में हमें ये जगह सबसे अच्छी लगी,पर यहाँ पर अपने कैमरा ने गड़बड़ कर दी,सो कुछ थोड़े से ही चित्र आ पाये-
वर्ल्ड वॉर टू मेमोरियल 
             
वर्ल्ड वॉर टू मेमोरियल तक पहुँचते-पहुँचते काफी थकान होने लगी और साथ के साथ शांम होने की वजह से ठंडा भी बढ़ने लगा था,तो सोचा आज के लिए इतना काफी है, अब बची हुयी जगह अगले दिन देखेंगे और चल पड़े फिर से वापस अपने ठिकाने की और। तब तक के लिए अनुमति दीजिए,फिर मिलते हैं जल्दी ही अगली पोस्ट के साथ। 


तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-

Tuesday, 18 November 2014

Air and Space Museum,Washington DC

                  पिछले पोस्ट में आपने पढ़ा कि किस तरह टूरिस्ट वीसा के साथ  चौबीस घंटे की थकाने वाली यात्रा के बाद हम अमेरिका की राजधानी संयुक्त राष्ट्र अमेरिका पहुंचे,यहाँ हमारा स्वागत बर्फ की सफ़ेद चादर के साथ हुआ कुछ इस तरह से हुआ-


      अगले दिन आँख खुलने पर खिड़की से बाहर देखा, फिर से बर्फवारी  होती दिखाई दी। ये माना  जा रहा था की पूरे अमेरिका में  अबकि बार पिछले दशक की सबसे ज्यादा ठण्ड पड रही थी, तो ये था संयुक्त राष्ट्र अमेरिका  में पहले दिन का अनुभव।संयुक्त राष्ट्र अमेरिका उत्तरी ध्रुव पर स्थित पचास राज्यों और एक संघीय जिले से मिलकर बना है,जिसकी राजधानी वाशिंगटन में हमें तीन महीने के लिए रहने का अवसर मिला था।इस पोस्ट के जरिये आपको बताते हैं कि किस तरह  बर्फीले तूफानों  के बीच हम लोगों ने म्यूज़ियम और मेमोरियलस के लिए विश्व विख्यात इस राजधानी,वाशिंगटन के टूरिस्ट स्पॉट्स को देखा और कैसे रहे  हमारे यहाँ के अनुभव रहे,इस बारे में ज्यादा जानकारी के  लिए क्लिक करिये 

               कहने तो तो हमारे पास यहाँ घूमने के लिए तीन महीने थे,पर अगर वीकेंड गिने जाएँ तो कुल बारह,मतलब चौबीस दिन। अब इसमें से शुरू के दो वीकेंड तो बर्फवारी और ये निश्चित करने में निकल गए कि कहाँ जाना है और कैसे जाना है,आने जाने का साधन क्या होगा ? यहाँ पर  कार चलाना भारत के मुकाबले थोड़ा अलग है क्यूंकि ड्राइविंग सीट और  गाड़ी चलाने के कायदे कानून भारत के नियमों से अलग होते हैं ,हालाँकि यहाँ गाडी चलाना आसान माना जाता है,पर हमने इस विकल्प को छोड़ दिया। अब दूसरा विकल्प बचता  था टेक्सी द्वारा घूमने का, एक दिन लगभग दो  किलोमीटर की दूरी तक कुछ सामान लेने गए तो बारह डॉलर का बिल बन गया,इसलिए टेक्सी से  घूमने के लिए तो  बहुत बड़े बजट की आवश्यकता थी,इसके बाद बचते थे पैकेज टूर या फिर पब्लिक ट्रांसपोर्ट। इन सब बातों को देखते हुए डीसी घूमने के लिए हमने पैकेज टूर लेने का मन बना ही लिया था कि वहां का मैप स्टडी करने बैठ कर के इतना  अंन्दाजा तो आ ही गया  कि सारे आकर्षण लगभग एक गोले की परिधि पर इस तरह से बने हुए हैं कि अगर वास्तविकता में  उन्हें देखने का आनन्द उठाना है तो दो पैरों की गाडी की सवारी के बिना काम नहीं चलेगा। इस बात को ध्यान में रखकर सोचा तो लगा कि पैकेज टूर ले कर के प्रति  व्यक्ति पचास डॉलर देना तो एक तरह की महा बेवकूफी ही साबित होगी ।अब तो केवल पब्लिक ट्रांसपोर्ट के ही मजे लूटने का ही विकल्प हमारे लिए बचा था ।अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट से घूमने के भी दो तरीके थे,या तो  हर यात्रा के लिए  बार बार निकाल के डॉलर  दो या फिर एक स्मार्ट कार्ड खरीद लो।हम लोगों ने सी वी स (CVS),फार्मेसी से दो स्मार्ट ट्रिप कार्ड ले लिए, जिन्हे ऑनलाइन के साथ साथ बस में भी रिचार्ज कराया जा सकता है।ये कार्ड मेट्रो बस ,डैश बस और मेट्रो ट्रैन सबके लिए वैलिड होते हैं, एवं सबसे मजे की बात ये कि अगर एक बार कार्ड स्वाइप कर के पैसा कट गया तो अगले दो घंटे तक बस बदलने पर भी कोई टिकट नहीं लगता  बस कार्ड स्वाइप करना होता है।यहाँ बसों के अंदर यात्रीगणों के लिए साइकिल रखने की जगह भी बनी होती है, और छोटे बच्चों के स्ट्रॉलर के लिए भी। बस की संरचना कुछ इस प्रकार होती है कि स्ट्रॉलर को आराम से बस में चढ़ाया जा सकता है और बड़ों की साइकिल राख्ने के लिए बस के आगे जगह बनी होती है । इस वेबसाइट  में अपनी करंट लोकेशन डाल कर हम ये पता लगा सकते हैं कि अगली बस किस समय आएगी,आने के समय में कोई हेर फेर नहीं होता :) ,खैर ये सब तो थी इस बात कि तैयारी की जाना कैसे है? इसके बाद अगला काम था कि ये चुनाव करना कि किस दिन कहाँ जाना है ?
             गूगल मैप और पैकेज टूर वालों की वजह से जगह का चुनाव करना तो बहुत ही आसान काम था,हमारे देखने वाले लगभग सभी आकर्षण नेशनल माल(National Mall) के आस पास ही थे। हम लोग डीसी में अलेक्जेंड्रिया (Alexandria ) में रहते थे, सो कहीं भी जाने के लिए पहले डीसी आना होता था, हमारा पहले दिन का टारगेट था एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम। यहाँ तक आने के लिए होटल के बाहर बस स्टॉप पर जा कर के बस लेनी होती थी, जो की पेंटागन सिटी पर छोड़ती थी,उसके बाद या तो अगली बस से मेट्रो से एल-इन्फेंट प्लाजा (L-infant plaza) मेट्रो स्टेशन पर उतर कर चार पांच मिनट की पदयात्रा करनी थी। गूगल मैप में ये बहुत अच्छी से बताया जाता है कि किस बस से जाना है, कहाँ पर बदलनी है किस प्रकार जाना है और कौन सी बस से जाना है बड़े अच्छे से बताया।आप लोग भी देखिये अभी एक बार फिर गूगल मैप पर देखा तो सब सामने आ गया  -

यात्री बस की जानकारियां 


डाइरेक्शंस 
                      जब इतने अच्छे से सब कुछ गूगल मैप ने  बता ही दिया था तो देर क्यों करनी थी, बस जैसे ही सप्ताहांत सामने देखा झटपट निकल पड़े अपने होटल के बाहर। बस दो कदम की दूरी पर ही तो बस स्टॉप था, परन्तु हमलोगों को रोड क्रॉस करनी होती थी,अब अमेरिका है ऐसे ही कैसे रोड क्रॉस करी जाय? यहाँ हर काम तो तरीके से किया जाता है  तो रोड क्रॉस करने का ये नियम था,कि वहां पर बने एक पोल पर  एक बटन लगा रहता है उसको दबाने के बाद चित्र बन के आता है कि पदयात्री का सिग्नल होने में अभी कुछ समय है इन्तजार करें,और जब पदयात्री का सिग्नल खुलता है तभी रोड क्रॉस की जा सकती है।
बस स्टॉप का पोल,ये नहीं जिस पे लिखा ही वो जो दूर दिख रहा है। 
            बस के आने का टाइम देख के ही निकले थे तो ज्यादा इन्तजार भी नहीं करना पड़ा।जैसे ही 7A  बस आती दिखी लग गए लाइन पर।यहाँ भारत की तरह नहीं होता कि एक के बाद एक धक्का मुक्की कर के चढ़ गए। जब एक यात्री आराम से चढ़ गया उसका टिकट कट गया,उसके बाद ही दूसरा चढ़ सकता है। अपनी बारी आने पर हम भी बस में बैठकर पेंटागन बस स्टॉप की ओर चल पड़े।    
यात्रियों का इन्तजार करती हूयी बस 
            पेंटागन यहाँ का एक बड़ा स्टेशन है,क्यूंकि यहाँ बस स्टॉप के साथ मेट्रो स्टेशन भी है। सुरक्षा की द्रष्टि से भी ये जगह महत्वपूर्ण है,यहाँ पर तस्वीर लेने की अनुमति नहीं होती। खिड़की से बाहर  इधर उधर देखते हुए आधा घंटा कट ही गया और पेंटागन सिटी आ गया। अब बस स्टेशन से निकल कर मेट्रो स्टेशन की ओर रुख किया,मेट्रो स्टेशन बेसमेंट में बना हुआ है,इसलिए नीचे उतरने के लिए स्वचालित सीढियाँ बनी हुयी है,पर ये इतनी ऊँची लगी कि ऊपर से नीचे देखने में ही चक्कर आ जाये,अब उतरना तो था ही,सो भगवान का नाम ले कर सवार हो ही गए ,पर नीचे देखने की हिम्मत तभी हुयी जब लगभग एक तिहाई दूरी पार हो गयी। मेट्रो की सवारी तो दिल्ली में भी खूब करी थी,पर यहाँ की मेट्रो शायद पुराने समय से चल रही थी,तो सुविधा  के हिसाब से हमलोगों को दिल्ली मेट्रो की सवारी ज्यादा भाई। हमारे यहाँ के मेट्रो स्टेशन और यहाँ में एक ये अंतर लगा की यहाँ स्टेशन में प्रकाश का इंतजाम ऊपर की जगह नीचे से ,यानि कि रेल के ट्रैक के सामने से किया गया है। 

नीचे से आता हुआ हल्का सा प्रकाश (चित्र विकिपीडिया द्वारा )
                      अब यहाँ पहुचने के बाद हमको फोर्ट टोटन की ओर जाने वाली मेट्रो पकड़नी थी,जिसमे एक स्टॉप के बाद,एक बड़ी सी सुरंग पार करने के बाद सुन्दर सी पोटोमैक (Potomac ) नदी के नजारों का आनंद उठाने के बाद एल-इन्फेंट प्लाजा स्टेशन  आता था, एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम के लिए हमें यहीं उतरना था।यहाँ से पैदल घूमते हुए आख़िरकार हम अपनी मंजिल तक पहुँच ही गये। 
                  एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम सन १९ ७ ६ से टूरिस्ट के देखने के लिए खुला होने के बावजूद आज भी डीसी की सर्वाधिक देखने वाली जगहों में से एक माना जाता है। यहाँ पर लगभग डेढ़ लाख स्क्वायर फ़ीट से ज्यादा जगह में कई सारे ऐतिहासिक वायुयान  एवं अंतरिक्षयान  रखे हुए हैं। जिनमे से कुछ असली हैं और कुछ उनके मॉडल। मंगल गृह एवं चाँद पर जाने वाले यानों को देखकर तो असीम आन्नद की प्राप्ति हुयी ,इसके आलावा यहाँ पर वायु यान के विकास के इतिहास के बारे में भी पूरी जानकारी उपलब्ध है, लगभग सभी वायुयान में हमलोगों ने चढ़कर उनके मॉडल्स को अच्छे से देखा और समझने की कोशिश की। अगर कोई वायुयान या अंतरिक्ष यान के विषय में रूचि रखता हो तो उसके लिए तो ये स्थान स्वर्ग सामान ही है ,क्यूंकि यहाँ नजर पड़े वहां अलग अलग प्रकार के विमान ही दिखाई पड़ते हैं। ये जगह आराम से समय ले के पूरा दिन लगा के घूमने वाली है,साथ के साथ इसके खुलने का समय सुबह दस बजे से शाम के साढ़े पांच बजे तक है और इंट्री तो यहाँ की  फ्री ऑफ़ कॉस्ट है ही ,तो कभी भी आया जाया जा सकता है। सो इसलिए हमलोग कुछ देर यहाँ घूमे फिर बाहर निकल कर पेट पूजा करी और दुबारा से यहाँ रखे हुए विमानों का आनन्द उठाया। कुछ विमानों के मॉडल आप लोग भी देखिये- 











                       ये सब देखते दिखाते शाम ही हो गयी थी,सो निकलने का टाइम हो गया और पूर्व निर्धारित तरीके से मेट्रो एवं बस की सवारी द्वारा हम लोग अपने होटल पहुँच गए। अगली पोस्ट पर मिलते हैं अगले वीकेंड की खबर के साथ,तबतक आप लोग इस पोस्ट को पढ़िए और ये जरूर बताईयेगा कि वृतांत कैसा लगा।  


तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-

Tuesday, 30 September 2014

USA trip-first international trip

                अमेरिकी वीसा प्राप्ति के सुखद अनुभव के बाद अब बारी है लगभग चौबीस घंटे की सफल हवाई यात्रा द्वारा संयुक्त राष्ट्र अमेरिका की  राजधानी वाशिंगटन डीसी की ,जो की पूर्ण रूप से बर्फ की सफ़ेद चादर से ढकी हुयी थी।

                 
              
           बैंगलोर से वाशिंटन डीसी की लगभग चौबीस घंटे की यात्रा की शुरुवात एतिहाद एयरवेज द्वारा प्रातः चार पैतालीस पर हो गयी थी, और जब हम डीसी पहुंचे तो घड़ी में टाइम हो रहा था शाम के पांच बजे का। हमारी डायरेक्ट फ्लाइट नहीं थी, सो बीच में पूरे चार घंटे का स्टॉप था अबु धाबी में। ये तो थी विमान के बैंगलोर से जाने और डीसी पहुँचने के समय की बात। अब भारत के अंदर तो हम विमान यात्रा करे हुए थे, अंतर्राष्ट्रीय विमान यात्रा होने के कारण सीटिंग अरेंजमेंट थोड़ा अलग सा लगा, इन विमानों को दो कि तीन हिस्सों में विभाजित किया होता है, दोनों खिड़कियो की तरफ दो-दो एवं मध्य में पांच लोगों के बैठने की जगह होती है , इतना ही नहीं हर यात्री के पास अपना अलग टीवी होता है,जिसमे पहले से डाली गयी फिल्मे,गाने और गेम खेल सकते हैं एवं भाषा की भी कोई समस्या नहीं होती,आप जिस भाषा में देखना चाहें उसका विकल्प चुन सकते हैं , बड़े तो बड़े छोटे बच्चों के लिए कार्टून की सुविधा भी रहती है :) , और अगर मन में जिज्ञासा हो कि हम कहाँ पर उड़ रहे हैं अभी तो वो भी देख सकते हैं।कुछ चित्र आप लोगों के लिए सलंग कर रहे हैं-
विमान के अंदर का सीटिंग अरेंजमेंट एवं सभी यात्रियो के टीवी (चित्र गूगल द्वारा )
इस तरह विमान की सहायता से करंट लोकेशन दिखायी जाती  है 
          एक अलग तरह के अनुभव के साथ चार घंटे बाद हम लोग अबु धाबी में थे,यहाँ पर एतिहाद एयरवेज बच्चों के लिए एयरपोर्ट के अनदर इस्तेमाल  करने के लिए स्ट्रोलर प्रदान करती है ,जो कि काफी आरामदायक होता है। यहाँ पर तगड़ी सुरक्षा जाँच के बाद हम लोगों को अधिकतम छह महीने के लिए अमेरिका में रहने की अनुमति मिल गयी थी। अबु धाबी का एयरपोर्ट में बोर्ड वगेरह हिंदी में लिखे हुए भी दिख रहे थे पर देखने में ये एयरपोर्ट काफी अच्छा था,यहाँ पर सुरक्षा जाँच में ही काफी समय लग गया था,  इसलिए  चार घंटे तो पलक झपकते ही निकल गए और हम एक बार फिर से पंद्रह घंटे की विमान  लिए निकल पड़े। मैप में अपनी लोकेशन देखते देखते, और पेट पूजा करते हुए धीरे धीरे यात्रा समाप्ति की ओर  अग्रसर हो रही थी और जब विमान के नीचे उतरने का समय नजदीक आया तो हम लोग खिड़की से बाहर दिखती हुयी धूप को देख कर समझ नहीं पा रहे थे कि वाकई में तापमान माइनस में है। इस तरह से पूरे चौबीस घंटे की यात्रा के बाद हम डीसी पहुँच ही गए। अब एयरपोर्ट में कस्टम वगेरह की औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद अपना सामान सही सलामत मिल गया। अब एक परेशानी सामने ये आ गयी कि इस सामान को ले कैसे जाएँ, क्यूंकि अपने देश में तो एयरपोर्ट में ट्रॉली फ्री ऑफ़ कॉस्ट मिलती है, पर यहाँ जब जेब ढीली करी जाय तभी ट्रॉली मिलेगी, दो डॉलर में ट्रॉली मिलनी थी और पास में सबसे छोटा नोट था सौ डॉलर का। अगर उसे मशिन में डालें तो बस सिक्कों की लाइन लग जाती:( 
        इसलिए जो महाशय हमको लेने के लिए आने वाले थे उनका इन्तजार करने के अलावा कोई चारा नहीं था। थोड़ी देर में वो मिल गए और हम लोग उनके साथ एयरपोर्ट से बाहर निकले,ये हमारी ठण्ड से पहली मुलाकात  थी। एयरपोर्ट के गेट से कार तक जाने तक में ही हाथ एक दम ठण्ड से जम गए थे। कार में बैठने के बाद थोड़ा जान में जान आई,करीबन आधे घंटे में हम लोग अपने होटल एक्सटेंड स्टे अमेरिका पहुँच गए थे। इतनी लम्बी यात्रा के कारण थकान ऐसी थी कि बिस्तर पर पड़े और कब आँख लगी पता ही नहीं लगा।  चौबीस घंटे की इस थकाने वाली यात्रा के इस अनुभव को विराम देते हुए, अगली पोस्ट पर जल्द ही मिलने के वादे के साथ आपसे विदा लेते हैं, ये यात्रा वृतांत आप लोगों को कैसा लगा जरूर बताइयेगा। 


तीन महीने के अमेरिका प्रवास की समस्त कड़िया निम्नवत हैं-